Indore Ger
Indore GerSocial Media

HOLI : इस बार पूरी तैयारी के साथ गेर को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल करने के प्रयास होंगे

कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने कहा कि परम्परागत गेर को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल कराने के लिये एक बार फिर पुरजोर प्रयास किये जायेंगे। पुख्ता दस्तावेजों के साथ प्रस्ताव तैयार कर भेजा जायेगा।

इन्दौर, मध्य प्रदेश। इंदौर में रंगों का त्यौहार रंगपंचमी 12 मार्च को मनाई जाएगी। इस दिन पूरा शहर रंगों से सराबोर होगा। परम्परागत रूप से निकाली जाने वाली इंदौर की गेर को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल कराने के लिये एक बार फिर प्रयास किये जायेंगे। इस संबंध में पूर्ण दस्तावेजों के साथ पुख्ता प्रस्ताव तैयार कर भेजा जायेगा। दस्तावेजी करण के लिये विभिन्न माध्यमों से दस्तावेज एकत्र किये जायेंगे। गेर को लेकर फोटोग्राफी प्रतियोगिता इंदौर टूरिज्म प्रमोशनल काउंसिल के माध्यम से आयोजित की जायेगी।

गेर संबंधी व्यवस्थाओं के लिए यहां कलेक्टर कार्यालय में गेर आयोजकों की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में पुलिस आयुक्त हरिनारायण चारी मिश्र, कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मनीष कपूरिया, एडीएम अजयदेव शर्मा तथा अभय बेड़ेकर सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस के अधिकारी मौजूद थे।

परंपरागत मार्गों से ही निकलेगी गेर 

बैठक में गेर आयोजन के संबंध में व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। गेर आयोजकों से उनके सुझाव भी लिये गये। बताया गया कि शहर में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी रंगपंचमी पर गेर निकलेंगी। यह गेर अपने पंरपरागत मार्गों से निकाली जाएगी।

इस बार गेर और फाग यात्रा की भरमार 

इस बार रंगपंचमी पर टोरी कार्नर महोत्सव समिति, संगम कार्नर, मॉरल क्लब, रसिया कार्नर, राधाकृष्ण फाग यात्रा, श्री कृष्ण फाग यात्रा, संस्था संस्कार, बाणेश्वर समिति, माधव फाग यात्रा आदि द्वारा गेर व फाग यात्रा निकाली जाएगी। इसके अलावा अन्य संस्थाओं द्वारा भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रंगारंग गेर निकाली जाएंगी।

गेर से संबंधित फोटोग्राफ व वीडियो का होगा संग्रहण

बैठक में कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने कहा कि इंदौर की परम्परागत गेर को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल कराने के लिये एक बार फिर पुरजोर प्रयास किये जायेंगे। पुख्ता दस्तावेजों के साथ प्रस्ताव तैयार कर भेजा जायेगा। उन्होंने आग्रह किया कि जिनके पास भी गेर के संबंध में दस्तावेज हो, वे कलेक्टर कार्यालय में जमा करा सकते है। उन्होंने कहा कि इस बार दस्तावेजी करण पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। फोटोग्राफ, वीडियो सहित अन्य दस्तावेजों का संग्रहण होगा। बैठक में उन्होंने कहा कि बेहतर प्रबंधन के साथ गेर का आयोजन हो। आयोजक अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। अनुशासन का पूरा ध्यान रखा जाये। वॉलेंटियर्स की सूची पुलिस दी जाये। उन्होंने निर्देश दिये कि राजबाड़ा, गोपाल मंदिर सहित अन्य प्रमुख भवनों के सौंदर्यीकरण के संरक्षण के लिये उन्हें अच्छे से कवर किया जाये। उन्होंने विद्युत सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिये। साथ ही कहा कि खतरनाक भवनों को चिन्हित कर उन पर सूचना पटल लगाया जाये।

शराब व मादक पदार्थ लेकर आने वालों पर होगी कार्रवाई 

पुलिस आयुक्त हरिनारायण चारी मिश्र ने सुरक्षा व्यवस्था संबंधी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गेर के दौरान सीसीटीवी और अन्य माध्यमों से निगरानी रखी जायेगी। उन्होंने कहा कि यह प्रयास किये जायें कि कोई भी व्यक्ति शराब या अन्य मादक पदार्थ पीकर गेर में शामिल नहीं हो। महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान रखा जायेगा। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान किसी के भी साथ अभद्रता का व्यवहार नहीं हो। इंदौर की गौरवशाली परम्परा को पूरी तरह कायम रखा जाये। बैठक में सभी संबंधित विभागों को बेरिकेटिंग, आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था, जल की उपलब्धता, मार्ग दुरस्तीकरण आदि की जवाबदारिया सौपी गई।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com