मल्लिकार्जुन खड़गे ने PM को लिखा पत्र और कहा- सरकारी अफसरों और फौजियों को प्रचार में लगाना ठीक नहीं
हाइलाइट्स :
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने PM नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा
सिविल सेवा के अधिकारियों और सैनिकों के राजनीतिकरण को लेकर लिखा पत्र
सरकारी अफसरों और फौजियों को प्रचार में लगाना ठीक नहीं है: मल्लिकार्जुन खड़गे
दिल्ली, भारत। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से आज रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखा है। जो सिविल सेवा के अधिकारियों और सैनिकों का राजनीतिकरण को लेकर है। इस दौरान उन्होंने सिविल सेवा के अधिकारियों और सैनिकों — जिन्हें हमेशा स्वतंत्र और राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए की बात कहीं है।
सरकारी अफसरों और फौजियों को प्रचार में लगाना ठीक नहीं है :
दरअसल, कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि, मोदी सरकार द्वारा सिविल सेवा के अधिकारियों और सैनिकों का राजनीतिकरण किया जा रहा है। इसी के विरोध में PM नरेंद्र मोदी को लिखे अपने पत्र पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "सरकारी अफसरों और फौजियों को प्रचार में लगाना ठीक नहीं है। मोदी सरकार ने आदेश दिया है कि संयुक्त सचिव, उप निदेशक, उप सचिव जो भी अफसर ज़िले में होंगे वे रथ प्रभारी बनेंगे... मैंने पहली बार देखा कि किसी कार्यक्रम के लिए अफसरों का इस्तेमाल हो रहा है... हम इसकी निंदा करते हैं, इसलिए इस संबंध में मैंने पत्र लिखा है।"
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने किया ट्वीट-
मोदी सरकार हमेशा सिर्फ़ प्रचार में ही लगी रहती है। जब उनके ख़िलाफ़ देश में एक माहौल बन रहा है, तब उन्होंने एक आदेश निकाला है कि अफ़सर, अब उनकी सरकार के प्रचार के लिए "रथ प्रभारी" बनेंगे। अब वो सरकारी काम छोड़ कर सरकार की रथ यात्रा निकालेंगे। इससे पहले फ़ौजियों को भी आदेश दे दिया है कि जब वो छुट्टी पर घर जायें तो सरकारी योजनाओं का प्रचार करें। जो हमारे जाँबाज़ फ़ौजी अपने घर जाते हैं तो परिवार के साथ रहते हैं, आराम करते हैं, अपनी पारिवारिक ज़िम्मेदारियों को पूरा करते हैं। सरकारी अफ़सरों का काम रथ यात्रा निकालना नहीं है, फ़ौजी का काम सरकार का प्रचार करना नहीं है। ऐसा पहली बार हो रहा है कि अफ़सरों और फ़ौजियों का इस तरह से कोई सरकार प्रचार के लिए इस्तेमाल कर रही है। अपनी योजनाओं के प्रचार के लिए फ़ौजियों और अफ़सरों का इस्तेमाल मत कीजिये। भाजपा ये सब करवा कर देश को कमज़ोर कर रही है, लोकतांत्रिक सिस्टम को ख़त्म कर रही है। इसीलिए हमने प्रधानमंत्री जी को पत्र लिखा है और इन आदेशों को तुरंत वापस लेने का आग्रह किया है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।