बूथ विस्तारक के रूप में काम करेंगे मुख्यमंत्री समेत सभी मंत्री, सांसद और विधायक

भोपाल, मध्यप्रदेश : प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने 20 जनवरी से शुरू होने वाली योजना को लेकर दिया मार्गदर्शन। कल से शुरू होंगी दो दिवसीय कार्यशालाएं।
बूथ विस्तारक के रूप में काम करेंगे मुख्यमंत्री समेत सभी मंत्री, सांसद और विधायक
बूथ विस्तारक के रूप में काम करेंगे मुख्यमंत्री समेत सभी मंत्री, सांसद और विधायकSocial Media

भोपाल, मध्यप्रदेश। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आगामी 20 जनवरी से प्रारंभ हो रही बूथ विस्तारक योजना संगठन के सुदृढ़ीकरण और विस्तार की दृष्टि से अभिनव योजना होगी। श्री शर्मा ने बताया कि इस योजना के तहत प्रदेश के मुख्यमंत्री, प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष सहित सभी मंत्री, सांसद, विधायक सहित सभी प्रदेश पदाधिकारी भी 10 दिन के बूथ विस्तारक के रूप में बूथों पर प्रवास कर निर्धारित किए गए कार्य को सम्पन्न करेंगे।

श्री शर्मा ने शनिवार को यहां प्रदेश कार्यालय से वर्चुअली बैठकों को संबोधित करते हुए कहा कि इस योजना के तहत बूथ विस्तारक निकलने वाले प्रदेश के सभी सांसदों एवं विधायकों को बताया गया कि वे जिला अध्यक्षों तथा मंडल अध्यक्षों को अपने प्रवास बनाकर शीघ्र दें। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विस्तारक के साथ एक आईटी की जानकारी रखने वाला विस्तारक भी होगा। बूथों पर परंपरागत और डिजिटल दोनों तरीकों से जानकारी एकत्रित करने का काम किया जाएगा। भाजपा द्वारा विकसित 'संगठन' एप के माध्यम से बूथों की जानकारी डिजिटलाइज की जाएगी।

कल से शुरू होंगी दो दिवसीय कार्यशालाएं :

श्री शर्मा ने बताया कि विधानसभा के प्रशिक्षकों की कार्यशाला 17 एवं 18 जनवरी को संभाग केंद्रों पर होगी। विधानसभा स्तरीय बूथ विस्तारकों की कार्यशालाएं 18 व 19 जनवरी को होंगी। इस योजना के दौरान किसी भी बूथ को रिक्त नहीं छोड़ा जाएगा। 65 हजार बूथों तक 10 दिन के भीतर हमें प्रत्येक को प्रतिदिन 10 घंटे देकर 100 घंटे का योगदान इस अभियान के लिए देना है।

यह ऐतिहासिक अभियान बनेगा पूरे देश में रोल मॉडल : मुरलीधर राव

प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने कहा कि स्व. कुशाभाऊ ठाकरे जी के जन्म शताब्दी वर्ष को हमने पार्टी के सुदृढ़ीकरण और विस्तार के लिए चुना है। हम अभी तक जहां नहीं पहुंचे हैं, वहां पहुंचने की योजना इस संगठन के माध्यम से करनी है। यह साधारण नहीं, ऐतिहासिक अभियान है। एक दिन यह अभियान पूरे देश में रोल मॉडल बनेगा। हमें इस अभियान के दौरान संगठन को गुणात्मक और संख्यात्मक रूप से मजबूत बनाते हुए 10 प्रतिशत वोट बढ़ाने का लक्ष्य सामने रखना है।

सुहास भगत ने दी संगठन एप के बारे में जानकारी

इस अवसर पर संगठन महामंत्री सुहास भगत ने 'संगठन' एप के बारे में विस्तार से जानकारी दी और बूथ प्रवास के दौरान किए जाने वाले कार्यों को बारिकी से समझाया। उन्होंने कहा कि विस्तारकों को एक दिन में एक ही बूथ पर रहना है। सांसद और विधायक अपने ही क्षेत्र में प्रवास बनाएं। इन दिनों में कोई दूसरे प्रवास नहीं बनाने हैं। सभी मोर्चा और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी भी बूथ विस्तारकों के रूप में निकलेंगे।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com