Congress Vachan Patra
Congress Vachan PatraRE-Bhopal

कांग्रेस का वचन पत्र जारी, जनता से किए 1290 वादे, रिक्त पदों पर भर्ती समेत नंदिनी गौ योजना सबसे प्रमुख

Congress Vachan Patra: कांग्रेस के इस वचन पत्र में महिला, किसान, युवा और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से शामिल किया गया है।

हाइलाइट्स :

  • वचन पत्र में 59 विषय, 225 मुख्य बिंदु भी शामिल है।

  • नंदिनी गौ योजना के तहत 2 रुपए प्रति किलो के हिसाब से खरीदा जाएगा गोबर।

  • 7 वर्गों के लिए अलग से पत्र बनाया गया है।

भोपाल, मध्यप्रदेश। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने मंगलवार को अपना वचन पत्र जारी कर दिया है। इस वचन पत्र में 1290 वादे किये गए हैं। 7 वर्गों के लिए अलग से पत्र बनाया गया है। वचन पत्र में 59 विषय, 225 मुख्य बिंदु भी शामिल है। कांग्रेस के वचन पत्र में महिला, किसान, युवा और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से शामिल किया गया है। किसानों के लिए वादा किया गया है कि, धान 25 सौ रुपए और गेंहू 26 सौ रुपए में खरीदा जाएगा साथ ही गोबर को भी नंदिनी गौ योजना के तहत 2 रुपए प्रति किलो के हिसाब से खरीदा जाएगा। प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए ‘पदक लाओ-पद पाओ’ योजना लाने का वादा कांग्रेस ने किया है।

कांग्रेस ने किसान कृषि ऋण माफी, महिलाओं को सम्मान निधि, ​घरेलू गैस सिलेंडर 500 रुपए, इंदिरा गृह ज्योति योजना, पुरानी पेंशन योजना, किसान आंदोलन के पुराने प्रकरण वापस लेना, जातिगत जनगणना, तेंदूपत्ता की मजदूरी की दर 4000 रुपए समेत मध्यप्रदेश में निःशुल्क स्कूली शिक्षा और आदिवासी अधिूसचित क्षेत्रों में पेसा एक्ट के वादे पूर्व में किए थे। इनके आलावा अब कुछ और भी वचन कांग्रेस द्वारा दिए गए है।

किसानों के लिए किये गए वादे:

  • किसानों को गेहूं 2600 रुपए और धान 2500 रूपए मूल्य के हिसाब से खरीदा जाएगा।

  • 5 हार्सपॉवर निःशुल्क बिजली देने के साथ 10 हार्सपॉवर तक 50 प्रतिशत छूट देंगे।

  • किसानों को फ्रेण्डली एप उपलब्ध कराएंगे।

  • नंदिनी गोधन योजना से 2 रुपए प्रति किलो की दर से गोबर खरीदी।

  • 1000 गौशालाएं पुनः प्रारंभ करेंगे।

  • गो ग्रास अनुदान बढ़ाएंगे।

  • सहकारी क्षेत्र के माध्यम से दूध खरीदी पर 5/- रूपये प्रति लीटर बोनस देंगे।

  • मछुआरों कृषकों को मत्स्य का अधिकार देंगे।

  • सहकारी संस्थाओं में 50 प्रतिशत महिलाओं को आरक्षण देंगें।

  • खेतिहर श्रमिकों को फसल रक्षक का नाम देंगे एवं प्रशिक्षण देकर किट देंगे।

युवाओं को दिए गए वचन:

  • सरकारी भर्ती का कानून बनाया जाएगा।

  • 2 लाख सरकारी पद भरे जाएंगे।

  • प्रत्येक ग्राम पंचायत में दो-चार नए पद निर्मित कर भरेंगे।

  • प्रदेश के युवाओं को ही सरकारी नौकरी में प्राथमिकता मिले, इस हेतु आगे बढ़ेंगे।

  • प्रतियोगी परीक्षा शुल्क में 100 प्रतिशत छूट देंगे।

  • ​युवा स्वाभिमान के अंतर्गत जरूरतमंद शिक्षित बेरोजगार युवाओं को 1500 से 3000/- रूपए तक प्रतिमाह आर्थिक सहायता 2 वर्ष के लिए देंगे।

  • मध्यप्रदेश में डिजिटल यूनिवर्सिटी शुरू करेंगे।

  • छात्र संघ के नियमित चुनाव कराएंगे।

  • प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के  लिए ‘पदक लाओ-पद पाओ’, पदक लाओ-करोड़पति बन जाओ, पदक लाओ-कार जीतो, पदक लाओ-छात्रवृत्ति पाओ योजना आरंभ करेंगे।

महिलाओं के किये गए वादे :

  • बेटियों के विवाह की नई योजना- 1 लाख 1 हजार रूपए की सहायता मिलेगी।

  • महिलाओं के स्टार्ट अप के लिए रूपए 25 लाख तक का ऋण 3 प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध कराएँगे।

  • आवासहीन ग्रामीण महिलाओं को आवास एवं आजीविका के लिए 5000 वर्गफुट का भूखण्ड देंगे।

  • महानगरीय बस सेवा में परिवहन हेतु निःशुल्क पास उपलब्ध कराएंगे।

  • आंगनवाड़ी सहायिका एवं कार्यकर्ताओं को नियमित करने के लिए नियम बनाएंगे।

पत्रकारों से किए गए वादे:

  • पत्रकारों की सम्मान निधि राशि बढ़ाकर 25 हजार करेंगे।

  • ​पत्रकारों का निःशुल्क स्वास्थ्य बीमा परिवार सहित कराएंगे।

  • पत्रकार परामर्श समिति का गठन करेंगे।

  • ​पत्रकारों के लिए महानगरों में न्यू सिटी का निर्माण करेंगे।

  • समाचार पत्रों, पत्रिकाओं एवं डिजिटल समाचार पत्रों/चैनलों को विज्ञापन देने के लिए नए नियम बनाएंगे।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.co