किलागेट पर 29 सम्पत्तियों की तुड़ाई पूरी
किलागेट पर 29 सम्पत्तियों की तुड़ाई पूरीसांकेतिक चित्र

Gwalior : किलागेट से हजीरे तक टूटनी थी 38 संपत्ति, 29 भवन स्वामियों ने स्वयं तुड़ाई की

ग्वालियर, मध्यप्रदेश : 23 नवंबर को निशान लगाकर चस्पा किया था 6 घंटे का नोटिस। मंगलवार तक 29 सम्पत्तियों की तुड़ाई पूरी हो चुकी है। बाकी सम्पत्तियों को भी जल्द तोड़ा जाएगा।

ग्वालियर, मध्यप्रदेश। सेवा नगर से किलागेट तक सड़क चौड़ीकरण के लिए काम शुरू हो गया है। यहां ठेकेदार ने नाली निमार्ण शुरू कर दिया है। नाली निर्माण का काम पूरा होते ही सड़क निर्माण का काम शुरू होगा। वहीं दूसरी तरफ किलागेट से हजीरा तक 38 मकान दुकानें तोड़े जाने थे। इसमें 29 भवन स्वामियों ने स्वयं तुड़ाई कर ली है। यहां बने सरकारी स्कूल को नगर निगम द्वारा ही तोड़ा जाएगा। अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। तुड़ाई पूरी होने के साथ ही दोनों तरफ सड़क निर्माण शुरू किया जाएगा। सोमवार रात निगम अमले ने नाली निर्माण में बाधक बन रहे सरकारी प्याऊ को जेसीबी से तोड़ दिया। रात में मलबा भी हटा दिया गया था।

नगर निगम अमले ने अभियान चलाकर सेवा नगर से किलागेट होते ही हजीरा चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण के कार्य को तेज कर दिया है। सेवा नगर में मकान तोड़ने के साथ ही नाली निर्माण शुरू कर दिया गया है। एक तरफ से निगम अमला मलबा भी हटा रहा है और बाकी बचे मकानों को तोड़ने के लिए भी भवन स्वामियों को अंतिम चेतावनी दी जा चुकी है। यहां 6 मंदिर तुड़ाई से बचे हुए थे, जिन्हें हटाने के लिए कलेक्टर को पत्र लिखा गया था। इनमें से दो मंदिरों में पुजारी परिवार ने स्वयं तुड़ाई शुरू कर दी है। बाकी बचे चार मंदिरों को भी जल्द तोड़ा जाएगा। अधिकारियों ने बाकी बचे निर्माण तोड़ने के लिए अंतिम चेतावनी जारी कर दी है। समय सीमा में अगर निर्माण नहीं तोड़े गए तो निगम अमला फिर से तुड़ाई करेगा। वहीं दूसरी तरफ किलागेट से हजीरा चौराहे तक 38 सम्पत्तियों पर तुड़ाई के लिए निशान लगाए गए थे। 23 सिंतबर को तुड़ाई की हद में आने वाली सम्पत्तियों पर 6 घंटे का नोटिस चस्पा किया गया था। इसे देखते हुए भवन स्वामियों ने स्वयं तुड़ाई शुरू कर दी थी। मंगलवार तक 29 सम्पत्तियों की तुड़ाई पूरी हो चुकी है। बाकी सम्पत्तियों को भी जल्द तोड़ा जाएगा।

सोमवार रात 11 बजे हटाया सरकारी प्याऊ :

सेवा नगर के रास्ते पर सरकारी प्याऊ नाली निर्माण में बाधक बन रहा था। इस प्याऊ को तोड़ने के लिए सोमवार रात 11 बजे अभियान चलाया गया था। जेसीबी मंगाकर निगम अमले ने प्याऊ को तोड़ दिया। कार्यवाही के दौरान भवन स्वामियों में दहशत व्याप्त हो गई थी। सब सोच रहे थे कि रात में बाकी बचे मकानों को तोड़ा जाएगा। लेकिन मौके पर मौजूद निगम अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सिर्फ प्याऊ तोड़ा जा रहा है। बाकी किसी मकान को रात में नहीं तोड़ा जाएगा।

इनका कहना है :

किलागेट से हजीरा तक लोग स्वंय अपनी सम्पत्तियां तोड़ रहे हैं। जिन सम्पत्तियों पर तुड़ाई के निशान लगे थे उनमें से 80 प्रतिशत लोगों ने स्वंय अतिक्रमण हटा लिया है। बाकी बची सम्पत्तियों पर भी जल्द कार्यवाही की जाएगी।

राकेश कश्यप, जेडओ, नगर निगम

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.co