कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गडकरी और CM शिवराज का संबोधन
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गडकरी और CM शिवराज का संबोधनKavita Singh Rathore - RE

Indore : कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गडकरी और CM शिवराज का संबोधन, कही यह बड़ी बातें

केन्द्रीय मंत्री गडकरी एवं CM शिवराज प्रदेश को करोड़ों की लागत में बनी सड़क परियोजनाओं की बड़ी सौगात देने इंदौर पहंचे। उन्होंने 5 सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास और वन वे साइड एमिनिटी का लोकार्पण किया।

इंदौर, मध्य प्रदेश। आज मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। जहां मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी हिस्सा लेने पहुंचे। इस कार्यक्रम के दौरान CM शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेशवासियों को लगभग 2 हजार 300 करोड़ रुपये की लागत वाली 5 सड़क परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी है। इसी दौरान उन्होंने 119 किलोमीटर लंबी 5 सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास एवं वन वे साइड एमिनिटी का लोकार्पण भी किया। इन दौरान इन दोनों ही लोगों ने उपस्थित जनता को संबोधित करते हुए अपने विचार प्रकट किये।

सांसद शंकर लालवानी ने किया कार्यक्रम का शुभारंभः

कार्यक्रम को प्रारंभ करते हुए स्वागत भाषण सांसद शंकर लालवानी द्वारा दिए गए। उन्होंने कहा कि, 'आज इंदौर के इतिहास में एक नया अध्याय लिखा गया है। इंदौर को एक बड़ी सौगात मिली है।' इसी के साथ उन्होंने इंदौर के विकास के लिये बनाये गये विजन डाक्यूमेंट के अनुसार विभिन्न विकास कार्य स्वीकृत करने का आग्रह केन्द्रीय मंत्री श्री गडकरी से किया।

प्रदेश वासियों को मिली बड़ी सौगात :

दरअसल, आज इंदौर में आयोजित हुए कार्यक्रम के दौरान प्रदेश वासियों को CM शिवराज सिंह चौहान द्वारा कई बड़ी सौगातें मिली हैं। इस मौके पर लोक निर्माण, कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री गोपाल भार्गव, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर, लोक निर्माण राज्य मंत्री सुरेश धाकड़, सांसद शंकर लालवानी, देवास के सांसद महेन्द्र ‍सिंह सोलंकी, नवनिर्वाचित महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित अन्य जनप्रिनिधि विशेष रूप से मौजूद थे। कार्यक्रम में सड़क परिवहन तथा राजमार्ग राज्य मंत्री श्री वी.के. सिंह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से शामिल हुए। यह कार्यक्रम सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा आयोजित किया गया।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने प्रदेशवासियों को किया संबोधित :

बताते चलें, इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि, 'स्वराज को सुराज में बदलना हमारा मिशन है। चौतरफा विकास हम सबकी महती जवाबदारी है। इंदौर ही नहीं बल्कि पूरे मध्यप्रदेश और समूचे देश में अधोसरंचनाओं का निर्माण तेजी से हो रहा है। यह हमारा जनता के प्रति उत्तरदायित्व है। जनता ने जो हमे दिया है, वह हम उन्हें लौटा रहे हैं। सड़कों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सड़कों के निर्माण और इससे जुड़े अधोसंरचनाओं तथा परिवहन संबंधी परियोजनाओं में नई और उन्नत तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे जहां एक ओर लागत में बड़ी कमी आ रही है, वहीं दूसरी ओर गुणवत्ता में भी सुधार हो रहा है।'

नितिन गडकरी का आव्हान :

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने आव्हान करते हुए कहा है कि, 'निर्माण के क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों का भरपूर उपयोग किया जाए। इसके लिये जरूरी है कि विशेषज्ञों की मदद ली जाए, बेस्ट प्रेक्टिसेस का अध्ययन किया जाए। पर्यावरण सुधार की ओर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है। प्रदूषण से मुक्ति के लिये वाहनों में ईधन के गैर परम्परागत स्त्रोत का उपयोग किया जाना चाहिए। इससे जहां एक ओर सस्ता ईधन प्राप्त होगा, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण सुधरेगा तथा यात्रियों की भी कम किराया देना होगा। इसके लिये इलेक्ट्रिक, बायो गैस, बायो डीजल, ग्रीन हाईड्रोजन, बायो मिथेनॉल आदि गैर पारम्परिक स्त्रोतों से संचालित वाहनों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। जब तेजी से दुनिया बदल रही है तो ऐसे वक्त में ट्रांसपोर्ट सेक्टर को भी तेजी से बदलना होगा। किसान को ऊर्जा दाता बनाना होगा। यह प्रयास करने की जरूरत है कि हम ऊर्जा का आयात करने वाला देश नहीं बल्कि निर्यात करने वाला देश बनाए। नए विजन के साथ कार्य करें।

नितिन गडकरी ने आगे कहा कि, 'केन्द्र सरकार द्वारा सड़कों और इससे जुड़ी अधोसरंचनाओं का तेजी से विकास हो रहा है। मध्यप्रदेश मे भी इस दिशा में तेजी से काम हो रहे हैं। 2014 के बाद अकेले मध्यप्रदेश में ही ढाई लाख करोड़ रूपये लागत के कार्य स्वीकृत, निर्मित तथा प्रगतिरत है। हमारा लक्ष्य है कि इसे बढ़ाकर 2024 तक चार लाख करोड़ रूपये कर दिये जाएंगे।

विकास परियोजनाओं को दी मंजूरी :

बताते चलने, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आग्रह पर मध्यप्रदेश में सड़क संबंधी विभिन्न विकास परियोजनाओं को मंजूरी देने की घोषणाएं की। इसमें प्रमुख रूप से 20 फ्लाईओवर को मंजूर करने तथा 14 जगहों पर रोपवे संबंधी कार्य भी शामिल है।

CM शिवराज सिंह चौहान का संबोधन :

इस मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए प्रदेश मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, 'प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में गौरवशाली, वैभवशाली तथा समृद्धशाली देश का निर्माण हो रहा है। देश में हो रही विकास तथा प्रगति के कार्य किसी चमत्कार से कम नहीं है। अकल्पनीय चहुमुखी विकास और प्रगति हो रही है। मध्यप्रदेश में भी विजन के साथ कार्य किये जा रहे है। केन्द्र शासन से भरपूर सहयोग मिल रहा है। इंदौर विकास का इंजन है। आने वाले दस सालों में यह शहर बैंगलोर और हेदराबाद को पीछे छोड़ देगा। इंदौर मेरे सपनों का शहर का है। इसके विकास में कोई कोर-कसर नहीं रखी जायेगी।'

CM शिवराज सिंह चौहान ने आगे कहा कि, 'हमारा सपना है कि, परिवहन सेवा के लिये अब आसमान का उपयोग भी किया जाए। इसके लिये इंदौर में केबल कार के संचालन और पार्किंग के लिये मल्टीलेवल प्लाजा बनाने तथा बसपोर्ट की आवश्यकता होगी। प्रदेश के पिछड़े हुए चम्बल जैसे बीहड़ क्षेत्र के विकास का काम भी केन्द्र सरकार के सहयोग से हाथ में लिया गया है। इससे प्रगति के नए आयाम स्थापित होंगे।'

सड़क परिवहन राज्य मंत्री वी.के. सिंह ने भी रखी अपनी बात :

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री वी.के. सिंह ने कहा कि, 'मध्यप्रदेश के 52 जिले नेशनल हाईवे से जुड़ गये है। केन्द्र सरकार से प्रयासों से यात्रियों को अब बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। इंदौर की भी चौतरफा कनेकटिविटी हो रही है। सड़कों का तेजी से विकास हो रहा है। इससे परिवहन सुधार में तो फायदा मिलेगा ही, वहीं दूसरी ओर धार पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र को भी लाभ मिलेगा। सड़को के निर्माण से उद्योग, व्यापार तथा रोजगार बढ़ेगा।'

गोपाल भार्गव ने सड़क को बताया विकास का मुख्य आधार :

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री श्री गोपाल भार्गव ने कहा कि, 'सड़कें विकास का मुख्य आधार है। प्रदेश में सड़क सहित बिजली, पानी आदि मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। सड़क निर्माण के लिये केन्द्र सरकार का भरपूर सहयोग प्राप्त हो रहा है। सड़कों के विकास से प्रदेश की तस्वीर बदल रही है। गुणवत्तापूर्ण सड़कें बन रही है। इससे यातायात सुगम हो रहा है और यात्रियों को जाम से मुक्ति मिल रही है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com