नए साल पर वैष्णो देवी में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
नए साल पर वैष्णो देवी में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाबSocial Media

नए साल पर वैष्णो देवी में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब- भगदड़ में 12 की मौत

जम्मू-कश्मीर के माता वैष्णो देवी मंदिर में भगदड़ की घटना के दौरान 12 तीर्थयात्रियों की मौत, जबकि 14 श्रद्धालुओं के घायल होने की खबर है। भगदड़ की घटना पर PM ने जताया दुख...

जम्मू-कश्मीर, भारत। नववर्ष पर पूरे देश में जश्न का माहौल है, देश के सभी राज्यों में लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है। ऐसे में कई लोग मंदिरों में जाकर भगवान के दर्शन कर नए साल के जश्न की शुरुआत करते हैं। इसी तरह कई श्रद्धालु जग जननी माता वैष्णो देवी मंदिर के दर्शन को गए थे, इसी दौरान एक दुखद घटना हो गई। वैसे तो आये दिन कहीं न कहीं अनहोनी व हादसे की खबरें सुनने को मिलती है। अब आज 1 जनवरी, 2022 को साल के शुरूआत के पहले दिन ही प्रसिद्ध शक्तिपीठों में से एक माता वैष्णो देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण भगदड़ की घटना सामने आई है।

भगदड़ की घटना में 12 तीर्थयात्रियों की मौत :

वैष्णो देवी मंदिर में भगदड़ की घटना में 12 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई है, जबकि 14 श्रद्धालुओं के घायल होने की खबर है। हालांकि, सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में एडमिट किया गया है, घायलों में से कई लोगों की हालत गंभीर भी बनी हुई है और भगदड़ में जान गंवाने वाले UP, पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर से हैं।

इस बारे में अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी का पता चला है कि, ''श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण भगदड़ हुई, ये घटना त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित मंदिर के गर्भगृह के बाहर हुई है और यह हादसा सुबह के समय करीब 2.45 बजे हुआ है।'' अधिकारियों ने आगे यह भी बताया कि, ''भगदड़ उस समय हुई जब नए साल की शुरुआत के मौके पर श्रद्धासुमन अर्पित करने पहुंचे, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ वैष्णो देवी भवन में जमा हो गई। वरिष्ठ अधिकारी और श्राइन बोर्ड के प्रतिनिधि मौके पर पहुंच चुके हैं।''

श्रद्धालुओं के बीच किसी बात पर विवाद हो गया था। उनमें धक्का-मुक्की हो गई इससे भगदड़ मच गई। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि, सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। भारी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए थे। निकलने के लिए कोई रास्ता ही नहीं था।

जम्मू-कश्मीर के DGP दिलबाग सिंह

भगदड़ की घटना पर PM ने जताया दुख :

नए साल पर वैष्‍णाे देवी मंदिर में हुई भगदड़ की घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। उन्‍होंने ट्वीट साझा कर लिखा- माता वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ में लोगों की मौत से अत्यंत दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना, घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें। तो वहीं, उन्‍होंने उप राज्यपाल मनोज सिन्हा और केंद्रीय मंत्रियों जितेंद्र सिंह और नित्यानंद राय से बात कर हालात का जायजा लिया।

इस दुखद दुर्घटना से हृदय अत्यंत व्यथित है। मैंने उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा से बात की है। प्रशासन घायलों को उपचार पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रहा है। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजन के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

मुआवजे का किया ऐलान :

इस दौरान भगदड़ की घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों एवं घायलों को मुआवजे का ऐलान किया गया है। मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये और सभी घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि मिलेगी। उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है। उप राज्यपाल के दफ्तर ने सभी घायलों का इलाज श्राइन बोर्ड की तरफ से कराए जाने का भी ऐलान किया है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com