अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचार, निकम्मेपन और झूठे वादे के लिए जाने जाते: भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया
हाइलाइट्स :
नई दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया की PC
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया का CM अरविंद केजरीवाल पर हमला
दिल्ली के लिए सबसे ज्यादा खतरनाक व्यक्ति केजरीवाल हैं,: गौरव भाटिया
दिल्ली, भारत। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने आज नई दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा, अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचार के लिए जाने जाते हैं और अब निकम्मेपन और झूठे वादे के लिए भी जाने जाते हैं। दम घोटकू प्रदूषण दिल्ली में है और ये प्रदूषण आम जनता के लिए खतरनाक है, लेकिन दिल्ली के लिए सबसे ज्यादा खतरनाक व्यक्ति केजरीवाल हैं, क्योंकि इनका मकसद है ओछी और घटिया राजनीति। हवाओं में जो प्रदूषण का कहर है, ये केजरीवाल के निकम्मेपन का कहर है। एक ऐसा मुख्यमंत्री दिल्ली में है, जिसको सिर्फ रुपया कमाने से मलतब है। उसको अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाहन करने से कोई मतलब नहीं है।
3 नवंबर, 2022 एक साल पहले, इसी तरह का प्रदूषण था। केंद्र सरकार पूरी सहायता कर रही थी, पंजाब की सरकार को भी और दिल्ली की सरकार को भी कि, आप ठोस कदम उठाइए प्रदूषण नियंत्रित होगा। लेकिन निकम्मे केजरीवाल और पंजाब सरकार ने वह कदम नहीं उठाया।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया
ठीक एक साल पहले, 3 नवंबर, 2022 को अरविंद केजरीवाल ने स्वीकार किया था कि, पंजाब में पराली जलाने के लिए वह जिम्मेदार हैं। उन्होंने पराली जलाने की समस्या के समाधान के लिए एक साल का समय मांगा। एक साल पूरा हो गया और उन्होंने प्रदूषण से मुक्ति के लिए कुछ नहीं किया।
आज से एक साल पहले, 3 नवंबर 2022 को पंजाब सरकार के लिए केजरीवाल ने कहा था, "6 महीने हुए हैं, बहुत वर्षों से ये समस्या चल रही है। एक साल और दे दो, अगले साल इसे ठीक करके दिखा देंगे।" एक साल पूरा हो गया जी... कागज पर हर समस्या का समाधान है केजरीवाल के पास, लेकिन कुछ समय बाद वह समाधान इन्हें याद दिलाओ तो ये गजनी बन जाते हैं।
दिल्ली सरकार के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय से एक सवाल पूछा गया कि दिल्ली में प्रदूषण इतना बढ़ गया है आप क्या कर रहे हैं? तब इन्होंने कहा कि पंजाब में कांग्रेस सरकार के कारण दिल्ली में प्रदूषण बढ़ गया है और आज जब पंजाब में AAP की सरकार है तो कहते है कि केंद्र सरकार के कारण दिल्ली में प्रदूषण बढ़ रहा है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।