"राष्ट्रीय हिन्दी दिवस" पर सीएम शिवराज ने कहा- मातृ भाषा उन्नति का सशक्त आधार है
हाइलाइट्स-
राष्ट्रीय हिन्दी दिवस आज।
राष्ट्रीय हिन्दी दिवस पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा- मातृ भाषा उन्नति का सशक्त आधार है।
भोपाल, मध्य प्रदेश। आज राष्ट्रीय हिन्दी दिवस मनाया जा रहा है। बता दें, पूरे देश में आज के दिन 14 सितम्बर को राष्ट्रीय हिंदी दिवस मनाया जाता है। ये दिन देश में हिंदी को बढ़ावा देने के लिए मनाया जाता है। हमारे देश की आधिकारिक भाषा के रूप में जानी जाने वाली हिंदी भाषा आज विश्व की तीसरी सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है। आज राष्ट्रीय हिन्दी दिवस पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी है।
शिवराज सिंह चौहान ने कही यह बात:
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट करते हुए कहा कि, "विशिष्ट और अप्रतिम गर्व के पर्याय "राष्ट्रीय हिन्दी दिवस" पर आप सभी को शुभकामनाएं! मातृ भाषा उन्नति का सशक्त आधार है। मेरा यह विश्वास है कि अपनी भाषा में व्यक्ति अपने विचारों को श्रेष्ठ ढंग से अभिव्यक्त कर सकता है। अतः अंग्रेजी बच्चों के सपनों की राह में कोई बाधा न बन सके, इसलिए हमने मध्यप्रदेश में मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई की व्यवस्था भी हिन्दी में प्रारंभ करवा दी है। मेरे बेटे-बेटियों तुम बड़े सपने देखो और उसे साकार करो, मैं और मेरी शुभकामनाएं सदैव तुम्हारे साथ हैं।"
नरोत्तम मिश्रा ने कही यह बात:
वहीं, मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने ट्वीट करते हुए कहा कि, "समस्त देश-प्रदेशवासियों व हिंदी प्रेमियों को राष्ट्रीय हिंदी दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। हिंदी राष्ट्रीय गौरव एवं देश की एकता की प्रतीक है। आइए आज के दिन हम सब अपनी मातृभाषा के साथ-साथ राजभाषा हिंदी का अधिक-से-अधिक प्रयोग करने और इसे उत्तरोत्तर समृद्ध करने का संकल्प लें।"
वीडी शर्मा ने कही यह बात:
वहीं, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने ट्वीट करते हुए कहा कि, "आप सभी को हिंदी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। राष्ट्रीय एकता की प्रतीक हिंदी केवल हमारी मातृभाषा ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति की अभिव्यक्ति का माध्यम भी है। आइये, इस अवसर पर हिंदी भाषा के उत्थान हेतु संकल्पित हों।"
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।