टाटा सन्स के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री का सड़क हादसे में निधन
टाटा सन्स के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री का सड़क हादसे में निधनSocial Media

टाटा सन्स के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री का सड़क हादसे में निधन, PM मोदी ने व्यक्त की संवेदना

टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन और उद्योगपति साइरस मिस्त्री (Cyrus Mistry) का आज रविवार को मुंबई के पास एक कार दुर्घटना में निधन हो गया है। उनके निधन पर पीएम मोदी ने संवेदना व्यक्त की है।

नई दिल्ली, भारत। टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन और उद्योगपति साइरस मिस्त्री (Cyrus Mistry) से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। खबर है कि, उद्योगपति और टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री का आज रविवार को मुंबई के पास एक कार दुर्घटना में निधन हो गया है। साइरस मिस्त्री के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने संवेदना व्यक्त की है।

बता दें कि, सड़क हादसे में साइरस मिस्त्री की मौत हो गई है। मिस्त्री की कार सड़क पर डिवाइडर से टकरा गई है। बताया जा रहा है कि, कार में कुल चार लोग सवार थे, जिनमें से साइरस मिस्त्री समेत दो लोगों की मौत हो गई है। यह हादसा मुंबई के पास पालघर में हुआ, जब वह गुजरात के अहमदाबाद से लौट रहे थे।

पालघर पुलिस अधीक्षक ने बताया:

साइरस मिस्त्री के निधन की पुष्टि पालघर के पुलिस अधीक्षक ने की। पालघर पुलिस अधिकारी ने बताया कि, "टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की अहमदाबाद से मुंबई की यात्रा के दौरान उनकी कार के डिवाइडर से टकराने से सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। कार में 4 लोग मौजूद थे, 2 की मौके पर ही मृत्यु हो गई और 2 को अस्पताल ले जाया गया।"

पालघर पुलिस सूत्र के अनुसार, साइरस मिस्त्री के मृत्यु के मामले में प्राथमिक अनुमान है कि कार चालक ने नियंत्रण खो दिया था। साइरस मिस्त्री का पार्थिव शरीर कासा के एक सरकारी अस्पताल में है। पुलिस द्वारा प्रक्रिया के अनुसार, एक दुर्घटना मृत्यु रिपोर्ट (ADR) दर्ज की जा रही है।

पीएम मोदी ने व्यक्त की संवेदना:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टाटा संस के पूर्व अध्यक्ष साइरस मिस्त्री के परिवार और दोस्तों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि, "साइरस मिस्त्री का असामयिक निधन स्तब्ध करने वाला है। वह एक होनहार व्यवसायी नेता थे, जो भारत की आर्थिक शक्ति में विश्वास करते थे। उनका निधन वाणिज्य और उद्योग जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। उनके परिवार तथा मित्रों के लिए संवेदनाएं, उनकी आत्मा को शांति मिले।"

देवेंद्र फडणवीस ने किया ट्वीट:

टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री के निधन पर महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ट्वीट किया। उन्होंने लिखा "हैरान और गहरा दुख दिया, डीजीपी से बात की और विस्तृत जांच के निर्देश दिए।"

देवेंद्र फडणवीस ने ट्वीट करते हुए कहा कि, "प्रख्यात उद्योगपति साइरस मिस्त्री के निधन से उद्योग जगत और आर्थिक जगत को बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। वे एक महान व्यक्तित्व थे, जिन्होंने भारत की आर्थिक शक्ति को पहचाना। विनय उनका स्थायी गुण था। मैं उनको भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ।"

उन्होंने अपने दूसरे ट्वीट में लिखा है, "हम उनके परिवार और दोस्तों के दुख में सहभागी हैं। शांति! पालघर के पास हुए इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे की जानकारी मिली है और राज्य के पुलिस महानिदेशक को हादसे की गहन जांच करने को कहा गया है।"

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com