Congress Candidate List: नेता-कार्यकर्ताओं के विरोध का असर, कांग्रेस ने बदले 4 उम्मीदवार
हाइलाइट्स :
इससे पूर्व भी कांग्रेस ने तीन उम्मीदवारों के नाम बदले थे।
सुमावली विधानसभा सीट से कांग्रेस पार्टी ने पहले कुलदीप सिकरवार को प्रत्याशी बनाया था।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के बंगले के बाहर कार्यकर्ताओं ने किया था काफी विरोध।
भोपाल। कांग्रेस द्वारा उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद कई नेता और कार्यकर्ताओं ने विरोध किया था। जिसके बाद बुधवार को कांग्रेस ने चार उम्मीदवार बदल दिए हैं। कांग्रेस पार्टी ने सुमावली, पिपरिया, जावरा और बड़नगर से अपना उम्मीदवार बदल दिया है। सुमावली से अजब सिंह कुशवाह, पिपरिया से वीरेन्द्र बेलवंशी, जावरा से वीरेन्द्र सिंह सोलंकी और बड़नगर से मुरली मोरवाल को प्रत्याशी घोषित किया गया है। इससे पूर्व भी कांग्रेस द्वारा जारी सूची में तीन उम्मीदवारों के नाम बदले गए हैं।
सुमावली - अजब कुशवाह
सुमावली विधानसभा सीट से कांग्रेस पार्टी ने पहले कुलदीप सिकरवार को प्रत्याशी बनाया था। जिसके कारण वर्तमान विधायक अजब कुशवाह नाराज होकर कांग्रेस छोड़ बसपा मे शामिल हो गए थे। सुमावली विधानसभा सहित लगभग 5 से 6 सीटों पर कुशवाह वोटर अत्यधिक मात्रा मे हैं। कुशवाह मतदाताओं की नाराजगी को देखते हुए कुलदीप सिकरवार की जगह फिर से अजब कुशवाह को प्रत्याशी बनाया गया है।
पिपरिया- वीरेन्द्र बेलवंशी
पिपरिया विधानसभा सीट के प्रत्याशी गुरूचरण खरे की जगह वीरेन्द्र बेलवंशी को टिकट मिला है। वीरेन्द्र बेलवंशी के समर्थकों ने गुरूचरण को बाहरी प्रत्याशी बताकर विरोध किया था, इसलिए क्षेत्रीय प्रत्याशी वीरेन्द्र रघुवंशी को गुरूचरण के स्थान पर उम्मीदवार बनाया गया है।
बड़नगर- मुरली मोरवाल
बड़नगर विधानसभा सीट में राजेन्द्र सिंह सोलंकी की जगह पर मुरली मोरवाल को टिकट दिया गया है। मुरली मोरवाल कांग्रेस से विधायक हैं। टिकट कटने के कारण विधायक के समर्थकों ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के बंगले के बाहर काफी विरोध किया था। अब प्रत्याशी बदलकर राजेन्द्र सिंह सोलंकी की जगह पर फिर से मुरली मोरवाल को उम्मीदवार बनाया गया है।
जावरा- वीरेन्द्र सिंह सोलंकी
जावरा विधानसभा सीट से हिम्मत श्रीमाल को कांग्रेस पार्टी ने टिकट दिया था, लेकिन वीरेन्द्र सिंह सोलंकी के समर्थकों ने काफी विरोध किया था। कई जगह पर पुतले भी फूंके गए, बढ़ते विरोध को देखते हुए कांग्रेस पार्टी ने प्रत्याशी बदलने का फैसला लिया है। बुधवार को पार्टी ने सूची जारी कर हिम्मत श्रीमाल की जगह पर वीरेन्द्र सिंह सोलंकी को उम्मीदवार बनाया है।
कांग्रेस द्वारा जारी की गई प्रत्याशियों की सूची।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।