MP के मुख्यमंत्री का आदेश
MP के मुख्यमंत्री का आदेशSocial Media

बड़ी खबर: MP के मुख्यमंत्री ने जारी किया दीपावली से पहले सभी कर्मचारियों को वेतन देने का आदेश

भोपाल, मध्यप्रदेश : मुख्यमंत्री के निर्देश पर कोषालयों को आदेश, छुट्टी के दिन बनेंगे बिल, बाबुओं के अवकाश रद्द। शासकीय, संविदा और दैवेभो के साथ, आउट सोर्स कर्मियों को भी मिलेगा त्योहार के पूर्व वेतन।

भोपाल, मध्यप्रदेश। दीपावली का पावन पर्व आ रहा है, हिंदू धर्म में दीपावली के त्योहार को प्रमुख त्योहारों में से एक माना गया है। इस बीच सभी कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। खबर के बाद माह के अंत में दीवाली पर्व को लेकर चिंतित कर्मचारी परिवारों में अचानक खुशियां लौटी हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने त्यौहार पूर्व कर्मचारियों का वेतन भुगतान करने के निर्देश दिए तो कुछ पल उपरांत ही वित्त को आदेश जारी करना पड़े हैं। आदेश प्रति का प्रसारण होते ही विभागों में तेजी से बिल तैयार करने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।

कर्मचारियों को दीपावली पूर्व वेतन देने का आदेश :

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी कर्मचारियों को दीपावली के पूर्व वेतन देने का आदेश जारी किया है। सीएम चौहान ने अपने ट्वीट में इस बात की जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘दीपावली का पावन पर्व आ रहा है। हमारे सभी कर्मचारी साथी परिवार सहित दीपावली हषरेल्लास के साथ मनाएं, इसलिए हम इस माह का वेतन दीपावली से पहले देने का आदेश जारी कर रहे हैं। सभी कर्मचारी साथियों को दीपावली की बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं।‘

इस आदेश के अंतर्गत समस्त विभागों, निगम मंडलों, नगरीय निकायों और पंचायतों से लेकर विभिन्न परियोजनाओं में कार्यरत नियमित, संविदा, दैवेभो कर्मचारियों को त्यौहार के पूर्व वेतन का भुगतान किया जाएगा। वित्त विभाग के अधीन संचालक कोष एवं लेखा ने बाकायदा आदेश जारी किए हैं। संचालक डा. राजीव सक्सेना ने बताया कि शासन के प्राप्त निर्देशों के परिप्रेक्ष्य में दीपावली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए शासकीय सेवकों, को माह अक्टूबर 2022 (भुगतान माह नवम्बर) का वेतन त्यौहार के पूर्व भुगतान किया जाना है। इस संबंध में समस्त आहरण संवितरण अधिकारियों को तुरंत आवश्यक कार्यवाही हेतु सूचित करें। तथा उक्तानसार वेतन देयक पारित किया जाना सुनिश्चित करें। उक्त कार्य हेतु समस्त कोषालय 22 अक्टूबर को खुले रहेंगे। विभागों के अनुसार आउट सोर्स कर्मचारियों का वेतन भुगतान भी दीवाली पूर्व होगा, हालांकि आदेश में इसका उल्लेख नहीं है।

बाबुओं की छुट्टियां रद्द, बिल तैयार करना होंगे :

गुरुवार को आयुक्त कोष एवं लेखा ने कोषालयों को जैसे ही आदेश जारी किए तो विभागों में बिल तैयार करने का दौर भी प्रारंभ हुआ। विभागों में अनेक बाबू ऐसे हैं, जिन्होंने त्यौहार को लेकर छुट्टियां ली थीं। इनके सभी अवकाश रद्द कर दिए गए हैं। सक्षम अधिकारियों ने दोपहर में ही छुट्टी पर जाने वाले बाबुओं को कार्यालय तलब कर बिल तैयार करवाने का काम प्रारंभ किया। इधर शनिवार को अवकाश है, लेकिन बाबुओं को बिल तैयार कर कोषालय में जमा करवाने होंगे। कोष एवं लेखा ने आदेश में भी इसका जिक्र किया है।

सरकार की मंशानुसार काम करने का आग्रह :

इधर लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी मोर्चा अध्यक्ष एमपी द्विवेदी एवं समन्वयक मुकेश चतुर्वेदी ने अपने सभी लिपिकीय संवर्ग साथियों से आग्रह किया कि वह सरकार की मंशानुसार त्योहार पर लोक सेवकों का वेतन भुगतान कराने में पूरी ताकत से कार्य करें। ताकि दीवाली के पूर्व हर शासकीय सेवक को वेतन की राशि का भुगतान हो सके। उन्होंने कहा कि त्योहार के समय सेवकों के हितों में लिए गए निर्णय का पूरा कर्मचारी जगत मुख्यमंत्री का आभारी रहेगा।

मुख्यमंत्री का अभिनंदन करेंगे कर्मचारी : बताना होगा कि सेवकों को त्योहार पूर्व वेतन का भुगतान हो। इसके लिए शासन की कर्मचारी कल्याण समिति निरंतर प्रयासरत रही। कर्मचारी संघों द्वारा दिए गए पत्रों को समिति चेयरमेन रमेशचन्द्र शर्मा द्वारा सीएस तक पहुंचाया जाता रहा है। वहीं मुख्यमंत्री के सलाहकार एवं सामान्य वर्ग आयोग के अध्यक्ष शिव चौबे ने भी एक बार फिर सेतु की भूमिका निभाई। वह स्वयं कर्मचारियों की वेतन संबंधी समस्या से मुख्मयंत्री को व्यक्तिगत तौर पर अवगत करवा रहे थे। त्यौहार पूर्व वेतन भुगतान के आदेश से खुश कर्मचारियों के संगठन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त करेंगे। अजाक्स संघ ने आरक्षित वर्ग के सेवकों की ओर से सीएम का आभार माना है। कर्मचारी नेता उमाशंकर तिवारी, मुरारीलाल सोनी, मोहन अय्यर, सुभाष वर्मा, एसबी सिंह, ओपी कटियार, डीके यादव सहित अन्य नेताओं ने कहा कि शीघ्र ही सीएम का अभिनंदन किया जाएगा। इन्होंने यह भी मांग उठाई कि त्यौहार पर लंबित महंगाई भत्ते के आदेश भी जारी किए जाएं।

नगरीय निकाय के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के लिए भी अच्छी खबर :

इधर नगरीय निकाय के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के लिए भी अच्छी खबर है। शिवराज सरकार नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों को वेतन-भत्ते बढ़ाकर दिवाली गिफ्ट देने जा रही है। जिसका नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। कैबिनेट की मंजूरी के बाद सरकार इसे अध्यादेश के माध्यम से लागू करेगी।

मिली जानकारी के मुताबिक, नगर निगमों के महापौर, अध्यक्ष और पार्षदों के वेतन-भत्तों में 33 से 87% की बढ़ोत्तरी हो रही है, जबकि नगर पालिका के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व पार्षदों को 56 से 71% की ग्रोथ दी जा रही है। सबसे ज्यादा नगर परिषदों के अध्यक्ष के वेतन-भत्ते में 128% का इजाफा किया गया है। बता दें कि, नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों के वेतन-भत्तों में 12 साल बाद बढ़ोतरी की जा रही है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com