सीएम शिवराज ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं विनोबा भावे की पुण्यतिथि पर माल्यार्पण कर किया नमन
भोपाल, मध्यप्रदेश। आज भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं विनोबा भावे की पुण्यतिथि है। इस मौके पर देश उन्हें याद कर शत-शत नमन कर रहा है। बिरसा मुंडा की जयंती एवं विनोबा भावे की पुण्यतिथि पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें याद करते हुए नमन किया है।
सीएम ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर किया नमन :
मिली जानकारी के मुताबिक, आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निवास स्थित सभागार में मां भारती के गौरव तथा जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए लड़ने वाले जनजातीय नायक, भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती एवं भूदान आंदोलन के प्रणेता आचार्य विनोबा भावे जी की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
बता दें, जनजातीय नायक बिरसा मुंडा की जयंती पर आज मध्यप्रदेश के शहडोल में राष्ट्रपति की उपस्थिति में आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन के बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिरसा मुंडा जयंती पर सभी जनजातीय भाईबहनों को शुभकामनाएं दी हैं।चौहान ने ट्वीट के माध्यम से लिखा है,‘‘धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर उनके चरणों में कोटि कोटि नमन एवं आप सभी को जनजातीय गौरव दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं‘‘
सीएम शिवराज ने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा कि, आज का दिन ऐतिहासिक और अतिविशिष्ट है। बिरसा मुंडा की जयंती पर शहडोल में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति की उपस्थिति में पेसा एक्ट आधिकारिक तौर पर लागू किया जा रहा है। यह एक्ट जनजातीय भाई बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त करने के साथ ही उन्हें सामाजिक समरसता के साथ सामाजिक न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगा। आज से मध्यप्रदेश में नए युग की शुरूआत हो रही है।
वहीं आज स्वतंत्रता सेनानी, भूदान आंदोलन के प्रणेता, गांधीवादी नेता आचार्य विनोबा भावे की पुण्यतिथि है। विनोबा भावे की पुण्यतिथि पर सीएम शिवराज ने कहा कि, भूदान आंदोलन के प्रणेता और समाज के उत्थान के लिए जीवन समर्पित करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी भारत रत्न आचार्य विनोबा भावे जी की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटिश: नमन, आपके आदर्श और विचार देशवासियों का सदैव मार्गदर्शन करते रहेंगे।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।