गौवर्धन पूजा और प्राकृतिक खेती विषय पर कार्यक्रम सम्पन्न
गौवर्धन पूजा और प्राकृतिक खेती विषय पर कार्यक्रम सम्पन्न Social Media

पर्यावरण संरक्षण के साथ ही प्राकृतिक खेती का महत्व भी समझना होगा - स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी

रायसेन में नरापुरा स्थित श्री कृष्ण गौशाला में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी के मुख्य आतिथ्य में पर्यावरण संरक्षण, गौवर्धन पूजा एवं प्राकृतिक खेती विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

रायसेन, मध्य प्रदेश। रायसेन में नरापुरा स्थित श्री कृष्ण गौशाला में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी के मुख्य आतिथ्य में पर्यावरण संरक्षण, गौवर्धन पूजा एवं प्राकृतिक खेती विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा द्वारा गौवर्धन पूजा तथा गाय की पूजा की गई और सभी के सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की गई। साथ ही उन्होंने गौशाला में पौधरोपण भी किया।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि गौवर्धन पूजा प्राचीन काल से चली आ रही है। यह प्रकृति की पूजा है तथा हमें पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देती है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में, सभी जिलों में गौवर्धन पूजा पर पर्यावरण संरक्षण, गौवर्धन पूजा और प्राकृतिक खेती से जुड़े कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आव्हान पर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों को प्राकृतिक खेती, जैविक खेती अपनाने के लिए सरकार द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके लिए किसानों को प्रशिक्षण भी दिलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सभी को प्राकृतिक खेती, जैविक खेती का महत्व समझना होगा। रासायनिक खाद के उपयोग से मृदा की उर्वरक क्षमता कम हो रही है, साथ ही स्वास्थ्य पर भी विपरीत असर हो रहा है। प्रदेश में जैविक खेती को बढ़ावा देने के साथ ही गौशालाओं को बहुउपयोगी उपयोग बनाया जा रहा है। अनेक गौशालाओं में गौमूत्र और गोबर से खाद बनाई जा रही है। इस जैविक खाद का उपयोग खेती में करने पर उत्पादन में वृद्धि तो होती ही है, साथ ही खेती की उर्वरक क्षमता भी बढ़ती है। इसके अलावा गोबर से गौकाष्ठ सहित अन्य उत्पाद भी बनाए जा रहे हैं। सरकार द्वारा इन उत्पादों के विक्रय को प्रोत्साहन देने के लिए बाजार उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने श्री कृष्ण गौशाला को विधायक निधि से पांच लाख रू देने की घोषणा करते हुए कहा कि नागरिक भी अपनी क्षमता अनुरूप सहयोग करें, जिससे कि यहां अधिक संख्या में गौवंश को रखने के लिए शेड का निर्माण कराया जा सके।  

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण करना जरूरी है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रतिदिन एक पौधा लगाया जा रहा है। उन्होंने सभी लोगों से पौधरोपण करने की अपील करते हुए कहा कि लोग अपने और परिजनों के जन्मदिवस, शादी की सालगिरह सहित अन्य महत्वपूर्ण तिथियों में पौधरोपण जरूर करें। साथ ही इन पौधों की देखरेख और सुरक्षा भी करें जिससे कि वह वृक्ष का आकार ले सकें।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा ने कहा कि आज रायसेन सहित सम्पूर्ण प्रदेश में व्यापक स्तर पर गौवर्धन पूजा, पर्यावरण संरक्षण, जैविक खेती पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सरकार द्वारा गौवर्धन पूजा को जनअभियान बनाते हुए पर्यावरण की रक्षा के साथ ही प्राकृतिक खेती और गौवंश संरक्षण से भी जोड़ा गया है। गौवर्धन पूजा प्रकृति को बचाने का महाअभियान है। सभी लोग इससे जुड़े और अधिक से अधिक संख्या में पौधरोपण करें।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमृत मीणा, जिला पंचायत सीईओ श्री पीसी शर्मा तथा श्री मलखान सिंह ने भी संबोधित किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मीणा द्वारा श्री कृष्ण गौशाला को 11 हजार रू की राशि दी गई। कृषि विभाग के उप संचालक श्री एनपी सुमन द्वारा उपस्थित किसानों, नागरिकों को जैविक खेती के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ प्रमोद अग्रवाल, श्री जमना सेन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, किसान, पशुपालक और नागरिक उपस्थित थे।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.co