आखिर कब तक सहती रहेंगी महिलाएं?
आखिर कब तक सहती रहेंगी महिलाएं?Neha Shrivastava-RE

Bhopal : शहर में महिलाएं नहीं है सुरक्षित, 9 माह में 2425 अपराध

राजधानी में स्कूल-कॉलेज जाने वाली छात्राएं, कामकाजी महिलाएं और गृहणियां पूरी तरह से सुरक्षित नहीं हैं। हर माह एक महिला को उतारा जा रहा है मौत के घाट। रोजाना दो महिलाओं से रेप तो छेड़छाड़ भी रोजाना।

भोपाल, मध्यप्रदेश। राजधानी में स्कूल-कॉलेज जाने वाली छात्राएं, कामकाजी महिलाएं और गृहणियां पूरी तरह से सुरक्षित नहीं हैं। शहर में हर माह एक महिला को मौत के घाट उतारा जा रहा है वहीं एक महिला पर जानलेवा हमला किया जा रहा है। साल 2022 के शुरूआती 9 महीनों के आपराधिक आंकड़े तो यही कहानी बयां कर रहे हैं। महिला वर्ग पर कातिलाना हमलों से दहशत का माहौल है। घरेलू विवाद अथवा प्रेम-प्रसंग के चलते हमलावर राह चलती महिलाओं का खून बहाने से भी गुरेज नहीं कर रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में भोपाल में ऐसे मामले सामने आए हैं जिनमे सड़कों पर दिनदहाड़े महिलाओं पर जानलेवा हमला किया गया। हालत इतने नाजुक होते नजर आ रहे हैं कि प्रदेश के मुखिया को खुद मैदान में आकर आला अधिकारियों को लताड़ लगानी पड़ी।

9 माह में महिला अपराध के 2425 प्रकरण :

साल 2022 के शुरुआती 9 महीनों के दौरान राजधानी में 10 महिलाओं को मौत के घाट उतार दिया गया जबकि महिलाओं के साथ हत्या का प्रयास की 11 घटनाएं हुईं। 9 महीनों के दौरान ही महिलाओं के साथ साधारण मारपीट के 773 प्रकरण दर्ज हुए जबकि घरलू हिंसा की 595 एफआईआर दर्ज हुईं। इस दौरान महिलाओं की किडनेपिंग के 385, छेड़छाड़ के 385 और रेप के 320 मुकदमे पंजीबद्ध किए गए।

15 महिलाएं चढ़ी दहेज की बलि :

साल 2022 के शुरूआती 9 माह में दहेज हत्या के कुल 15 मामले सामने आए हैं। सबसे अधिक दहेज हत्या की 6 घटनाएं जुलाई माह में हुईं जबकि जनवरी, फरवरी व जून माह महिलाओं के लिए सुकून भरे रहे। इन तीन महीनों में दहेज हत्या का एक भी मामला सामने नहीं आया। लेकिन इस बीच दहेज प्रताड़ना के प्रकरण लगभग रोज ही दर्ज होते रहे।

रोजाना रेप और छेड़छाड़ :

साल 2020 के शुरूआती नौ माह के आंकड़ों से पता चलता है कि राजधानी में रोजाना कम से कम एक महिला रेप का शिकार हो रही है, जबकि रोजाना ही छेड़छाड़ की घटनाएं भी हो रही हैं। रेप की सबसे अधिक घटनाएं अप्रैल (47) व मई (47) माह में सामने आईं। छेड़छाड़ के सबसे अधिक 172 मुकदमे मार्च माह में दर्ज किए गए जबकि छेड़छाड़ की सबसे कम घटनाएं जुलाई (10) में हुईं।

महिला अपराध के कुछ सनसनीखेज मामले :

पेपर कटर से चीरा चेहरा :

टीटी नगर थाना क्षेत्र स्थित रोशनपुरा के पास ऑटो सवार तीन बदमाशों ने सीमा सोलंकी नामक महिला के साथ छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज कर महिला के चेहरे पर पेपर कटर से वार कर दिया। वार इतना घातक था कि डॉक्टरों को महिला के चेहरे पर 100 से अधिक टांके लगाने पड़े। सनसनीखेज वारदात के चर्चा में आते ही मुख्यमंत्री को मैदान में उतरना पड़ा। वह खुद महिला के घर पहुंचे और सहायता राशि के रूप में एक लाख रुपए भेंट किए। मुख्यमंत्री ने बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस के आला अधिकारियों को भी लताड़ लगाई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनमें से दो आरोपियों के घर के अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।

अधिकारी के खिलाफ थाने पहुंची पत्नी :

आईएएस अधिकारी और वन विभाग के डिप्टी सेक्रेटरी मोहित बुंदस के खिलाफ उनकी पत्नी ने महिला थाने में दहेज प्रताड़ना व मारपीट का प्रकरण दर्ज कराया। आईएएस अधिकारी के अलावा उनकी मां व दो बहनों को भी प्रकरण में सह-आरोपी बनाया गया। रिपोर्ट दर्ज कराने वाली आईएएस अधिकारी की पत्नी खुद भी आईआरएस (इंडियन रेवेन्यु सर्विस) हैं। पत्नी ने आरो लगाया कि वह पति से अलग रह रही हैं। 26 अप्रैल को पति उनके दफ्तर पहुंच गए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर मारपीट की।

कॉलेज में छात्रा का बनाया अश्लील वीडियो :

साल 2022 के सितंबर माह में सनसनीखेज मामला सामने आया। रायसेन रोड स्थित कॉलेज में डिप्लोमा कोर्स कर रही 19 वर्षीय छात्रा का बाथरूम में कपड़े बदलते समय अश्लील वीडियो बना लिया गया। कॉलेज के ही तीन पूर्व छात्र सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहे थे। बहुचर्चित मामले का खुलासा होने के बाद अशोका गार्डन पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.co