छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल गठन पर CM विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह का बयान
हाइलाइट्स-
छत्तीसगढ़ में साय मंत्रिमंडल का हुआ गठन।
राज्यपाल भवन में 9 विधायकों ने ली शपथ।
CM विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह का बयान।
रायपुर, छत्तीसगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंत्रिमंडल का आज गठन हो गया है। मंत्रिमंडल में नौ नए मंत्रियों को शामिल किया है। सीएम ने राज्यपाल भवन में नौ कैबिनेट मंत्रियों के नामों की घोषणा की जिसके बाद सभी विधायकों ने बारी-बारी से शपथ ली। इसी बीच मंत्रिमंडल गठन पर CM विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह का बयान सामने आया है।
CM विष्णु देव साय ने कही यह बात:
छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल में 9 नए कैबिनेट मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह पर राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि, ''सभी मंत्री छत्तीसगढ़ के विकास के लिए काम करेंगे। सभी को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं।''
रमन सिंह ने कही यह बात:
कैबिनेट विस्तार पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने कहा कि, "नौ मंत्रियों को बधाई। सभी अच्छा काम करेंगे और घोषणापत्र का क्रियान्वयन करेंगे।"
अपने सोशल मीडिया एकाउंट X पर डॉ. रमन सिंह ने लिखा है कि, "छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के नए मंत्रिमंडल में शामिल हुए रायपुर दक्षिण के विधायक बृजमोहन अग्रवाल, रामानुजगंज विधायक रामविचार नेताम, नारायणपुर विधायक केदार कश्यप, रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी, नवागढ़ विधायक दयालदास बघेल, मनेंद्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल, भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े, बलौदाबाज़ार विधायक टंकराम वर्मा और कोरबा विधायक लखनलाल देवांगन को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं।"
इन 9 विधायकों ने ली शपथ:
आपको बता दें कि, भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने मंत्री पद की शपथ ले ली है। भाजपा विधायक रामविचार नेताम, दयालदास बघेल, केदार कश्यप, लखनलाल देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, ओपी चौधरी, टंकराम वर्मा और लक्ष्मी राजवाड़े ने भी शपथ ले ली है। सरगुजा संभाग से सबसे ज्यादा मंत्री बने हैं, जिसके सीएम खुद शामिल हैं। इस संभाग से मुख्यमंत्री साय, रामविचार नेताम, श्याम बिहारी जायसवाल और लक्ष्मी राजवाड़े शामिल हैं।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।