Independence Day 2023
Independence Day 2023Priyanka Yadav-RE

MP में हर्षोल्लास से मनाया गया 77वां स्वतंत्रता दिवस, जानिए इस खास मौके पर किस नेता ने क्या कहा...

Independence Day 2023: आजादी का अमृत महोत्सव के तहत 77वाँ स्वतंत्रता दिवस मध्यप्रदेश में हर्षोल्लास एवं उमंग के साथ मनाया गया है, इस खास मौके पर नेताओं ने अलग-अलग जगह ध्वजारोहण किया और कई बातें कही...

हाइलाइट्स :

  • आज देशभर में स्वतंत्रता दिवस मनाया गया है

  • एमपी में 77वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं उमंग के साथ मना

  • इस खास मौके पर नेताओं ने अलग-अलग जगह किया ध्वजारोहण

  • इस दौरान मध्यप्रदेश के नेताओं ने कई बातें कही है

Independence Day 2023: आजादी का अमृत महोत्सव के तहत 77वाँ स्वतंत्रता दिवस मध्यप्रदेश में हर्षोल्लास एवं उमंग के साथ मनाया गया है। इस खास मौके पर मध्यप्रदेश के नेताओं ने अलग-अलग जगह ध्वजारोहण किया और कई बातें कही है आइए जानें किस नेता ने क्या कहा...

सीएम शिवराज ने मुख्यमंत्री निवास में किया ध्वजारोहण, कही बातें

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सुबह स्वतंत्रता की वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री निवास में ध्वजारोहण किया। पुलिस की टुकड़ी द्वारा उन्हें सलामी दी गयी। इस अवसर पर CM ने स्वतंत्रता की वर्षगांठ की सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को बधाई दी। सीएम चौहान द्वारा ध्वजारोहण किए जाने पर मुख्यमंत्री कार्यालय और निवास कार्यालय सहित मुख्यमंत्री सुरक्षा स्टाफ के समस्त अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। CM ने उनकी सुरक्षा में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों की उत्कृष्ट-सेवाओं के लिए उन्हें सम्मान स्वरूप प्रमाण-पत्र तथा पुरस्कार राजपत्रित अधिकारियों को प्रशंसा पत्र, निरीक्षक स्तर के स्टाफ को 7 हजार रूपए, उप निरीक्षक एवं सहायक उप निरीक्षक स्तर के स्टाफ को 6 हजार 500 रूपए तथा प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक को 6 हजार रूपए प्रदान करने की घोषणा की।

राज्यपाल ने राजभवन पचमढ़ी में किया ध्वजारोहण

मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर राजभवन पचमढ़ी में गरिमामय समारोह में ध्वजारोहण किया। खुले आकाश में गुब्बारे उड़ा कर स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया गया। पटेल ने राजभवन सचिवालय के कर्मचारियों और उनके बच्चों से भेंट की और मिष्ठान वितरण किया।

राज्यपाल की पत्नी नर्मदाबेन पटेल, राज्यपाल के प्रमुख सचिव डी.पी. आहूजा, सचिव एवं सदस्य जनजाति प्रकोष्ठ बी.एस. जामोद, राज्यपाल के परिसहाय अतुल शर्मा, राज्यपाल के ओ.एस.डी. अरविन्द पुरोहित, विपुल पटेल, नियंत्रक शिल्पी दिवाकर, सुरक्षा अधिकारी इंद्रजीत चावड़ा, राज्यपाल के परिजन, जनजाति प्रकोष्ठ के सदस्य, स्थानीय अनुसूचित जनजाति छात्रावास के सदस्य और स्थानीय प्रशासन, पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

नरोत्तम मिश्रा ने दतिया में तिरंगा फहराकर परेड की सलामी ली

आज मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दतिया में आज सुबह पुलिस लाइन में हम सबकी आन-बान-शान का प्रतीक तिरंगा फहराकर परेड की सलामी ली और समारोह में शामिल नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। साथ ही नरोत्तम मिश्रा ने दतिया में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इससे पहले सभी देशवासियों को 77 वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा- आइए, हम सब मिलकर यशस्वी प्रधानमंत्री के कुशल और सक्षम नेतृत्व में‌ भारत को पुनः विश्व गुरू बनाने के लिए अपेक्षित नव ऊर्जा और नव चेतना जागृत करने का संकल्प लें।

कमलनाथ ने कांग्रेस कार्यालय में ध्वजारोहण किया और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को सलामी दी

कमलनाथ आज यहां प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में ध्वजारोहण किया और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर विजय गीत ‘विजय विश्व तिरंगा प्यारा’ और राष्ट्र-गान ‘जन-गण-मन’ का गायन हुआ। कमलनाथ का प्रदेश के नागरिकों, कांग्रेसजनों के नाम संदेश का वाचन किया गया। कमलनाथ देश के तमाम स्वतंत्रता आंदोलन में शहीद सैनानियों को नमन करते हुए प्रदेश की जनता को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

कमलनाथ ने अपने संदेश में कहा

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने संदेश में कहा कि आज का दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पंडित जवाहर लाल नेहरू, सुभाषचंद्र बोस, सरदार पटेल, बाल गंगाधर तिलक, लाला लाजपत राय, विपिन चंद्र पाल, पं. मोतीलाल नेहरू, डॉ. राम मनोहर लोहिया, मौलाना अबुल कलाम आजाद, बाबू जगजीवन राम, लाल बहादुर शास्त्री, डॉ. भीमराव अम्बेडकर, सरोजनी नायडू, आचार्य कृपलानी जैसे महान नेताओं ने जिन्होंने अहिंसा के मार्ग पर चलकर एक क्रूर शासन को परास्त करने के लिए भारत की आजादी की लड़ाई लड़ी थी, वहीं सरदार भगतसिंह, चंद्रशेखर आजाद, रामप्रसाद बिसमिल, राजगुरू, रानी लक्ष्मी बाई, रानी दुर्गावती, टंट्या भील, बिरसा मुंडा जैसे क्रांतिकारियों को याद करने का दिन है, जिन्होंने अपने प्राणों की आहूति इसलिए दी, कि हम आजादी की हवा में सांस लें सकें। इस अवसर पर कमलनाथ ने अपने संदेश वाचन में कहा कि, देश के महापुरूषों का सपना था कि भारत का आमजन खुशहाल रहे। देश में हर समाज, जाति, धर्म, क्षेत्र, भाषा और संस्कृति को मानने वाले लोग आपस में भाईचारे से रहे।

‘स्वतंत्रता-दिवस-संकल्प’ आइए आज ये संकल्प लें कि ‘सच्ची स्वतंत्रता’ के लिए एक बार फिर वैसे ही बिना डरे लड़ेंगे जैसे आज़ादी से पहले लड़े थे। याद रहे संघर्ष सिर्फ़ स्वतंत्रता पाने के लिए ही नहीं, स्वतंत्रता बचाने के लिए भी करना पड़ता है। हमारा संकल्प एक ऐसी ऐतिहासिक बड़ी जीत का होना चाहिए, जिसे कोई भी हार में न बदल सके. ये जीत हमें अपने लिए नहीं, अपने प्रदेश और अपने प्रदेशवासियों के सुनहरे कल के लिए इस नारे के साथ हासिल करनी है: सच्चाई हमारे साथ में और भविष्य हमारी आँख में!

कमलनाथ

सागर में भार्गव, मुरैना में कुशवाह और शिवपुरी में यशोधरा ने ध्वज फहराया

स्वतंत्रता दिवस पर आज मध्यप्रदेश के सागर में लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव, मुरैना में प्रभारी मंत्री भारत सिंह कुशवाह और शिवपुरी में यशोधरा राजे सिंह ने झंडा वंदन कर आकर्षक परेड की सलामी ली और मुख्यमंत्री का प्रदेशवासियों के नाम संदेश का वाचन किया। सागर में भार्गव ने जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भार्गव ने परेड की सलामी लेकर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और मुख्यमंत्री के प्रदेशवासियों के नाम संदेश का वाचन किया। भार्गव ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ताराचंद जैन और लोकतंत्र सेनानी एडवोकेट कृष्ण वीर सिंह ठाकुर को सम्मानित भी किया। उन्होंने शाल, श्रीफल और पुष्पहार से सेनानियों का सम्मानित किया।

मुरैना में आज स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं उमंग के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउण्ड मुरैना पर भव्य एवं आकर्षक परेड के साथ आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के खाद्य प्रसंस्करण एवं जिले के प्रभारी मंत्री भारत कुशवाह ने ध्वजारोहण कर भव्य परेड की सलामी ली। प्रभारी मंत्री ने प्रदेश के मुख्यमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया। शिवपुरी में जिला मुख्यालय पर आज स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित मुख्य समारोह में मध्यप्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने परेड की सलामी ली। मुख्यमंत्री शिवराज चौहान के संदेश का वाचन किया। इस अवसर पर देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम भी छात्र छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए गए।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com