BJP Charge Sheet Committee Meeting
BJP Charge Sheet Committee MeetingRaj Express

राज्य सरकार के खिलाफ आरोप पत्र पेश करेगी भाजपा, समिति की बैठक में लिया निर्णय

BJP Charge Sheet Committee Meeting: अजय चंद्राकार ने कहा कि, कांग्रेस और भूपेश सरकार चाहे जितने जतन कर ले, भाजपा के अविश्वास प्रस्ताव पर उसे चर्चा भी करानी पड़ेगी।

हाईलाइट्स

  • भाजपा की आरोप पत्र समिति बैठक संपन्न।

  • कांग्रेस को घेरने आरोप पत्र पेश करेगी भाजपा।

  • भाजपा के आला नेता हुए शामिल।

BJP Charge Sheet Committee Meeting: छत्तीसगढ़ में चुनाव को मद्देनजर रखते हुए भाजपा ने राज्य सरकार को घेरने की तैयारी कर ली है। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी के आला नेताओं ने कांग्रेस के खिलाफ आरोप पत्र पेश करने का निर्णय लिया है। यह निर्णय भाजपा के आला नेताओं ने प्रदेश भाजपा आरोप पत्र समिति बैठक में लिया।

कांग्रेस को घेरेगी भाजपा

कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संपन्न हुई बैठक के विषय में बताते हुए प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा है कि, कांग्रेस की प्रदेश सरकार रोज एक नया भ्रष्टाचार कर रही है, रोज एक नया आरोप प्रदेश सरकार पर लग रहा है, रोज एक नया मुद्दा प्रदेश सरकार देती है जो जनविरोधी होता है। इस सरकार की वादाखिलाफी, भ्रष्टाचार, माफियाराज, नशे का गढ़ आदि अनेक मुद्दों को लेकर भाजपा की आरोप पत्र समिति विस्तार से आरोप पत्र तैयार कर रही है जिसे पार्टी जारी करेगी।

बीजेपी की इस बैठक में चुनाव प्रभारी ओम माथुर, प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन , प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव,पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह घोषणापत्र समिति के संयोजक विजय बघेल इस बैठक में मौजूद रहे।

पूरे प्रदेश का विश्वास खो चुकी है कांग्रेस : अजय चंद्राकर

भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व मंत्री व आरोपपत्र समिति के संयोजक अजय चंद्राकर ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार अपनी वादाखिलाफी, घपलेबाजी और नाकामियों के कारण पूरे प्रदेश का विश्वास खो चुकी है और अगले विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता-जनार्दन भूपेश सरकार के प्रति अविश्वास पर अपनी मुहर लगाने जा रही है। विधानसभा के मानसून सत्र में जनभावनाओं का सम्मान करते हुए भाजपा विधायक दल अविश्वास प्रस्ताव ला रहा है।

आरोपपत्र समिति के संयोजक चंद्राकर ने दावा करते हुए कहा कि, अविश्वास प्रस्ताव में अपने अकाट्य आरोपों से न केवल प्रदेश सरकार को निरुत्तर कर बगलें झांकने को विवश कर देगा, अपितु कांग्रेस व उसकी राज्य सरकार के विरुद्ध चैतन्य जनमत का निर्माण भी करेगा। कांग्रेस और भूपेश सरकार चाहे जितने जतन कर ले, भाजपा के अविश्वास प्रस्ताव पर उसे चर्चा भी करानी पड़ेगी।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com