सेना के लेफ्टिनेंट मोहित गुप्ता 3 दिन से लापता, मुख्यालय से लेकर पुलिस थाने तक हड़कंप, तलाश जारी, मोबाईल बंद
हाइलाइट्स :
पुलिस द्वारा गुमशुदगी की जानकारी रविवार को साझा की गई है।
महू के थाना प्रभारी दीपक राठौर मामले की जांच कर रहे हैं।
जांच अधिकारियों द्वारा मोहित गुप्ता की कॉल डिटेल ट्रैक की जा रही है।
भोपाल, मध्यप्रदेश। इंदौर जिले के महू में सेना के इन्फ्रैंट्री स्कूल से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा सेना का अधिकारी तीन दिन से गायब है। शनिवार को सेना अधिकारी की गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस द्वारा यह जानकारी को रविवार को साझा की गई है। अधिकारी का नाम लेफ्टिनेंट मोहित गुप्ता बताया जा रहा है। मोहित गुप्ता का फोन इस समय बंद आ रहा है। पुलिस द्वारा पूरे शहर में उनकी खोज जारी है।
महू के थाना प्रभारी दीपक राठौर मामले की जांच कर रहे हैं उन्होंने बताया कि, लेफ्टिनेंट मोहित गुप्ता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वे शुक्रवार सुबह 6 बजे से गायब हैं। शुक्रवार सुबह जब सभी अधिकारी पीटी के लिए एकत्रित हुए तो मोहित गुप्ता वहां से गायब थे। इसके बाद उनके साथ के अधिकारियों ने उन्हें ढूंढ़ना शुरू कर दिया। जब वे नहीं मिले तो पुलिस में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराइ गई। लेफ्टिनेंट मोहित गुप्ता का फोन इस समय बंद आ रहा है।
अब तक मिली जानकारी के अनुसार, लेफ्टिनेंट मोहित गुप्ता को आखिरी बार महू के माल रोड पर वालोंग द्वार देखा गया था। मोहित गुप्ता अपनी मोटरसाइकिल वहीं छोड़ कर लापता हुए हैं। मोहित गुप्ता के परिवार वालों को गुमशुदगी के बारे में जानकारी दे दी गई है। जांच अधिकारियों द्वारा मोहित गुप्ता की कॉल डिटेल ट्रैक की जा रही है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।