भारत मे COVID-19 का आंकड़ा 1300 पार
भारत मे COVID-19 का आंकड़ा 1300 पारSocial Media

कोरोनावायरस! भारत में COVID-19 का आंकड़ा 1300 पार, 37 की मौत

कोरोना वायरस से संक्रमित लोगो का आंकड़ा 1000 पार कर चुका है, COVID-19 से बचाव के लिए पीएम ने देशभर में 21 दिन के लॉकडाउन का आह्वान किया हैं, देश की आज की स्थिति जानें इस रिपोर्ट में...

राज एक्सप्रेस। देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजो की संख्या 1328 हो गई है, जबकि 37 की मौत हो चुकी है। साथ ही 107 लोग ठीक हो चुके है।

दिल्ली में जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम को क्वारन्टीन सेंटर बनाया जाएगा। दिल्ली सरकार ने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम को क्वारन्टीन सेंटर बनाए जाने का आदेश दिया है।

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 17 नए पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 220 पहुंच गई है। लॉकडाउन के बीच हरियाणा के गुरुग्राम से राहत की खबर सामने आई है। गुरुग्राम के चीफ मेडिकल अधिकारी ने बताया कि गुरुग्राम में बीते 6 दिनों से कोई भी कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज सामने नहीं आया है जबकि 10 पॉजिटिव मरीजों में से 6 का इलाज हो चुका है।

जम्मू कश्मीर में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। आज एक दिन में जम्मू कश्मीर में 11 पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही जम्मू कश्मीर में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या बढ़कर 49 हो गई है।

राजस्थान के भीलवाड़ा में 3 अप्रैल से 13 अप्रैल तक सख्त कर्फ्यू लगाया जाएगा।इस अवधि के दौरान मीडियाकर्मियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी जाना मना रहेगा।

यूपी में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। अब नोएडा में 4 नए मरीज मिले हैं। वहीं दो साल के एक बच्चे में भी कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है।

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस का कहर देखने को मिल रहा है। अब महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के कारण 10वीं मौत हो चुकी है। मुंबई में 80 वर्षीय एक शख्स की कोरोना वायरस के कारण मौत हो गई। वहीं महाराष्ट्र में अब तक कोरोना वायरस के 216 मरीजों की पहचान हो चुकी है।

मध्य प्रदेश के इंदौर में कोरोना वायरस के कारण दूसरी मौत हुई है। अभी तक इंदौर में कोरोना वायरस के 27 पॉजिटिव मामले मिले हैं। राज्य में कोरोना से संक्रमितों की संख्या 47 है, जबकि 4 लोगो की मौत हो चुकी है।

भारत में लॉकडाउन का असर दिख रहा है। 100 से 1000 केस होने में भारत को 12 दिन लगे, जबकि दूसरे देशों में ये आंकड़ा इस दौरान 5-6 हजार था। हालांकि इस वक्त स्थिति यह है कि एक भी चूक हमारे लिए भारी पड़ सकती है। एम्स अस्पतालों की तैयारियों को बेहतर बनाने के लिए ट्रेनिंग दे रहा है। वहीं मिनिस्ट्री ऑफ स्किल डेवलपमेंट ने अपने सभी संस्थानों और हॉस्टल के साथ ही एक लाख कर्मचारी कोविड-19 से निपटने के लिए दिए हैं: स्वास्थ्य मंत्रालय

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को देश के कई साधु-संतों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से बात की। कोरोना वायरस को लेकर कैसे देश में जागरूकता फैलाई जा सकती है, इसको लेकर पीएम ने चर्चा की। इस चर्चा में योगगुरु रामदेव, RSS के भैयाजी जोशी समेत अन्य कई महानुभाव शामिल हुए।

मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 47 हो गई है, जबकि 2 लोगो की मौत हो चुकी है। प्रदेश के भोपाल में 3, इंदौर में 27, जबलपुर 8, ग्वालियर में 2, शिवपुरी में 2, उज्जैन में 5 संक्रमित मरीज है

दिल्ली के लोकनायक अस्पताल और जीबी पंत अस्पताल में काम करने वाले डॉक्टरों को अब होटल ललित में ठहराया जाएगा। राज्य सरकार की ओर से सौ कमरों को बुक किया गया है, जिसका खर्चा राज्य सरकार ही उठाएगी। बीते दिनों दिल्ली के कई इलाकों में डॉक्टरों को परेशानी की खबरें सामने आई थीं, जहां लोग उनके कोरोना वायरस मरीज के संपर्क में आने के कारण किराए के कमरे में एंट्री नहीं दे रहे थे।

आंध्र प्रदेश में कोरोना वायरस के दो और मामले सामने आए हैं। राज्य के काकीनाडा में 49 वर्षीय पुरुष और राजामुंदरी में 72 वर्षीय पुरुष कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। राज्य में इसी के साथ कोरोना पीड़ितों की संख्या 23 पहुंच गई है। वहीं सोमवार सुबह जम्मू डिविजन में कोरोना वायरस से जुड़े तीन नए मामले सामने आए हैं। राज्य में कोरोना पीड़ितों की संख्या 41 पहुंच गई है।

पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस से संक्रमित 54 वर्षीय महिला की मौत हो गई है। यह राज्य में कोरोना से संक्रमित दूसरी मौत है। वही कोरोना संक्रमितों की संख्या 21 हो चुकी है।

गुजरात में सोमवार सुबह एक 45 वर्षीय महिला ने कोरोना वायरस के चलते दम तोड़ दिया। गुजरात के भावनगर में ये कोरोना के चलते हुई दूसरी मौत है। राज्य में अबतक 6 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, जबकि कुल मामलों की संख्या 69 पहुंच गई है।

देश में कोरोना वायरस पीड़ितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। सोमवार सुबह मध्य प्रदेश के इंदौर से कोरोना वायरस के 8 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से 7 लोग इंदौर और एक उज्जैन के निवासी है, जो कि कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए गए हैं।

लॉकडाउन की वजह से काम और खाने-पीने के संकट में आए हजारों मजदूरों और गरीब लोगों ने दिल्ली-एनसीआर से प्रवास किया। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग पैदल ही घर लौटते नज़र आए, जिसके बाद कुछ बसों का इंतजाम करवाया गया। अब ये मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा है, जहां प्रवासी मजदूरों की मदद, उनकी वापसी के लिए प्रशासन को निर्देश देने की अपील की गई है।

दिल्ली में कोरोना वायरस के जो 23 नए पॉजिटिव मामले आये हैं, उनमें 17 मरीज आरएमएल अस्पताल में भर्ती हैं। इन 17 मरीजों में 6 मरीज अंडमान के हैं, 4 मरीज ऐसे हैं जिनकी ट्रेवल हिस्ट्री थी, जबकि 2 मरीज ऐसे हैं जो पॉजिटिव कोरोना वायरस व्यक्ति के संपर्क में आए थे।वहीं बाकी 5 मरीज के बारे में फिलहाल विस्तृत जांच जारी है।

 कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में डॉक्टर और नर्स सीधी लड़ाई लड़ रहे हैं। इस बीच दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में कोविड-19 के मरीज के संपर्क में आने के बाद डॉक्टर, नर्स और कुछ मरीजों को क्वारन्टीन किया गया है।

कोलकाता में सेना के कमांड अस्पताल में एक कर्नल रैंक के डॉक्टर को COVID-19 से पॉजिटिव पाया गया है। जानकारी के मुताबिक हाल ही में डॉक्टर दिल्ली में था। फिलहाल डॉक्टर को क्वारनटीन किया गया है और जरूरी सावधानियां बरती जा रही हैं।

देश मे कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा महाराष्ट्र और केरल में बढ़ता जा रहा है। केरल और  महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मामले 200 के पार पहुंच गए हैं। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के अब तक 203 पॉजिटिव केस हो चुके हैं। वहीं केरल में 202 पॉजिटिव केस हो गए है।

 दिल्ली के सीएम अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि  जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लॉकडाउन की घोषणा की तो उन्होंने कहा, 'आप जहां हैं वहीं रहें'. मुझे लगता है कि यह इस लॉकडाउन का मंत्र है, अगर हम इसका पालन नहीं करते हैं तो लॉकडाउन सफल नहीं होगा और देश इस वायरस के खिलाफ लड़ाई में विफल रहेगा।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों के स्वास्थ्य सचिवों से बात कर मरीजों के लिए बेड की संख्या बढ़ाने के लिए कहा है। हम विदेशों से भी वेंटिलेटर और मास्क लाने के लिए कोशिश कर रहे हैं। देश के अंदर और देश के बाहर दोनों स्तर पर कोशिश शुरू कर दी है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कोविड-19 से लड़ने के लिए PM-CARES कोष में रक्षा मंत्रालय के कर्मचारियों की ओर से एक दिन के वेतन के योगदान के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। ऐसा अनुमान है कि थल सेना, नौसेना, वायु सेना, रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और अन्य विभिन्न विंगों के फंड से रक्षा मंत्रालय द्वारा सामूहिक रूप से लगभग 500 करोड़ रुपये प्रदान किए जाएंगे।

रेल मंत्रालय ने ऐलान किया है कि कोरोना वायरस से लड़ने के लिए वह पीएम केयर्स फंड में 151 करोड़ रुपये देगा। इसका ऐलान रेल मंत्री पीयूष गोयल ने किया।

  गाजियाबाद में पति-पत्नी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। दोनों ही आइसोलेशन में रखा गया है। नोएडा में कोरोना वायरस संक्रमितों के 4 नए केस सामने आए हैं। इन नए मरीजों के साथ ही यहां अब तक कुल संख्या 31 तक पहुंच गई है।

राजस्थान में ईरान से लाए गए 275 भारतीय नागरिकों का एक और समूह जोधपुर पहुंचा। उन्हें भारतीय सेना के वेलनेस सेंटर में रखा जाएगा।

 केंद्र सरकार ने राज्य सरकारों को लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया है। इसके लिए कैबिनेट सेक्रेटरी राज्य के प्रमुख सचिवों और डीजीपी के संपर्क में हैं। देखा जा रहा है कि कई राज्यों में लोग सड़कों पर उतरे हैं और लॉकडाउन का पालन नहीं कर रहे। इसे देखते हुए सरकार ने यह निर्देश जारी किया है।

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। रविवार को मुंबई में एक मरीज की मौत हो गई।इसी के साथ प्रदेश में मृतकों का आंकड़ा 7 हो गया। मृतक 40 साल की महिला थी।

लखनऊ में रेलवे के स्तर पर भी कोरोना संक्रमण को रोकने और विपरीत परिस्थितियों में मदद करने के लिए तैयारी की जा रही है।इसके तहत मरीज़ों के लिए रेल कोच में आइसोलेशन बेड बनाए जा रहे हैं। अगर इमरजेंसी में आवश्यकता पड़े तो मरीज़ों का उपचार यहां भी किया जा सकेगा।

 महाराष्ट्र में कोरोना वायरस की मार सबसे ज्यादा पड़ी है। यहां हर दिन नए-नए मरीज सामने आ रहे हैं। इस बीच कोरोना वायरस को लेकर अफवाह फैलाने के जुर्म में 36 एफआईआर दर्ज की गई है।

इंदौर में 5 और नए मरीजों का पता चला। इनमें 4 स्थानीय हैं जबकि एक मरीज उज्जैन का है। मध्य प्रदेश में कुल मरीजों की संख्या 39 हुई। राज्य में भोपाल 3, जबलपुर 8, शिवपुरी 2, ग्वालियर 1, उज्जैन 1, इंदौर 24 में संक्रमित मरीज है, जबकि 2 लोगो की मौत हो चुकी है।

गुजरात के अहमदाबाद में कोरोना वायरस से पीड़ित 45 साल के एक शख्स की मौत हो गई । इसी के साथ गुजरात में अब तक 5 लोगों की जान चली गई है। इससे पहले कश्मीर में एक मरीज की मौत हो गई। वहां भी दो लोगों की मौत हो चुकी है।

सीमा सुरक्षा संगठन यानी बीएसएफ में कोरोना पॉजिटिव का केस सामने आया है। मध्य प्रदेश के टनकपुर में तैनात एक बीएसएफ अफसर कोरोना पॉजिटिव मिला है। बताया जा रहा है कि अफसर की पत्नी 15 दिन पहले ब्रिटेन से लौटी थी। यह अफसर 15 से 19 मार्च के बीच एडीजी, आईजी रैंक के अधिकारियों के साथ कई बैठकें कर चुका है। अब सभी अफसरों को क्वारनटीन किया गया है।

देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों का आंकड़ा तेज़ी से बढ़ता जा रहा है। देश मे कोरोना संक्रमितों की संख्या1200 हो चुकी गई है, जबकि 29 लोगो की मौत हो चुकी है। साथ ही 96 लोग ठीक हो चुके है। महाराष्ट्र और केरल में कोरोना से संक्रमित सबसे ज्यादा मरीज पाये गए है। कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए पीएम मोदी द्वारा सम्पूर्ण देश में 21 दिन लॉकडाउन की घोषणा की गई है। देश के कई राज्यों में कर्फ्यू लगाया गया है। देशभर में लॉकडाउन और कर्फ्यू लागू करवाने के लिए पुलिस सड़कों पर है। पुलिस बैरिकेडिंग कर सिर्फ जरूरी कामों के लिए लोगों को आने जाने की इजाजत दे रही है।

लॉकडाउन के चलते देशभर में मजदूरों का अपने-अपने घर के लिए पलायन एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है। इससे निपटने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों ने कई कदम उठाए हैं। दिल्ली एनसीआर का हाल बुरा है, जहां मजदूर, रिक्शाचालक और फैक्ट्री कर्मचारी अपने अपने गांव की ओर लौटने के लिए हजारों की तादाद में निकल पड़े हैं। लेकिन सिर्फ दिल्ली एनसीआर नहीं बल्कि देश के दूसरे छोटे बड़े शहरों से भी लोगों का पलायन यूं ही जारी है।

देशभर में किन राज्यों में कितनी मौत:-

महाराष्ट्र - 11

दिल्ली - 2

कर्नाटक - 3

पंजाब - 2

बिहार - 1

प.बंगाल - 2

गुजरात - 6

हिमाचल प्रदेश - 1

तमिलनाडु - 1

मध्यप्रदेश - 3

जम्मू-कश्मीर - 1

राजस्थान - 1

केरल - 1

तेलंगाना - 2

देशभर के किस राज्य में कितने कोरोना संक्रमित मरीज:-

महाराष्ट्र - 221, केरल - 234, कर्नाटक - 88,

राजस्थान - 66, उत्तर प्रदेश - 96, तेलंगाना - 70,

दिल्ली - 97, गुजरात - 70, हरियाणा- 36,

पंजाब- 41, लद्दाख - 13, तमिलनाडु - 67,

चंडीगढ़ - 7, पश्चिम बंगाल- 22, आंध्रप्रदेश - 23,

मध्यप्रदेश - 47, जम्मू-कश्मीर - 49, उत्तराखंड - 7

हिमाचल प्रदेश - 3, बिहार - 15, ओडिशा - 3

पुडुचेरी - 1, छत्तीसगढ़ - 13, मणिपुर - 1,

मिजोरम- 1, अण्डमान निकोबार- 13, गोवा- 5 समेत झारखण्ड, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, असम, सिक्किम, में लॉकडाउन किया गया है।

ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com