राहुल गांधी की 'शक्ति' वाले बयान पर विवाद, कई नेताओं ने दी अपनी प्रतिक्रिया

लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के शक्ति पर दिए बयान पर विवाद खड़ा हो गया है। इस मुद्दे पर कई नेताओं के बयान सामने आए हैं।
राहुल गांधी की 'शक्ति' वाले बयान पर विवाद
राहुल गांधी की 'शक्ति' वाले बयान पर विवादRE

हाइलाइट्स-

  • राहुल गांधी की 'शक्ति' वाले बयान पर बढ़ा विवाद।

  • 'शक्ति' वाले बयान पर कई नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।

दिल्ली, भारत। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के शक्ति पर दिए बयान पर विवाद खड़ा हो गया है। वहीं, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के शक्ति पर दिए बयान पर मचे घमासान के बीच अब पार्टी उनके बचाव में आ गई है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर निशाना साधा है।

कांग्रेस ने किया समर्थन:

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि, "यह चुनाव दैवी शक्ति और आसुरी शक्ति के बीच होगा और जीत दैवी शक्ति की होगी। राहुल गांधी की भी जीत होगी। इसके अलावा पवन खेड़ा ने कठुआ, उन्नाव, हाथरस कांड का जिक्र कर केंद्र सरकार पर हमला बोला। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो भी शेयर किया है।"

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 'शक्ति' टिप्पणी पर पूर्व कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि, "राहुल गांधी को खुद नहीं पता कि, वह किस बारे में बात कर रहे हैं, उन्हें यह भी नहीं पता कि वह ऐसा क्यों कह रहे हैं, वह बस कहते हैं। राहुल गांधी को नहीं पता कि 'शक्ति' और 'भक्ति' क्या है। उनके साथ कुछ लोग हैं, जो उन्हें बर्बाद करने की कोशिश कर रहे हैं। वे उन्हें एक कागज का टुकड़ा देते हैं और वह उसे पढ़ते रहते हैं। राहुल गांधी को खुद सोचने की जरूरत है कि, वह ये बातें क्यों कह रहे हैं और इसका मतलब क्या है। उन्हें सोचने की जरूरत है और उन्हें खुद को साफ करने की जरूरत है कि, क्या वह हिंदू धर्म के खिलाफ बीजेपी के खिलाफ हैं।"

वहीं, राहुल गांधी के शक्ति वाले बयान का कांग्रेस नेता उदित राज ने समर्थन किया। कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि, "यह देश का मुद्दा बन गया है। राजा की जान ईवीएम, ईडी, सीबीआई और आईटी में। ईडी और सीबीआई से लोग डरने लगे हैं और वे या तो राजनीति छोड़ रहे हैं या फिर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। यही बात व्यवसायियों पर भी लागू होता है। हम लंबे समय से ही ईवीएम के मुद्दे पर संघर्ष कर रहे हैं।"

भाजपा नेताओं ने किया पलटवार:

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के शक्ति वाले बयान पर भाजपा नेता नलिन कोहली ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि, "राहुल गांधी के बयान से साफ है कि उन्हें मतदाताओं पर भरोसा नहीं है। वह अनादर के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। उन्होंने (जनता) पीएम मोदी को दो बार वोट दिया, क्योंकि उन्होंने उन्हें प्रधान सेवक के तौर पर देखा है, जिन्होंने पूरे देश को अपना परिवार है।"

वहीं, राहुल गांधी के इस बयान पर महाराष्ट्र के भाजपा अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बयान देते हुए कहा कि, "हिंदू धर्म एक ऐसी शक्ति है, जो पूरी दुनिया को एकसाथ ला सकती है। जिस तरह से राहुल गांधी ने पीएम मोदी और हिंदू धर्म के बारे में कहा, लोग उन्हें नहीं छोड़ेंगे।"

भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पर साधा निशाना:

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के शक्ति के खिलाफ लड़ाई वाले बयान की आलोचना करते हुए, भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस सांसद पर 'स्त्रीद्वेषी' विचार व्यक्त करने का आरोप लगाया। उन्होंने इस मामले पर बयान देते हुए कहा कि, "इंडी गठबंधन के कई सदस्यों ने कहा है कि हिंदू धर्म धोखाधड़ी है। रामचरितमानस पोटेशियम साइनाइड है। भगवान राम के अस्तित्व को नकारने से लेकर शक्ति के बारे में बयान देने तक, कांग्रेस पार्टी का हिंदू घृणा का एक लंबा इतिहास है।"

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com