चुनाव से पहले कांग्रेस को लगा झटका- पूर्व MLA सत्यप्रकाश सखवार ने थामा भाजपा का दामन
भोपाल, मध्यप्रदेश। एमपी में जैसे-जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आती जा रही है, वैसे ही राजनीतिक घमासान देखने को मिल रहा है, कई नेता एक पार्टी को छोड़कर दूसरी में शामिल हो रहे हैं। इस कड़ी में अब पूर्व विधायक सत्यप्रकाश सखवार ने भाजपा का दामन थामा है।
सखवार ने VD शर्मा की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता ली
मध्यप्रदेश के मुरैना जिले से विधायक रहे कांग्रेस के नेता सत्यप्रकाश सखवार ने आज भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ले ली। सखवार ने यहां भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता ली।
पेशे से वकील सखवार मुरैना जिले की अंबाह विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी के विधायक रह चुके हैं। वे बसपा विधायक दल के नेता भी थे। वर्ष 2019 में उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ले ली थी। इसके बाद अब उन्होंने कांग्रेस का हाथ छोड़ कर भाजपा का दामन थाम लिया है। इस अवसर पर उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पार्टी में कोई नेता नहीं है। पार्टी गुटों-गुटों में बंटी हुई है, जहां किसी की सुनवाई नहीं होती।
नरोत्तम मिश्रा ने किया ट्वीट:
मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने ट्वीट कर लिखा- प्रधानमंत्री के सक्षम नेतृत्व से प्रेरित होकर भाजपा में आए बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधायक सत्यप्रकाश सखवार जी का पार्टी में स्वागत करता हूं सखवार ने आज भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष व संगठन महामंत्री की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
सखवार के रूप में प्रभावी नेतृत्व भाजपा के साथ आया : VD शर्मा
भारतीय जनता पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष और लोकसभा सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने आज कहा कि अब तक कांग्रेस में रहे वरिष्ठ नेता सत्यप्रकाश सखवार के रूप में समाज का एक प्रभावी नेतृत्व आज भाजपा के साथ आया है। VD शर्मा ने अपने बयान में कहा कि सखवार बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी विधायक दल के नेता रहे हैं। उन्होंने आज भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में भाजपा हर गरीब के जीवन को बदलने का काम कर रही है। सखवार के रूप में समाज का एक प्रभावी नेतृत्व आज भाजपा के साथ आया है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।