भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक
भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठकRaj Express

भाजपा की 52 प्रतिशत युवा वोटर पर पकड़ और बूथ स्तर तक मेनेंजमेंट की रणनिति

भोपाल, मध्यप्रदेश : प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में केंद्रीय मंत्री सिंधिया, तोमर, पटेल और मुख्यमंत्री हुए शामिल। जिला, मंडल, शिक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक होगी बैठक, 29 तक चलेगा कार्यक्रम।

भोपाल, मध्यप्रदेश। भारतीय जनता पार्टी की विधानसभा चुनाव 2023 में 200 सीट के साथ वापसी के लिए 52 प्रतिशत युवा वोटर पर पकड़ और बूथ स्तर तक मैंनजमेंट पर काम करने की रणनिति है। प्रदेश में युवा वोटर सहित लगभग 30 हजार नए वोटर मतदाता सूची में शामिल हुए है। इन वोटर को भाजपा अपने कैंप में लाने और बूथ स्तर तक मैंनजमेंट,200 दिन में 200 पार का लक्ष्य प्राप्त करने की योजना पर मैदानी स्तर पर अपने कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपेगी। इस रणनिति पर मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में चर्चा कर तय किया गया है। इसके अलावा केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ की जानकारी घर-घर पहुंचने पर काम होगा। कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य डॉ. सत्यनारायण जटिया, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया,प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा प्रदेश सह प्रभारी प्रो. रामशंकर कठेरिया, फग्गनसिंह कुलस्ते, प्रहलाद पटेल, राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद उपस्थित थे।

मप्र में 18 से 39 साल के 52 प्रतिशत युवा वोटर हैं, 30 लाख नए वोटर बनें हैं, भाजपा नवमतदाता और युवा मतदाताओं पर फोकस कर कार्ययोजना पर काम करेगी। कायसमिति की बैठक में युवा मोर्चा ने 180 विधानसभाओं में प्रदेश सरकार द्वारा बनाई जा रही यूथ पॉलिसी पर चर्चा की है, जिसके माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं तक पहुंचना पार्टी का लक्ष्य हैं। आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग द्वारा चलाऐ जा रहे सुघोष अभियान की जानकारी दी गई। साथ ही ग्रामीण एवं नगरीय निकाय जनप्रतिनिधियों के प्रशिक्षण का लेखाजोखा भी कार्यसमिति के सामने रखा गया। वक्ताओं ने एक जुट होकर चुनाव जीतने के मंत्र दिए और कार्यकर्ताओं को ही पार्टी मुख्य स्तंभ बताया।

चुनावों में जीत हासिल कर अपनी ताकत बढ़ाएं कार्यकर्ता : मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर

केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर ने कहा कि मध्यप्रदेश में आज विकास का जो वातावरण है, उसे देखकर हम गर्व के साथ यह कह सकते हैं कि प्रदेश विकसित राज्यों की कतार में अपने कदम तेजी से आगे बढ़ा रहा है। लेकिन प्रदेश की यह स्थिति हमेशा से नहीं है। 2003 के पहले मध्यप्रदेश एक बीमारू राज्य था। भाजपा सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री के रूप में उमा दीदी, स्व. बाबूलाल गौर और शिवराजसिंह चौहान ने प्रदेश को आगे बढ़ाया। पार्टी कार्यकर्ता अपनी ताकत बढ़ाएं और आने वाले चुनावों में फिर भाजपा को जिताएं, फिर मोदी सरकार बनाएं।

मप्र ने रचा सफल कार्यक्रमों का इतिहास : ज्योतिरादित्य सिंधिया

प्रदेश कार्यसमिति बैठक में वृत्त निवेदन प्रस्तुत करते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मध्यप्रदेश को केंद्र की ओर से जो भी जिम्मेदारी दी गई, उसे उसने पूरा किया है। चाहे प्रवासी भारतीय सम्मेलन हो या जी-20 की मीटिंग, मध्यप्रदेश ने सफल कार्यक्रमों का इतिहास रच दिया है। श्री सिंधिया ने कहा कि हमने बीता वर्ष स्व. कुशाभाऊ ठाकरे के जन्मशताब्दी वर्ष के रूप में मनाया है। आने वाले चुनावों में हमें स्व. कुशाभाऊ के नारे 'संगठन गढ़े चलो, बढ़े चलो-बढ़े चलो' को साकार करते हुए आगे बढऩा है और पार्टी के पितृपुरुषों के संकल्पों को साकार करना है।

200 दिन में 200 पार का लक्ष्य : मुरलीधर राव

प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने कहा कि विधानसभा चुनाव में अब ज्यादा दिन नहीं बचे हैं। सरकार, संगठन और जनप्रतिनिधि की दृष्टि से हमें 200 दिन में 200 सीट जीतने के लक्ष्य की ओर आगे बढऩा है। केंद्र, प्रदेश और नगरों में हमारी सरकार है। वहीं विकास की दृष्टि में भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश सरकार का मुकाबला किसी से भी नहीं हो सकता। भारतीय जनता पार्टी की सरकार विकास के मामले में रोल मॉडल है। उन्होंने कहा कि विकास की दृष्टि से आगामी 200 दिन का रोडमैप तैयार करें और चुनाव में जुट जाएं। उन्होंने 51 प्रतिशत वोट शेयर बढ़ाने को लेकर माइेक्रो प्लानिंग पर काम करने की बात कही। उन्होंने कहा कि हर बूथ पर बैठक हो और बूथ कार्य विस्तार योजना का सफल क्रियान्वयन हो।

जनजातीय क्षेत्रों में भाजपा ने प्रचंड जीत हासिल की :

प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि ग्रामीण और नगरीय निकायों में भारतीय जनता पार्टी ने जीत का इतिहास रचा। कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों से भारतीय जनता पार्टी को बहुमत प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि जिस समय राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ों यात्रा के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में विद्वेष फैला रहे थे, तब प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार गौरव यात्रा के माध्यम से जनजातीय भाईयों को उन्हें अधिकारी संपन्न बनाने के लिए लागू किए गए पेसा एक्ट की जानकारी दे रही थी। जनजातीय क्षेत्रों में उस यात्रा का लाभ मिला और भारतीय जनता पार्टी ने इन क्षेत्रों में प्रचण्ड जीत हासिल की।

बूथ और शक्ति केंद्र को सशक्त करने की कार्ययोजना में जुटें : हितानंद

प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि हम एक राष्ट्रवादी दल के कार्यकर्ता है। हमें अपने बूथ और शक्ति केंद्र को मजबूत करने की कार्ययोजना में जुटना है। गुजरात चुनाव में बूथ केन्द्र और शक्ति केन्द्र की मजबूती के कारण पार्टी की विराट विजय हुई। इस दिशा में हमें आगे बढ़ते हुए ग्राम और नगर शक्ति केंद्रो को मजबूत करना है। पार्टी की योजनानुसार शक्ति केंद्रों एवं बूथ पर गठन हो। उन्होंने कहा कि आकांक्षी विधानसभाओं में वरिष्ठ नेताओं के प्रवास होंगे। इस दृष्टि से तैयारियों में जुटें। फरवरी माह में होने वाली विकास यात्रा को लेकर भी उन्होंने चर्चा की गई है।

किसने क्या किया :

प्रदेश कार्यसमिति बैठक में पार्टी के प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने पार्टी के अभी तक हुए कार्य एवं वर्तमान में जारी कार्यक्रमों ,अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य ने प्रदेश कार्यसमिति बैठक में अनुसूचित जाति कार्य विस्तार की योजनाएं की जानकारी दी। प्रदेश प्रवक्ता एवं संयोजक विदेश संपर्क विभाग डॉ. दिव्या गुप्ता ने जी-20 गौरवशाली अवसर विषय एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन ने आर्थिक विषय पर अपना वक्तव्य दिया। प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी ने आगामी केंद्र व राज्य सरकार के बजट पर केन्द्रित पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी। प्रदेश महामंत्री व राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार ने लोकसभा प्रवास योजना एवं प्रदेश सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने पर किए जाने वाले आयोजनों के विषय में विस्तार से जानकारी दी। वहीं प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल ने बूथ कार्य विस्तार योजना की चर्चा की। प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने फरवरी माह में होने वाली विकास यात्रा कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी। प्रदेश प्रवक्ता अर्चना चिटनीस ने राजनैतिक प्रस्ताव रखा। प्रदेश महामंत्री एवं विधायक हरिशंकर खटीक, प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक यशपाल सिसोदिया एवं प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री रामकिशोर कांवरे ने प्रस्ताव का समर्थन किया।

कोर कमेटी की बैठक आज :

भाजपा कोर कमेटी की बैठक बुधवार को बुलाई गई है। बैठक में पार्टी के भीतर के विषयों सहित चुनाव के हिडन प्लान पर भी चर्चा की जाएगी। इसके अलावा 2018 में हारी सीटों जैसे लहार, राघौगढ़, पिछोर, छिंदवाड़ा पर विजय प्राप्त करने की रणनिति तैयार होगी। कोर कमेटी की बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रिय संगठन महामंत्री अजय जमवाल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश सह-प्रभारी पंकजा मुंडे, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया शामिल होंगे।

अगामी दिनों में भाजपा के कार्यक्रम :

प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने बताया कि 11 फरवरी को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर बूथ स्तर पर आजीवन सहयोग निधि के कार्यक्रम हो। 6 अप्रैल को पार्टी स्थापना दिवस के कार्यक्रम होंगे। वहीं 14 अप्रेल को अंबेडकर जयंती के प्रदेश भर में आयोजन होंगे। 23 मई को मोदी सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर कार्यक्रम, 26 एवं 27 जनवरी को जिला बैठकें, 28 को मंडल कार्यसमिति और शक्ति केन्द्र की बैठक एवं 29 जनवरी को बूथ बैठक,जिसमें बूथ टोली, मन की बात कार्यक्रम को सुनेंगे। 2 फरवरी से 10 फरवरी के बीच केंद्र सरकार का बजट प्रस्तुत होगा। बजट पर चर्चा को लेकर अलग अलग प्रकोष्ठ प्रबुद्धजन संवाद के कार्यक्रम। 5 फरवरी को संत रविदास के पंचायत स्तर और 8 फरवरी को सागर में वृहद कार्यक्रम आयोजित होंगे।

यह भी हुआ और चर्चा में आ गया :

  • सुबह कार्यसमिति की बैठके का पहला सत्र के समाप्त होने से पहले ही पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती बैठक छोड़कर बाहर आई गई, उन्हें अचानक बाहर देखकर पत्रकारों ने उनसे सवाल किए तो उन्होंने कान पकड़े और पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा के साथ वाहन में बैठकर रवाना हो गई। इसके बाद उमा भारती ने ट्वीट कर कहा कि उनको बैठक में बहुत सम्मान दिया गया और वे बेहद आनंदित है और दो दिन के बाहर जा रही हूं। यह मामला काफी चर्चा में है।

  • भिंड सांसद संध्या राय प्रेस वार्ता में पत्रकारों को पार्टी द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के लिए किए गए निर्णयों की जानकारी दे रही , तभी पत्रकारों ने उनसे उज्जवला योजना के तहत सिलेंडर नहीं मिलने और मंहगाई को लेकर सवाल पूछे, तो सांसद अचानक ही मुस्कुराते हुए उठकर चली गई।

  • बैठक के दौरान भोजन अंतराल में मंत्री, पार्टी नेता हास-परिहास करते नजर आए, वहीं विरोधी नेताओं के बीच भी वर्तालाप के नजरें देखें गए।

  • जिला पंचाचत अध्यक्षों को पहली बार भाजपा कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने का मौका मिला।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.co