भारत के किन राज्यों में हैं बेशकीमती धातुओं के भंडार
भारत के किन राज्यों में हैं बेशकीमती धातुओं के भंडारSyed Dabeer Hussain - RE

लिथियम भंडार के बाद अब मिली सोने की खदानें, जानिए भारत के किन राज्यों में हैं बेशकीमती धातुओं के भंडार?

भारत में सोने का सबसे ज्यादा उत्पादन कर्नाटक में होता है। भारत में निकाले जाने वाले कुल सोने का 88 फीसदी से अधिक कर्नाटक से ही निकाला जाता है।

राज एक्सप्रेस। बीते दिनों जम्मू-कश्मीर में 59 लाख टन लिथियम का भंडार मिलने की बात सामने आई थी। इसकी कीमत करीब 34 लाख करोड़ रुपए बताई जा रही है। वहीं अब ओडिशा के तीन जिलों में भी सोने की खदान मिलने की बात सामने आई है। ओडिशा के इस्पात और खान मंत्री प्रफुल्ल मल्लिक ने विधानसभा में जानकारी देते हुए बताया कि, ‘खान निदेशालय और भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) के सर्वेक्षणों में देवगढ़, क्योंझर और मयूरभंज जिलों में अलग-अलग जगह सोने के भंडार की उपस्थिति का खुलासा हुआ है।’ ऐसे में आज हम देश की उन जगहों के बारे में बात करेंगे, जहां-जहां कीमती धातुओं की खदानें हैं।

कर्नाटक :

भारत में सोने का सबसे ज्यादा उत्पादन कर्नाटक में होता है। भारत में निकाले जाने वाले कुल सोने का 88 फीसदी से अधिक कर्नाटक से ही निकाला जाता है। एक अनुमान के अनुसार कर्नाटक में करीब 17 लाख टन सोने के अयस्क का भंडार है। यहां की केजीएफ यानी कोलार गोल्ड फील्ड्स दुनिया की सबसे गहरी खदानों में से एक है। कर्नाटक में कोलार के अलावा धारवाड़, हसन और रायचूर जिलों में भी सोने के भंडार हैं।

आंध्र प्रदेश :

आंध्र प्रदेश, भारत का दूसरा सबसे बड़ा सोने का उत्पादक राज्य है। आंध्र प्रदेश के रामगिरि, चित्तूर और पालाच्चूर में सोने के भंडार मौजूद हैं। आंध्र प्रदेश में करीब 7 लाख टन सोने के अयस्क का भंडार है। हालांकि साल 2017 में भारतीय खान ब्यूरो ने अपने एक अनुमान में कहा था कि यहां 1 करोड़ टन से भी अधिक सोने के अयस्क का भंडार हो सकता है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले की कोल्लूर खदान हीरा उत्पादन के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। कहा जाता है कि 13वीं शताब्दी में कोहिनूर हीरा गुंटूर जिले की खदान से ही प्राप्त हुआ था।

झारखंड :

झारखंड में हर साल करीब 344 किलो सोने का उत्पादन होता है। यह भारत में होने वाले कुल सोने के उत्पादन का 11 फीसदी है। यहां ज्यादातर सोना सुवर्णरेखा नदी की रेत में जलोड़ के रूप में पाया जाता है। सोने के अलावा झारखंड में कई तरह के कीमती खनिज भंडार मौजूद हैं।

मध्यप्रदेश :

भारत में हीरे का सबसे ज्यादा उत्पादन मध्यप्रदेश में होता है। यहां देश का 32 प्रतिशत हीरा उत्पादन होता है। यहां सबसे ज्यादा हीरा पन्ना की खदानों से निकलता है। एक रिपोर्ट के अनुसार मध्यप्रदेश में हीरे का भंडार तकरीबन 45,80,336 कैरेट है जोकि 31.5% पन्ना जिले में स्थित है।

केरल :

भारत के सोना उत्पादक राज्यों में केरल भी एक प्रमुख राज्य है। यहां पुन्ना पुझा और छवियार पुझा नदी के पास काफी मात्रा में सोना पाया जाता है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com