बिहार : राजनीति के इतिहास में पहली वर्चुअल रैली शाह ने की संबोधित
बिहार : राजनीति के इतिहास में पहली वर्चुअल रैली शाह ने की संबोधितTwitter

बिहार : राजनीति के इतिहास में पहली वर्चुअल रैली शाह ने की संबोधित

बिहार में भाजपा के वरिष्ठ नेता व गृह मंत्री अमित शाह ने आज पहली वर्चुअल बिहार जनसंवाद रैली को संबोधित किया। जाने इस दौरान शाह ने अपने संबोधन में क्‍या-क्‍या कहा?

बिहार, भारत। देश में कोरोना वायरस की महामारी के जारी कहर के बीच बिहार में विधानसभा चुनाव की आहट आज 7 जून को गृह मंत्री अमित शाह द्वारा वर्चुअल रैली कर शुरू हो गई है। जी हां, बिहार में चुनाव में बाजी मारने के लिए सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा ने चुनावी शंखनाद किया।

शाह ने बिहार जनसंवाद रैली को किया संबोधित :

भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज रविवार बिहार में पहली वर्चुअल रैली के जरिये बिहार की जनता से मुखातिब हुए और 'बिहार जनसंवाद रैली' को संबोधित कर अपने विचार साझा किए। इस दौरान अमित शाह ने कहा, भारत की राजनीति के इतिहास में पहली वर्चुअल रैली में उपस्थित बिहार के सभी कार्यकर्ता भाइयों और बहनों आप सभी का मैं भाजपा की ओर से स्वागत करता हूं। बिहार की धरती ने ही पहली बार दुनिया को लोकतंत्र का अनुभव कराया, जहां महान मगध साम्राज्य की नींव डाली गई। इस भूमि ने हमेशा भारत का नेतृत्व किया है।

इस रैली का चुनाव से कोई संबंध नहीं है, भाजपा लोकतंत्र में विश्वास रखती है। कोरोना संकट में हम जन संपर्क के अपने संस्कार को भुला नहीं सकते। मैं भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जी को बधाई देता हूं कि, 75 वर्चुअल रैली के माध्यम से उन्होंने जनता से जुड़ने का मौका दिया है। आज जब मैं वर्चुअल रैली के माध्यम से आपसे संवाद कर रहा हूं, तब कुछ लोगों ने अभी थाली बजाकर इस रैली का स्वागत किया है। मुझे अच्छा लगा कि देर-सवेर मोदी जी की अपील को उन्होंने माना।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

इस दौरान अमित शाह ने कहा कि, ''जो वक्रदृष्टा लोग इसमें भी राजनीति देखते हैं, उन्हें मैं कहता हूं कि किसने उन्हें रोका है, दिल्ली में बैठकर मौज करने की जगह, दिल्ली से लेकर पटना और दरभंगा की जनता को जोड़ने के लिए एक वर्चुअल रैली ही कर लेते। ये राजनीतिक दल के गुणगान गाने की रैली नहीं है। ये रैली जनता को कोरोना के खिलाफ जंग में जोड़ने और उनके हौसले बुलंद करने के लिए है।''

पश्चिमी भारत और पूर्वी भारत के विकास में अंतर :

भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने ये भी का कि, 2014 में मोदी जी ने कहा था कि, भारत का विकास जो अब तक चला उसमें पश्चिमी भारत और पूर्वी भारत के विकास में बहुत बड़ा अंतर है। आजादी के समय जीडीपी के अंदर पूर्वी भारत का योगदान बहुत ज्यादा होता था, परंतु आजादी के बाद से जिस प्रकार से सरकारें चली उन्होंने पूर्वी भारत के विकास से मुंह मोड़ लिया था और परिणाम ये आया कि पूर्वी भारत पिछड़ता गया।

रैली में शाह के संबोधन की मुख्‍य बातें :

  • मोदी जी ने छह साल के अंदर करोड़ों गरीबों के जीवन में प्रकाश लाने का एक प्रयास किया है जिसका सबसे बड़ा फायदा अगर किसी को हुआ है तो वो मेरे पूर्वी भारत के लोगों को हुआ है।

  • आवास, बिजली, बैंक खाते, स्वास्थ्य सेवाएं, गैस सिलेंडर, शौचालय, ये सब तो मोदी सरकार 2014-2019 तक के कार्यकाल में ही दे चुकी थी।

  • 2019 में मोदी जी ने जल शक्ति मंत्रालय गठित करके देश के 25 करोड़ लोगों के घर में नल से शुद्ध जल पहुंचाने की योजना शुरु की।

  • नरेन्द्र मोदी जी ने किसान सम्मान निधि के माध्यम से 9.5 करोड़ किसानों के बैंक खाते में 72,000 करोड़ रुपये हर साल डालने की व्यवस्था की।

  • आरसीईपी की चर्चा कांग्रेस शुरु करके गई थी। इसकी वजह से छोटे किसान, मछुवारे, छोटे कारोबारी, छोटे उद्योग ये सब तबाह हो जाते। मोदी जी ने छोटे किसानों, छोटे व्यापारियों के हित में दृढ़ता से फैसला लेते हुए आरसीईपी समझौते से भारत को अलग कर लिया।

  • कुछ लोगों ने इसे राजनीतिक प्रोपेगेंडा कहा, मगर जो कह रहे हैं उनको ये मालूम नहीं है कि ये राजनीतिक प्रोपेगेंडा नहीं है बल्कि ये देश को एक बनाने की मुहिम है।

  • चाहे उन्होंने थाली और घंटी बजाने को कहा, चाहे दीया जलाने को कहा, चाहे सेना के जवानों द्वारा आकाश से कोरोना वॉरियर्स पर फूल बरसाने की बात हो, ये सब मोदी जी की अपील ही थी।

  • जनता कर्फ्यू भारत के लोकतांत्रिक इतिहास के अंदर स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा कि देश के एक नेता की अपील पर कोई पुलिस बल प्रयोग किए बगैर पूरे देश ने घर के अंदर रहकर अपने नेता की अपील का सम्मान किया।

130 करोड़ जनता मोदी के साथ :

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, देश की 130 करोड़ जनता मोदी जी के साथ कोरोना की लड़ाई में चट्टान की तरह खड़ी है। देश का कोई भी कोना हो, उसके विकास की नींव में बिहार के व्यक्ति के पसीने की महक है, जो लोग उन्हें अपमानित करते हैं वो प्रवासी मजदूरों के जज्बे को नहीं समझते हैं। कोरोना महामारी के बाद नरेन्द्र मोदी जी ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से कहा कि सभी जगह प्रवासी मजदूरों को सम्मान से रखा जाए और उनके लिए 11 हजार करोड़ रुपये राज्यों को दिए।

मैं आज इस मंच से कहना चाहता हूं कि देश का कोई भी हिस्सा चाहे मुंबई, दिल्ली, हरियाणा, गुजरात, कर्नाटक, तमिलनाडु हो, जो विकसित है इसकी नींव में जाएंगे तो मेरे बिहार के प्रवासी मजदूर के पसीने की महक आती है। बिहार के व्यक्ति का पसीना इस देश के विकास की नींव में है।

अमित शाह

आगे उन्‍होंने ये भी कहा कि, ''करीब 1.25 करोड़ प्रवासी मजदूरों को हजारों ट्रेनों के माध्यम से उनके घरों तक पहुंचाया। उनके लिए भोजन की व्यवस्था की गई, पीने के पानी की व्यवस्था की गई। उनके गृह राज्यों में क्वारंटाइन की व्यवस्था की गई। नरेन्द्र मोदी जी ने अभी-अभी गत कैबिनेट में निर्णय लिया की 'एक देश-एक राशन कार्ड'। बिहार, उत्तर प्रदेश, ओडिशा के मजदूर देश के कई हिस्सों में काम करते हैं। इससे अब श्रमिक भाई-बहन अपने हिस्से का राशन, देश में कहीं पर भी हों वहां से ले सकेंगे।''

नितीश और सुशील दोनों प्रसिद्धि करने में थोड़े से कच्चे :

इस दौरान अमित शाह ये भी बोले कि, नितीश जी और सुशील जी दोनों प्रसिद्धि करने में थोड़े से कच्चे हैं। वो रोड पर खड़े होकर थाली नहीं बजाते हैं, वो चुपचाप सहायता के लिए काम करने वाले लोग हैं। नितीश जी और सुशील जी के नेतृत्व में बिहार सरकार ने बहुत अच्छे से ये लड़ाई लड़ी है।

उपलब्धियों का किया जिक्र :

  • बिहार के लिए जो 1.25 लाख करोड़ रुपये का पैकेज हमने दिया था तो उसे हमने वास्तविकता में बदलने का काम किया। मैं परिवारवादी लोगों को आज कहता हूं कि अपना चेहरा आईना मैं देख लीजिए, 1990-2005 इनके शासन में बिहार की विकास दर 3.19 प्रतिशत थी, आज नीतीश जी के नेतृत्व में ये 11.3 प्रतिशत तक विकास दर पहुंचाने का काम एनडीए की सरकार ने किया है।

  • भाजपा की शक्ति संगठन है। मैं भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं से कहना चाहता हूं कि ये मोदी जी का आहृवान है कि, जब तक कोरोना के खिलाफ लड़ाई चल रही है तब तक 'सेवा ही हमारा संगठन' है। इस मंत्र के साथ हर जरूरतमंद की सेवा करें, जागरूक करें।

  • बिहार में हम लालटेन युग से LED युग तक आए हैं। लूट एंड ऑर्डर से लॉ एंड ऑर्डर तक की यात्रा हमने की है। जंगल राज से जनता राज तक हम आए हैं। बाहुबल से विकास बल तक आए हैं और चारा घोटाले से डीबीटी तक की यात्रा मोदी जी के नेतृत्व में सफलतापूर्वक तय की है

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित की गई बिहार जनसंवाद रैली को का लाइव वीडियो भाजपा ने अपने ट्वीट से साझा किया है, जो आप यहां देख सकते हैं-

ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com