अनुचित राशि की मांग करने वाले प्रभारी मदाखलत निरीक्षक पर कार्रवाई, निगम आयुक्त ने किया निलंबित
ग्वालियर, मध्यप्रदेश। ग्वालियर नगर निगम में भ्रष्टाचार से जुड़ा एक और मामला सामने आया है। यह मामला अनुचित राशि मांगने का है, जिसका ऑडियो सामने आने के बाद नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों में खलबली मच गई। यह ऑडियो नगर निगम में पदस्थ एक मदाखत निरीक्षक का है जिसमें प्रभारी मदाखलत निरीक्षक द्वारा अनुचित राशि मांगने का आरोप है। उक्त ऑडियो के वायरल होने के बाद नगर निगम आयुक्त ने तत्काल प्रभाव से प्रभारी मदाखलत निरीक्षक को निलंबित कर दिया है।
बता दें कि ग्वालियर नगर निगम क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने का जिम्मा मदाखलत अमले के पास है। शहर में स्थाई और अस्थाई अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस पर मदाखलत अमला नोटिस जारी करता है। ऐसे ही मामले में एक व्यक्ति ने अस्थाई अतिक्रमण नहीं हटाया तो मदाखलत अमले के निरीक्षण ने उसे फोन पर धमकाया तथा कार्रवाई न करने की एवज में रुपए की मांग की। इस पर उसने उक्त कॉल रिकार्डिंग लेकर ग्वालियर नगर निगम में शिकायत दर्ज करा दी। इसके बाद नगर निगम आयुक्त किशोर कन्याल ने अनुचित राशि की मांग का ऑडियो पर तुरंत संज्ञान लेते हुए प्रभारी मदाखलत निरीक्षक सुघर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निगमायुक्त कन्याल द्वारा जारी आदेशानुसार सुघर सिंह द्वारा किए गए कृत्य से निगम की छवि धूमिल हुई है। श्री सुघर सिंह की निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय स्वास्थ्य विभाग फूलबाग रहेगा।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।