श्रीराम जन्मोत्सव पर शहर में निकली ऐतिहासिक शोभायात्रा
श्रीराम जन्मोत्सव पर शहर में निकली ऐतिहासिक शोभायात्राPrafulla Tiwari

Narmadapuram : श्रीराम जन्मोत्सव पर शहर में निकली ऐतिहासिक शोभायात्रा

नर्मदापुरम, मध्यप्रदेश : कोरोना संक्रमण के कारण पिछले 2 वर्षों से अपने आराध्य मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का जन्मदिन मनाने के लिए उदास रहे राम भक्तों का उत्साह चरम पर रहा।

नर्मदापुरम, मध्यप्रदेश। शहर में राम जन्मोत्सव आज पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कोरोना संक्रमण के कारण पिछले 2 वर्षों से अपने आराध्य मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का जन्मदिन मनाने के लिए उदास रहे राम भक्तों का उत्साह चरम पर रहा। शहर में श्रीराम जन्म उत्सव के उपलक्ष्य में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। शोभायात्रा का नगर के विभिन्न चौक चौराहों और मार्गों पर श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। शोभायात्रा में सौभाग्यवती महिलाएं सिर पर मंगल कलश धरे आगे-आगे चल रही थी, तो बैंड बाजों की धुन पर थिरकते हुए श्रीराम भक्त जय श्रीराम के जयघोष का नारा लगाते हुए नाच रहे थे। आज नर्मदापुरम श्रीराम मय हो गया। शोभायात्रा सेठानी घाट से सेन्ट्रल बैंक, मोरछली चौक, सतरास्ता, अमर चौक, जयस्तम्भ चौक, सराफा चौक से वापिस सेठानी घाट पहुंची। शोभायात्रा में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए।

श्रीराम जन्मोत्सव के उपलक्ष में निकली शोभायात्रा का सबसे महत्वपूर्ण और सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का मॉडल रहा। मॉडल बनाने में अपनी विशेष रूचि और आस्था रखने वाले शहर के प्रमुख समाजसेवी डा. वैभव शर्मा ने बताया कि अयोध्या में श्रीराम भक्तों की सदियों की प्रतीक्षा और कभी ना भूले जाने वाले बलिदान के बदले अब रामलला का भव्य मंदिर तैयार हो रहा है। शहर के राम भक्तों ने अयोध्या में बन रहे श्री राम जन्मभूमि मंदिर का हूबहू मॉडल तैयार करवाया और उसे एक विशाल वाहन में शोभायात्रा में शामिल किया। जैसे ही श्रीराम जन्म भूमि मंदिर का मॉडल शोभायात्रा के साथ शहर में निकला, तो राम भक्तों के सिर श्रद्धा से इस कदर झुक गए मानो कि श्री अवधपुरी में साक्षात श्री राम जन्मभूमि मंदिर का दर्शन कर रहे हो।

डा. शर्मा ने बताया कि कलाकारों की कलाकारी को दाद देना पड़ेगी, जिन्होंने भव्य श्री राम मंदिर का ऐसा मॉडल तैयार किया शोभायात्रा का एक खास आकर्षण यह था कि बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं सभी शोभायात्रा में शामिल हुए और जो शामिल नहीं हुए उन्होंने रास्ते में घरों की छतों से शोभायात्रा पर श्री राम जन्म भूमि मंदिर के मॉडल पर इतने भक्ति भाव से पुष्पों की वर्षा की मानो साक्षात श्रीराम के चरणों में पुष्प समर्पित कर रहे हो। इस ऐतिहासिक शोभायात्रा में आज दस हजार से ज्यादा लोग शामिल हुए। अपने आराध्य का जन्म दिवस मनाने के लिए राम भक्त पिछले 2 वर्ष से प्रतीक्षा कर रहे थे चैत नवरात्र में भगवती की साधना आराधना के बाद भक्तों को 2 वर्ष के बाद आज अवसर मिला कि वह मर्यादा पुरुषोत्तम का जन्मदिन अपनी इच्छा और अपनी भावना के अनुरूप मना सकें। यही कारण रहा कि आप संभाग के तीर्थ के जाने वाले नर्मदापुरम के हर मंदिर में श्री राम जन्म उत्सव की धूम रही। मंदिरों में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का विशेष श्रृंगार किया गया, आकर्षक झांकी सजाई गई और दोपहर 12 बजे महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में भक्तगण शामिल हुए।

इस मौके पर पं. भवानीशंकर शर्मा, पूर्व विधायक गिरिजाशंकर शर्मा, विधायक सीतासरन शर्मा, पीयूष शर्मा, अरुण शर्मा, प्रताप महाराज, गोपाल प्रसाद खड्डर, महेन्द्र चौकसे, लोकेश तिवारी, दिनेश तिवारी, कौषलेश तिवारी, केके थापक, मुन्नू दुबे, प्रमोद सोनी, हंस राय, गोविन्द राय, मनीष शर्मा, प्रशांत दीक्षित, जित्तू तिवारी, गोलू तिवारी, विकास नारोलिया, राजेश अत्रे, बलराम शर्मा, गोपाल गुप्ता, ब्रजेश गोलानी, चन्नी दिबोलिया, नीरजेश त्रिपाठी, राकेश शर्मा, प्रशांत तिवारी, सागर शिवहरे, अर्पित मालवीय, पूनम मेषकर, युवराजदत्त तिवारी, गजेन्द्र राव, रिंकू शर्मा, अशोक द्विवेदी, चंद्रभान सिंह, सुनील राजपूत, मुन्ना उपाध्याय, राजेन्द्र उपाध्याय, पंकज शुक्ला, सौरभ थापक, अजय रतनानी, सौरभ तिवारी, बल्ला राय, लखन दुबे, रामसेवक शर्मा, देवेन्द्र रूसिया, मुन्ना ग्वाला, गोपाल चौकसे, जवाहर लाल राय, संदीप तिवारी, इंद्र कुमार सोनी, सागर पटेल, ऋषभ शुक्ला, चरणजीत सिंह, रोहित गौर, प्रशांत तिवारी, मनोहर बड़ानी, केतन चतुर्वेदी, जिला प्रचारक तरूण यादव, नगर कार्यवाहक अरुण राणा, आदित्य सेठा, आलोक शर्मा, अशीष गुप्ता, सत्या चौहान, प्रशांत श्रीवास के अलावा तहसीलदार शैलेन्द्र बड़ोनिया, सीएमओ विनोद शुक्ला सहित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

सेठानी घाट पर महाआरती :

नर्मदा के प्रसिद्ध सेठानी घाट पर श्रीराम जन्म उत्सव के उपलक्ष में आज विशेष कार्यक्रम आयोजन किया गया यहां पर कई वर्षों से श्री रामायण रामचरित मानस का अखंड पाठ चल रहा है। सुबह से ही भजन कीर्तन के साथ श्रीराम धुन का सिलसिला शुरू हुआ जो अनवरत जारी रहा। जैसे 12 बजे श्री राम जन्म उत्सव मनाया गया, आसपास के मंदिरों में भी श्रीराम जन्मोत्सव के उपलक्ष में मंदिरों की विशेषता सज्जा की गई।

शोभायात्रा का हर गली, चौक चौराहे पर नगर के लोगों ने किया उत्साह से किया स्वागत :

भगवान श्रीराम की शोभायात्रा जैसे ही सेठानी घाट से शुरू हुई तो जय श्रीराम के जयघोष से गनन गुजायमान हो गया। जहां श्रद्घालुओं में जमकर उत्साह देखा गया तो वहीं विभिन्न समाज के बंधुओं, व्यापारियों, समाजसेवियों के साथ-साथ आम लोगों ने भव्य शोभायात्रा का स्वागत किया। पुष्प वर्षा की। स्थानीय मोरछली चौक चौक पर सोनी समाज के लोगों ने श्रीराम की पूजा-अर्चना कर शोभायात्रा पर पुष्पवर्षा की। भाग्यश्री लाज के सामने विधायक विजयपाल सिंह के भाई अजयपाल सिंह एवं मित्र मंडल ने शोभायात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। भगवान श्रीराम की पूजा की एवं शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुगणों का भी स्वागत किया। इतवारा बाजार में सिक्ख समाज के लोगों ने श्रीराम की पूजा अर्चना कर शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को शरबत पिलाया। इसके साथ ही मुस्लिम समाज के लोगों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया।

सतरास्त पर काली मंदिर समिति ने किया शोभायात्रा का स्वागत :

सत्संग चौक सेठानी घाट से शुरू हुई श्रीराम नवमी शोभायात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। सतरास्ता पर माँ काली मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रकाश शिवहरे ने भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना कर शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया। वहीं पुराने थाने के साथ समाजसेवी नीरजा फौजदार के नेतृत्व में अनेक स्वयंसेवी संस्थाओं की महिलाओं ने भगवान श्रीराम की पूजा अर्चना की एवं फूलमालाओं से शोभायात्रा का स्वागत किया। सराफा चौक पर अग्रवाल समाज के द्वारा स्वागत किया गया।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com