CM शिवराज सिंह चौहान ने अपना जन्मदिन नहीं मनाने का लिया फैसला, जनता से की यह अपील
भोपाल, मध्य प्रदेश। पांच मार्च को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का जन्मदिन है। इसी बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की है कि, वो अपना जन्मदिन नहीं मनाएंगे। इसी के साथ उन्होने अपील की है कि, कोई भी व्यक्ति या पार्टी कार्यकर्ता उनके जन्मदिन पर होर्डिग्स न लगाए और किसी तरह की औपचारिकता न करें।
आपको बता दें कि, 5 मार्च को सीएम शिवराज का जन्मदिन होता है। इस दिन को लेकर बीजेपी कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में काफी उत्साह रहता है। इस खास दिन बीजेपी कार्यकर्ताओं और उनके समर्थक उनके लिए कई कार्यक्रम का आयोजन करते हैं। मगर इससे पहले आज सीएम ने ट्वीट करते हुए बताया कि, वो अपना जन्मदिन नहीं मनाएंगे।
सीएम ने ट्वीट कर कही यह बात:
सीएम ने ट्वीट करते हुए कहा है कि, "जन्मदिन किसी भी व्यक्ति के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण दिन होता है, लेकिन यह महत्वपूर्ण दिन महत्वपूर्ण कामों में ही लगे, सरकार के काम में लगे, जनता की सेवा में लगे। इसलिए मैंने फैसला किया है कि मैं अपना जन्मदिन नहीं मनाऊंगा।"
सीएम ने प्रदेशवासियों से की अपील:
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि, "मेरी आपसे अपील है कि मेरे जन्मदिन पर होर्डिंग न लगाएं और कोई औपचारिकता न करें, अगर आप मुझसे स्नेह करते हैं तो अपने घर या आसपास कहीं एक पौधा लगा दें या किसी जरूरतमंद भाई या बहन की छोटी सी मदद कर दें, मेरे लिए यही सबसे बड़ी शुभकामना होगी। आओ पौधे लगाएं, धरती को समृद्ध बनाएं।"
वहीं, अगर सीएम शिवराज सिंह चौहान के बारे में बात करे, तो सीएम शिवराज का जन्म 5 मार्च 1959 को मध्य प्रदेश के बुधनी जिले में हुआ था। उनके पिता का नाम श्री प्रेमसिंह चौहान और माता श्रीमती सुंदरबाई चौहान है। 23 मार्च 2020 को वे मध्य प्रदेश के चौथी बार मुख्यमंत्री बने और उनके नाम सबसे अधिक समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। शिवराज सिंह मध्यप्रदेश में सबसे लम्बे समय तक मुख्यमंत्री के रूप मे कार्यभार संभालने वाले पहले मुख्यमंत्री हैं।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।