हिमाचल प्रदेश विधानसभा के गेट पर लगे खालिस्तान के झंडे
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के गेट पर लगे खालिस्तान के झंडेSocial Media

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के गेट पर लगे खालिस्तान के झंडे, जांच में जुटी पुलिस

आज रविवार को धर्मशाला (Dhramshala) में हिमाचल प्रदेश विधान सभा के मुख्य द्वार और दीवारों पर खालिस्तान (Khalistan) के झंडे बंधे मिले हैं।

हिमाचल प्रदेश, भारत। हिमाचल प्रदेश से एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, हिमाचल प्रदेश के विधानसभा के गेट पर खालिस्तानी के झंडे लगाने का मामला सामने आया है। बता दें, आज रविवार को धर्मशाला (Dhramshala) में हिमाचल प्रदेश विधान सभा के मुख्य द्वार और दीवारों पर खालिस्तान (Khalistan) के झंडे बंधे मिले हैं। इतना ही नहीं विधानसभा की दीवारों पर भी पंजाबी में कुछ लिखा गया है। जानकारी मिलने के बाद इस मामले की जांच में पुलिस जुट गई है।

पुलिस ने हटवाए झंडे:

बताया जा रहा है कि, खालिस्तान के यह झंडे आज देर रात या फिर सुबह लगाए गए हैं। इस घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने विधानसभा के गेट पर लगे झंडे हटवा दिए हैं, लेकिन अभी तक ये साफ नहीं हो सका है कि, ये हरकत किसने की है। जानकारी के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज के जरिए खालिस्तान के झंडे व पोस्टर लगाने वालों की पहचान करने की कोशिश की जाएगी।

कांगड़ा के एसपी खुशाल शर्मा ने इस मामले पर बात करते हुए कहा कि, "यह घटना देर रात या सुबह की हो सकती है। हमने विधानसभा गेट से खालिस्तान के झंडे हटा दिए हैं। यह पंजाब के कुछ पर्यटकों की हरकत हो सकती है। हम आज केस दर्ज करने जा रहे हैं।"

धर्मशाला SDM ने कही यह बात:

धर्मशाला SDM शिल्पी बेक्टा ने इसपर बात करते हुए कहा कि, "हमें हिमाचल विधानसभा की दीवारों के विरूपण होने की सूचना मिली थी। यहां पुलिस अधिकारी पहले ही मौजूद थे। मामले में प्राथमिकी जांच शुरू कर दी गई है। हम हिमाचल सार्वजनिक संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत मामला दर्ज़ करेंगे। हम जांच पूरी होने तक कुछ नहीं कह सकते।"

फिलहाल, पुलिस की टीम इस मामले की जांच में जुट गई और खालिस्तान के झंडे-पोस्टर लगाने वालों की तलाश की जा रही है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com