दिग्विजय सिंह की कार की टक्‍कर में बाइक सवार युवक घायल
दिग्विजय सिंह की कार की टक्‍कर में बाइक सवार युवक घायलSocial Media

दिग्विजय सिंह की कार की टक्‍कर में बाइक सवार युवक घायल, भोपाल रेफर

कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। खबर आई है कि, दिग्विजय सिंह की कार से गुरुवार को एक युवक घायल हो गया।

राजगढ़, मध्य प्रदेश। एमपी के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। खबर आई है कि, दिग्विजय सिंह की कार से गुरुवार को एक युवक घायल हो गया। युवक को प्राथमिक इलाज के लिए जिले के जीरापुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां से उसे भोपाल रेफर किया गया है। दिग्विजय सिंह भी घायल युवक का हालचाल जानने के लिए जीरापुर अस्पताल पहुंचे थे। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद युवक को बेहतर इलाज और जांचों के लिए भोपाल रेफर कर दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, हाल ही में कुछ दिनों पहले जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश पुरोहित की माताश्री का निधन हो गया था। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह गुरुवार को शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए जिला अध्यक्ष पुरोहित के गांव कोड़क्या पहुंचे थे। वहां से दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद वह वापस राजगढ़ की तरफ आ रहे थे। तभी जीरापुर में शिक्षक कालोनी के समीप बाइक सवार बब्लू पिता मांगीलाल बागरी (25) सड़क से गुजर रहा था। दिग्विजय सिंह की कार से उसकी बाइक की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बब्लू बाइक से नीचे जा गिरा व जख्मी हो गया। उसे सिर सहित शरीर के कई स्थानों पर चोटें आईं हैं।

बता दें कि, इसी दौरान ब्यावरा के पूर्व विधायक पुरूषोत्तम दांगी की गाड़ी मौके पर आ पहुंची। ऐसे में दांगी व उनके सहयोगियों ने घायल को उठाया व स्वयं की गाड़ी में बैठाते हुए उसे जीरापुर अस्पताल पहुंचाया। पीछे-पीछे दिग्विजय सिंह भी अस्पताल जा पहुंचे। उन्‍होंने अस्‍पताल में चिकित्‍सकों से घायल युवक के हालचाल के बारे में जानकारी ली और बेहतर इलाज मुहैया कराने के लिए कहा।

वहीं, दिग्‍विजय ने युवक सिर में चोट होने के चलते भोपाल रेफर करवाने की मांग की, ताकि उसका सीटी स्कैन करवाते हुए बेहतर उपचार हो सके। युवक को भोपाल रेफर किया गया है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.co