CM पुष्कर ने CM कैंप कार्यालय के मुख्य सेवक सदन में महिला अधिकारिता और सुरक्षा सप्ताह का किया उद्घाटन
उत्तराखंड, भारत। उत्तराखंड के देहरादून में आज गुरुवार को महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा सप्ताह का शुभारम्भ एवं 'महिला भागीदारी को प्रोत्साहन' कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें CM पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए और उन्होंने CM कैंप कार्यालय के मुख्य सेवक सदन में महिला अधिकारिता और सुरक्षा सप्ताह का उद्घाटन किया।
समाज की कल्पना नारी शक्ति के बिना अधूरी है :
CM कैंप कार्यालय के मुख्य सेवक सदन में महिला अधिकारिता और सुरक्षा सप्ताह के उद्घाटन के मौके पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम को संबोधित भी किया और अपने संबोधन में उन्होंने मातृशक्ति और बहनों को नमन करते हुए कहा- आज इस महिला सशक्तीकरण एवं सुरक्षा सप्ताह के शुभारंभ कार्यक्रम में उपस्थित समस्त मातृशक्ति और बहनों को मैं नमन करता हूं। समाज की कल्पना नारी शक्ति के बिना अधूरी है। किसी भी राज्य की तरक्की को मातृशक्ति ही सुनिश्चित करती है। इस प्रदेश को बनाने और आगे बढ़ाने में मातृशक्ति का अहम योगदान है।
हमारे पुराणों में भी कहा गया है कि यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः। आज समय आ गया है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
CM पुष्कर सिंह धामी ने आगे यह भी कहा, आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हमारा प्रयास है कि मातृशक्ति के जीवन स्तर को ऊपर उठाया जाए। हमारी सरकार द्वारा महिलाओं के कल्याण के लिए आज लखपति दीदी समेत कई योजनाएं चलाई जा रही हैं।
प्रदेश के अनेक जिलों में मातृशक्ति द्वारा होम स्टे संचालित किए जा रहे हैं। हमारा प्रयास शिक्षा, खेल, सामाजिक न्याय समेत सभी क्षेत्रों में महिलाओं को सशक्त बनाना है।
डबल इंजन की सरकार में सबसे पहली प्राथमिकता महिलाओं को दी गई है।प्रदेश को बनाने में मातृ शक्ति का योगदान है। यहां बहुत कठिन परिस्थितियां हैं और ऐसे में हम मातृ शक्ति के लिए 30% आरक्षण का विधेयक लाए हैं।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।