Bihar : नीतीश ने बिहार में 20 लाख लोगों को नौकरी और रोजगार देने का वादा किया

पटना, बिहार : नीतीश कुमार ने सोमवार को आजादी की 75 वीं वर्षगांठ के अवसर पर तिरंगा फहराते हुए बिहार में 20 लाख लोगों को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने की घोषणा की।
नितीश कुमार ने स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम को किया संबोधित
नितीश कुमार ने स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम को किया संबोधितAgency

पटना, बिहार। बिहार में महागठबंधन की नई सरकार बनने के एक सप्ताह से भी कम समय के अंदर ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को आजादी की 75 वीं वर्षगांठ के अवसर पर तिरंगा फहराते हुए बिहार में 20 लाख लोगों को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने की घोषणा की।

नीतीश कुमार ने यहां ऐतिहासिक गांधी मैदान में तिरंगा फहराने के बाद समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार के युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराना उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्हें एक युवा सहयोगी मिला है। युवाओं को रोजगार देने के बारे में हमारा एक ही दृष्टिकोण और अवधारणा है।बिहार में 10 लाख क्या 20 लाख लोगों को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार वास्तव में राज्य के युवाओं को ज्यादा से ज्यादा नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने के पक्ष में है।

गौरतलब है कि महागठबंधन ने विधान सभा चुनाव से पूर्व राज्य में सरकार बनने पर 10 लाख लोगों को सरकारी नौकरी देने का वादा किया था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से नाता तोड़कर महागठबंधन के साथ नई सरकार बनाने के बाद से ही उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव से भाजपा उनके वादे याद दिलाते हुए लगातार सवाल कर रही है। नीतीश कुमार जब राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में थे तब भाजपा ने भी विधानसभा चुनाव के समय 19 लाख लोगों को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने का वादा किया था।

नीतीश कुमार ने कहा कि वह नई पीढ़ी के साथ मिलकर राज्य को आगे ले जाने का काम करेंगे। नई पीढ़ी के लोगों को आगे बढ़ने के लिए हमारी सरकार हमेशा प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता है कि बिहार विकसित राज्य बनें और इसके लिए हर जरुरी कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण को लेकर किसी तरह के प्रतिबंध लगाना बेकार की बात है। इसकी कोई जरूरत नहीं है। लड़कियों को बेहतर शिक्षा देकर प्रजनन दर में कमी लायी जा सकती है। उन्होंने चीन का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी जनसंख्या नियंत्रण के लिए प्रतिबंध लगाया गया था, लेकिन उसका परिणाम सामने आया। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा में युवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए अब अनुमंडल से भी नीचे स्तर तक डिग्री कॉलेजों की स्थापना की जाएगी।

नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी सरकार बिहार में सांप्रदायिक सौहार्द कायम रखने के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ऐसी किसी भी घटना को रोकने के लिए सुरक्षा बल हमेशा सतर्क हैं और शांति तथा सौहार्द भंग करने वाले तत्वों के साथ वे कड़ाई से निपटेंगे। उनकी सरकार ने हाल ही में डायल 112 सेवा शुरू की है, जिसके जरिए लोग आपदा,अपराध या दुर्घटना जैसी स्थितियों में पुलिस से मदद मांग सकते हैं।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com