JyotiradityaScindia
JyotiradityaScindiaSocial Media

तीन राज्यों के चुनाव परिणाम पर बोले भाजपा नेता, देश की जनता का विश्वास हमारे नेतृत्व के साथ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व तथा जेपी नड्डा के मार्गदर्शन में चल रही हमारी सरकार सर्वसमावेशी सरकार है, जो समग्र विकास और अंत्योदय का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है।

राजएक्सप्रेस, ग्वालियर। तीन राज्य त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड के चुनाव परिणाम गुरुवार को घोषित किए गए। चुनाव परिणाम पर भाजपा नेताओं ने अपनी प्रतिक्रया दी है। केंद्रीय मंत्री केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि देश की जनता का विश्वास हमारे नेतृत्व के साथ है। वही मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि जनता गुड गवर्नेंस को समर्थन दे रही है।

चुनाव परिणाम पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व तथा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के मार्गदर्शन में चल रही हमारी सरकार एक सर्वसमावेशी सरकार है, जो समग्र विकास और अंत्योदय का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है। देश के हर कोने, कश्मीर से कन्याकुमारी तक और गुजरात से अरुणाचल प्रदेश तक यही भाव और संकल्प दिखाई देता है। जनता का विश्वास और आशीर्वाद हमारे नेतृत्व, हमारी त्रिमूर्ति के साथ है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नए साल के बजट में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने महिलाओं के लिए नई क्रांतिकारी योजना लाडली बहना की शुरुआत की है। इसके लिए मैं उनको हृदय से धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहा कि हमारी मातृशक्ति घर की शक्ति होती है, गांव की शक्ति होती है, शहर की शक्ति होती है और देश-प्रदेश की शक्ति होती है। लाडली बहना योजना हमारी मातृशक्ति का सशक्तीकरण करेगी। इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक बहन के खाते में हर माह एक हजार रुपये आएंगे, जिसके लिए प्रदेश सरकार ने 8000 करोड़ का बजट रखा है। हमारा मध्यप्रदेश महिला सशक्तीकरण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

जीवन बदलने के अभियान को मिल रहा जनता का समर्थन: विष्णुदत्त शर्मा

प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त ने कहा कि देश में होने वाले चुनावों में भारतीय जनता पार्टी लगातार विजयश्री हासिल कर रही है। इससे स्पष्ट है कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे गुड गवर्नेंस और गरीबों का जीवन बदलने के अभियान को अपना समर्थन दे रही है। भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारें गरीब कल्याण की जो योजनाएं चला रही हैं, जनता उन पर विश्वास करती है। केंद्रीय मंत्री अमित शाह एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जिस तरह से संगठन तंत्र को मजबूत किया है और प्रत्येक बूथ को सशक्त बनाया है, जिस तरह से पार्टी कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर मेहनत कर रहे हैं, पार्टी की लगातार हो रही जीत इसी का परिणाम है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि त्रिपुरा, नगालैण्ड और मेघालय में हुए चुनावों के जो परिणाम आए हैं, उनमें भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक बहुमत मिला है।

नागालैण्ड में भारतीय जनता पार्टी अपने गठबंधन के सहयोगियों के साथ पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है। मेघालय में पिछले चुनावों में पार्टी को सीटें मिली थीं, इस बार उससे ज्यादा सीटें मिली हैं और पार्टी का वोट शेयर भी बढ़ा है। यह दर्शाता है कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार सबका साथ, सबका विश्वास, सबका प्रयास के जिस मंत्र पर चल रही है, उस पर जनता विश्वास कर रही है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com