द्रौपदी मुर्मू आज करेंगी राष्ट्रपति पद के लिए नामांकन, पीएम समेत कई नेता रहेंगे मौजूद

President Election: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) आज शुक्रवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगी।
द्रौपदी मुर्मू आज करेंगी राष्ट्रपति पद के लिए नामांकन
द्रौपदी मुर्मू आज करेंगी राष्ट्रपति पद के लिए नामांकनSocial Media

President Election: राष्ट्रपति चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आते जा रहे हैं, वैसे-वैसे सियासी गतिविधियां भी बढ़ती जा रही हैं। इसी बीच राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) आज शुक्रवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगी।

बता दें कि, द्रौपदी मुर्मू कल अपने गृह राज्य ओडिशा से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पहुंची और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi), गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah), रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) से मुलाकात की।

नामांकन के दौरान पीएम समेत कई नेता रहेंगे मौजूद:

झारखंड की राज्यपाल रहीं मुर्मू प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री और गृह मंत्री समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल करेंगी। पीएम मोदी के उनके पहले प्रस्तावक होने की उम्मीद है। प्रस्तावकों में भाजपा के वरिष्ठ नेता और कुछ अन्य दलों के नेता भी शामिल होंगे। इस नामांकन के दौरान ओडिशा सरकार के दो वरिष्ठ मंत्री सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (BJD) के प्रतिनिधि के रूप में मौजूद रहेंगे।

वाईएसआर कांग्रेस ने की मुर्मू के समर्थन की घोषणा:

वहीं, नीतीश कुमार की अध्यक्षता वाले जनता दल (यूनाइटेड), ओडिशा के मुख्यमंत्री और बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक, जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली वाईएसआर कांग्रेस ने भी मुर्मू की उम्मीदवारी को अपने समर्थन की घोषणा की है। झारखंड में कांग्रेस के साथ गठबंधन सरकार चलाने वाला झारखंड मुक्ति मोर्चा भी उनकी उम्मीदवारी का समर्थन कर सकता है।

द्रौपदी मुर्मू ने आगामी चुनाव के लिए सभी से सहयोग मांगा है। वह राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने में मदद के लिए राजनीतिक दलों से समर्थन के वास्ते 25 जून से अपना अभियान शुरू करेंगी। भाजपा ने 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव की चुनावी प्रक्रिया के समन्वय के लिए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के नेतृत्व में 14 सदस्यीय टीम नियुक्त की है।

पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया पर एक ट्वीट किया है। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा कि, ''मुर्मू की जमीनी समस्याओं की समझ और भारत के विकास के लिए दृष्टिकोण उत्कृष्ट है।"

विपक्ष ने द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा को मैदान में उतारा है। सिन्हा 27 जून को अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com