राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2023 के विजेताओं से PM मोदी की बातचीत
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2023 के विजेताओं से PM मोदी की बातचीत Raj Express

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2023 के विजेताओं से PM नरेंद्र मोदी की बातचीत

शिक्षक दिवस के एक दिन पहले आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2023 के विजेताओं के साथ बातचीत की।

हाइलाइट्स :

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2023 के विजेताओं के साथ बातचीत की।

  • बातचीत में 75 पुरस्कार विजेताओं ने भाग लिया।

  • प्रधानमंत्री ने देश के युवा दिमागों को विकसित करने में शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।

दिल्ली, भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिक्षकों का आह्वान किया है कि वे देश के युवाओं को स्थानीय विरासत, इतिहास और संस्कृति से अवगत कराने के साथ साथ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विशेष रूप से रिसाइकलिंग के बारे में जागरूक बनाएं। शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7, लोक कल्याण मार्ग पर राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2023 के विजेताओं के साथ बातचीत की। बातचीत में 75 पुरस्कार विजेताओं ने भाग लिया।

प्रधानमंत्री ने देश के युवा दिमागों को विकसित करने में शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अच्छे शिक्षकों के महत्व और देश की नियति को आकार देने में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को जमीनी स्तर पर उपलब्धि हासिल करने वालों की सफलता के बारे में शिक्षित करके प्रेरित करने के महत्व पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री ने हमारी स्थानीय विरासत और इतिहास पर गर्व करने की बात की और शिक्षकों से छात्रों को अपने क्षेत्र के इतिहास और संस्कृति के बारे में जानने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। देश में विविधता की ताकत पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने शिक्षकों से अपने स्कूलों में देश के विभिन्न हिस्सों की संस्कृति और विविधता का जश्न मनाने का अनुरोध किया।

चंद्रयान-3 की हालिया सफलता पर चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी के बारे में छात्रों में जिज्ञासा को प्रोत्साहित करने के महत्व को रेखांकित किया क्योंकि 21वीं सदी प्रौद्योगिकी संचालित सदी है। उन्होंने युवाओं को कुशल बनाने और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करने के महत्व के बारे में भी बात की।

मिशन लाइफ के बारे में बात करते हुए प्रधानमंत्री ने उपयोग और फेंक संस्कृति के विपरीत रीसाइक्लिंग के महत्व पर चर्चा की। कई शिक्षकों ने प्रधानमंत्री को अपने स्कूलों में होने वाले स्वच्छता कार्यक्रमों के बारे में भी जानकारी दी। इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने शिक्षकों को अपने पूरे करियर में लगातार सीखने और अपने कौशल को उन्नत करने की सलाह दी।

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार का उद्देश्य देश के कुछ बेहतरीन शिक्षकों के अनूठे योगदान का जश्न मनाना और उन शिक्षकों को सम्मानित करना है, जिन्होंने अपनी प्रतिबद्धता से न केवल शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार किया है, बल्कि अपने छात्रों के जीवन को भी समृद्ध बनाया है। इस वर्ष, पुरस्कार का दायरा बढ़ा दिया गया है, जिसमें पहले स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग द्वारा चयनित शिक्षकों को शामिल किया गया था, अब इसमें उच्च शिक्षा विभाग और कौशल विकास मंत्रालय द्वारा चयनित शिक्षकों को भी शामिल किया गया है।

75 शिक्षकों को दिया जाएगा पुरस्कार :

कल 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस बार विज्ञान भवन, नई दिल्ली में 75 चयनित पुरस्कार विजेताओं को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2023 प्रदान करेंगी। प्रत्येक पुरस्कार में योग्यता प्रमाण पत्र के साथ नकद पुरस्कार दिया जायेगा, जिसमें 50,000 और एक रजत पदक मिलेगा। इस बारे में केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने अपने एक बयान में कहा कि, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 5 सितंबर 2023 को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में 75 चयनित पुरस्कार विजेताओं को 'राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2023' से पुरस्कृत करेंगी।

बता दें कि, हर साल, स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग, शिक्षा मंत्रालय एक कठोर और पारदर्शी प्रक्रिया में चुने गए देश के सर्वश्रेष्ठ शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया जाता है। 5 सितंबर को भारत के पूर्व राष्ट्रपति सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती को राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य देश में शिक्षकों के अद्वितीय योगदान को प्रोत्साहित करना और उन सभी शिक्षकों को सम्मानित करना है, जिन्होंने अपनी प्रतिबद्धता और समर्पण के माध्यम से न केवल शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार किया है बल्कि अपने छात्रों के जीवन को भी समृद्ध बनाया है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com