कर्नाटक में जेपी नड्डा ने नगाड़ा बजाकर और झंडी दिखाकर विजय संकल्प रथ यात्रा का किया शुभारंभ
कर्नाटक:, भारत। कर्नाटक राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए भाजपा अभी से जुट गई है इस बीच आज बुधवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा कर्नाटक में है। इस दौरान मतदाताओं से संपर्क और संवाद स्थापित करने के लिए भाजपा पार्टी की ओर से विजय संकल्प रथ यात्रा निकाली जा रही है।
जेपी नड्डा ने किया विजय संकल्प रथ यात्रा का शुभारंभ :
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कर्नाटक में महादेश्वर मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद चामराजनगर में विजय संकल्प रथ यात्रा का शुभारंभ किया इस मौके पर उन्होंने इस यात्रा का शुभारंभ अलग ही अंदाज में किया,यहां उन्होंने नगाड़ा बजाया और फिर झंडी दिखाकर विजय संकल्प रथ यात्रा का शुभारंभ किया एवं सोलिगा जनजातीय लोगों के साथ बातचीत की।
कर्नाटक के चार स्थानों से शुरू होगी विजय संकल्प यात्रा :
इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपने संबोधन में कहा- विजय संकल्प यात्रा कर्नाटक के चार स्थानों से शुरू होगी। इस यात्रा के माध्यम से 20 दिनों में हम 8,000 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। इस यात्रा में 75 जनसभाएं और 150 रोड शो होंगे. अलग-अलग जगहों पर इस यात्रा में पूरे कर्नाटक के लोग शामिल होंगे। जगह-जगह पर लोगों को जोड़ कर विजय संकल्प यात्रा में 'विजय संकल्प' को आगे बढ़ाते हुए भाजपा आगे बढ़ेगी।
एक समय था जब राजनीति... जातिवाद, वोट बैंक और परिवारवाद को ध्यान में रखकर होती थी, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी जी ने 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास' के मंत्र को लेकर देश को एक सूत्र में पिरो कर विकास के नए आयाम को स्थापित करने का प्रयास किया है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा
पीएम मोदी ने बदल दिए राजनीति के मापदंड एक समय था जब राजनीति जातिवाद, वोट बैंक की राजनीति और वंशवाद के आधार पर की जाती थी। बहरहाल, मोदी जी ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र से भारत को एक सूत्र में पिरोया है।
मोदी जी के नेतृत्व में इतने वर्षों में भारत की तकदीर और तस्वीर बहुत बदली है। हमारी सरकार ने आदिवासियों, गरीबों, महिलाओं और वंचितों की बेहतरी के लिए काम किया है। भारत सरकार में, आज हमारे पास एसटी से 12 मंत्री हैं।
हमने आदिवासियों के लिए बजट में 190% की बढ़ोतरी की है। 2013 में बजट 4295 करोड़ रुपये था जिसे आज बढ़ाकर 12,461 करोड़ रुपये कर दिया गया है।
पिछड़ा वर्ग के लिए राष्ट्रीय आयोग को मोदी सरकार द्वारा संवैधानिक दर्जा दिया गया था। नेशनल फेलोशिप योजना के तहत करीब 18 हजार लाभार्थियों को आर्थिक सहायता दी जा रही है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।