मुख्यमंत्री ने पीसी सेठी अस्पताल का लिया जायजा

मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने शनिवार को इंदौर में एक दिनी प्रवास के दौरान पीसी सेठी शासकीय चिकित्सालय में पहुंचकर तीसरी लहर से पूर्व बनाये गए 20 बिस्तरीय आईसीयू की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने पीसी सेठी अस्पताल का लिया जायजा
मुख्यमंत्री ने पीसी सेठी अस्पताल का लिया जायजाRaj Express

इंदौर, मध्यप्रदेश। इंदौर के पीसी सेठी शासकीय चिकित्सालय को कोरोना की तीसरी लहर के मद्देनजर गर्भवती महिलाओं और बच्चों के उपचार के लिये विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने शनिवार को इंदौर में एक दिनी प्रवास के दौरान पीसी सेठी शासकीय चिकित्सालय में पहुंचकर तीसरी लहर से पूर्व बनाये गए 20 बिस्तरीय आईसीयू की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मौजूद सीएमएचओ व सिविल सर्जन से ऑक्सीजन की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अस्पताल में तीसरी लहर की तैयारियों से बचने के लिए की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

इस दौरान वे पाँचवी मंजिल से सीढ़ियों के सहारे उतरकर तीसरी मंजिल पर बने नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई का भी अवलोकन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री दूसरी मंजिल पर सीढिय़ों से उतर कर यहां पुराने वार्ड का जीर्णोद्धार कर बनाये गए 30 बिस्तरीय ऑक्सीजन सपोर्टिव बेड की व्यवस्था भी देखी। साथ ही उन्होंने यहां स्टाफ नर्स और अस्पताल के डॉक्टर्स के अनुरोध पर स्टाफ के साथ फोटोसेशन किया। पूरे अस्पताल का अवलोकन करने के बाद मुख्यमंत्री ने रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा प्रदाय एडवांस लाइफ सपोर्टिव एम्बुलेंस का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अस्पताल के प्रांगण में बनाये गए ऑक्सीजन प्लांट का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री छप्पन दुकान पहुंचे :

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने इंदौर प्रवास के दौरान खानपान के लिए प्रसिद्ध तथा स्मार्ट सिटी में देश में पहला स्थान प्राप्त कर देश में विशेष पहचान दिलाने वाले छप्पन दुकान पहुंचे। यहां उन्होंने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत हुए कायाकल्प एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उल्लेखनीय है कि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत छप्पन दुकान में हुए कायाकल्प एवं विकास कार्यों को केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय द्वारा बिल्ट एनवायरमेंट श्रेणी में देश का प्रथम पुरस्कार दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने सुमित्रा महाजन के निवास पहुंचे :

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन से उनके निवास पहुंचकर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उनकी कुशलक्षेम जानी। श्री चौहान ने श्रीमती महाजन के स्वस्थ जीवन और दीर्घायु होने की कामना की।

बिजली कंपनी के जिम्मेदारों पर गिर सकती है गाज :

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान अचानक लाइट चली गई। इसको लेकर विद्युत वितरण कंपनी के जिम्मेदारों और अधीनस्थों पर कार्रवाई हो सकती है। वैसे कंपनी ने पूरी तैयारी की थी, लेकिन इसके बाद कुछ देर के लिए लाइट गुल हो जाने से कंपनी के जिम्मेदारों में हड़कंप मच गया।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com