वन विहार को ऐसा विकसित करें कि सिंगापुर से भी लोग नाइट सफारी के लिए यहां आएं

श्री चौहान ने प्रशासन अकादमी में आयोजित मुख्य वन संरक्षक एवं वनमंडल अधिकारियों की एक दिवसीय कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि वन क्षेत्र में नवाचार बढ़ाने की आवश्यकता है।
मुख्य वन संरक्षक एवं वनमंडल अधिकारियों की एक दिवसीय कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए
मुख्य वन संरक्षक एवं वनमंडल अधिकारियों की एक दिवसीय कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुएSocial Media

हाइलाइट्स :

  • मुख्यमंत्री ने किया वन अधिकारियों की एक दिवसीय कार्यशाला में संवाद

  • मध्यप्रदेश में वन क्षेत्र का बढऩा पूरी दुनिया के लिए शुभ समाचार

  • भोपाल वन विहार में आरंभ करें नाइट सफारी

भोपाल, मध्य प्रदेश। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में वन क्षेत्र बढ़ना दुनिया के लिए शुभ समाचार है। श्री चौहान ने बुधवार को यहां प्रशासन अकादमी में आयोजित मुख्य वन संरक्षक एवं वनमंडल अधिकारियों की एक दिवसीय कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि वन क्षेत्र में नवाचार बढ़ाने की आवश्यकता है। भोपाल में वन विहार अपने आप में एक बड़ी सौगात है। इसे ऐसे मॉडल के रूप में विकसित करें कि सिंगापुर से भी लोग नाइट सफारी के लिए यहां आएं। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के इस दौर में यह मनुष्य ही नहीं, प्राणी मात्र की रक्षा के लिए आवश्यक है। प्रदेश में वन क्षेत्र बढऩा दुनिया के लिए शुभ समाचार है।

उन्होंने कहा कि जनता की सेवा और पर्यावरण संरक्षण वन सेवा के अधिकारियों और कर्मचारियों का दायित्व है। वन क्षेत्र में रह रहे लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहना जरूरी है। सभी पात्र व्यक्तियों को बिना किसी परेशानी के वनाधिकार अधिनियम के तहत पट्टे प्राप्त हों। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को बचाने की जितनी जिम्मेदारी वनवासियों की है, उतनी ही अन्य लोगों की भी है। वनवासियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हो। वन क्षेत्र में सक्रिय विभिन्न माफिया पर सख्त कार्रवाई जरूरी है। वन क्षेत्र में हो रहे नए कब्जों को रोका जाए। प्रदेश के टाईगर स्टेट बनने, तेंदुआ, घडिय़ाल और गिद्धों की संख्या बढऩे पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने वनाधिकारियों को बधाई दी।

अपनी जमीन पर लगे पेड़ों के उपयोग संबंधी नियमों में हो सरलीकरण :

मुख्यमंत्री ने कहा कि वन क्षेत्र का विस्तार जनता के सहयोग से ही हुआ है। इसमें वन समितियों का कार्य सराहनीय है। झाबुआ इसकी मिसाल है। कृषि वानिकी को बढ़ाने की आवश्यकता है। इंदौर में कार्बन क्रेडिट की दिशा में समाज के स्तर पर हुए कार्य की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि अपनी जमीन पर लगे पेड़ों के उपयोग के संबंध में नियमों के सरलीकरण की जरूरत है। वनाधारित गतिविधियों और वनोपज के विक्रय में रोजगार के अवसर बढ़ाने की आवश्यकता है। कोरोना काल में वन औषधियों का महत्व बढ़ा है। हमें वन क्षेत्र से लकड़ी के अलावा और किन-किन गतिविधियों से आय हो सकती है, इस पर विचार करना होगा।

हर हाल में सुनिश्चित की जाएगी वन अमले की सुरक्षा :

मुख्यमंत्री ने कहा कि वन अमले की सुरक्षा हर हाल में सुनिश्चित की जाएगी। प्रदेश के सकल घरेलू उत्पाद में वन का योगदान दो प्रतिशत है। इसे बढ़ाकर हमें पांच प्रतिशत करना है। आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए निर्धारित रोडमैप के तहत वन विभाग से संबंधित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने की आवश्यकता है। उन्होंने स्थानीय जलवायु के अनुसार प्राकृतिक रूप से लगने वाली वृक्ष प्रजातियों को वृक्षारोपण में महत्व देने की आवश्यकता बताई। इस कार्यशाला में वन मंत्री कुंवर विजय शाह, प्रमुख सचिव वन अशोक वर्णवाल, प्रधान मुख्य वन संरक्षक राजेश श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

वन आधारित गतिविधियों में देश में प्रथम होगा मध्यप्रदेश : वन मंत्री

वन मंत्री कुंवर विजय शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में वन विभाग वन और वन्यप्राणियों की सुरक्षा तथा वनों के विस्तार में सफल रहा है। हम मध्यप्रदेश को वन आधारित गतिविधियों में देश में प्रथम स्थान पर लाने की ओर अग्रसर हैं। वन मंत्री ने वनों और वन विभाग के कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए नियमों में संशोधन की आवश्यकता बताई। उन्होंने वन्य क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित हॉट एयर बैलून तथा बफर में सफर जैसे नवाचारों की जानकारी भी दी। प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री राजेश श्रीवास्तव ने कार्यशाला की रूपरेखा प्रस्तुत की।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com