कारोबारियों के बीच विवाद में गोलियां चलीं
कारोबारियों के बीच विवाद में गोलियां चलींRajexpress

Bhopal News: पार्टनरी में खेती करने वाले कारोबारियों में विवाद, गोलियां चलीं, नाबालिग घायल

Bullets firing : घटना का कारण किसान और उनके पार्टनर के बीच सवा लाख रुपए के लेनदेन को लेकर चलने वाला विवाद बताया जा रहा है। घायल नाबालिग को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

MP Crime News: भोपाल। छोला मंदिर के रासलाखेड़ी इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब लोगों ने एक के बाद एक कई गोलियां चलने की आवाज सुनी। लोग घरों से बाहर आए तो देखा कि कार सवार दो लोग एक किसान के घर के बाहर हंगामा कर रहे हैं। गाली-गलौज व मारपीट के दौरान कार सवार दो लोगों में से एक ने पिस्टल से करीब आधा दर्जन फायर कर दिया। गोलियां चलते ही किसान ने घर के भीतर भागकर अपनी जान बचाई जबकि बाहर उनके 16 साल के नाबालिग भतीजे की बांह में गोली लग गई। दूसरा भतीजा भी मारपीट में घायल हुआ है। वारदात के बाद हवाई फायरिंग करते हुए आरोपी वहां से भाग खड़े हुए।

घटना का कारण किसान और उनके पार्टनर के बीच सवा लाख रुपए के लेनदेन को लेकर चलने वाला विवाद बताया जा रहा है। घायल नाबालिग को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हत्या का प्रयास व मारपीट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने गुरुवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसआई शिवकुमार द्विवेदी ने बताया कि रासलाखेड़ी, छोला मंदिर निवासी सुखदेव सिंह सरदार (35) खेती-किसानी करते हैं। बीते दिनों उन्होंने जोगीपुरा बरखेड़ी में रहने वाले धनराज कौशिक नाम के व्यक्ति के साथ पार्टनरशिप में खेती की थी। पार्टनरी के दौरान धनराज कौशिक के सुखदेव सिंह पर सवा लाख रुपए निकल रहे थे। सुखदेव सिंह पैसे लौटाने में आनाकानी कर रहा था।

इसी तारतम्य में पार्टनर धनराज कौशिक अपने साथी रविन्द्र प्रताप सिंह के साथ कार में सवार होकर रासलाखेड़ी स्थित सुखदेव सिंह के घर पहुंचा। उस समय लगभग सभी घरों के दरवाजे बंद थे। उसी दौरान धनराज कौशक व रविन्द्र प्रताप ने सुखदेव के घर के बाहर गाली-गलौज व हंगामा शुरू कर दिया। घर के बाहर शोर व हंगामा होता देख सुखदेव सिंह और उनके भतीजे गुरुविंदर सिंह (20) व सुख मंजीत(16) भी घर के बाहर आ गए। चाचा-भतीजों ने मिलकर धनराज व रविन्द्र प्रताप को हंगामा और गाली-गलौच करने से मना किया। इस पर धनराज कौशिक ने अपने पास रखी पिस्टल निकालकर उन पर फायरिंग शुरू कर दी। धनराज ने खासतौर से सुखदेव को निशाना बनाया था। सुखदेव अपनी जान बचाकर घर के भीतर भाग गया। फायरिंग के दौरान एक गोली नाबालिग भतीजे सुख मंजीत की बांह में लग गई। आरोपियों ने दूसरे भतीजे गुरुविंदर सिंह के साथ भी जमकर मारपीट की। आरोपियों ने बाद में भी फायरिंग की और कार में सवार होकर भाग निकले।

आरोपियों के फरार होने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर घायल सुख मंजीत को निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया था। थाना प्रभारी उदय सिंह भदोरिया ने बताया कि आरोपी धनराज कौशिक को सुखदेव सिंह से सवा लाख रुपए लेना थे। कई बार तकाजा करने के बाद भी सुखदेव पैसा नहीं दे रहे थे। दिन में घर पर जाने पर जवाब मिलता था कि वह तो देर रात घर आते हैं। लिहाजा धनराज कौशिक अपने साथी रविन्द्र प्रताप निवासी अरेरा कॉलोनी, को साथ लेकर सुखदेव सिंह के घर जा पहुंचे। वहां पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद फायरिंग की नौबत आ गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com