देर रात चला गौरव उत्सव का मुख्य समारोह
देर रात चला गौरव उत्सव का मुख्य समारोहRaj Express

Indore Gaurav Diwas : देर रात चला गौरव उत्सव का मुख्य समारोह

मुख्यमंत्री की विशेष उपस्थिति में मां अहिल्या की जन्म तिथि पर मनाया गया गौरव दिवस। श्रेया घोषाल ने सुनाए एक से एक नगमें, मनोज मुंतशिर ने सुनाई देवी अहिल्या बाई की गाथा।

इंदौर मध्यप्रदेश। इंदौर में सात दिवसीय इंदौर गौरव महोत्सव का आयोजन किया गया। इस आयोजन का समापन मंगलवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से किया गया। मंगलवार 31 मई को मां अहिल्या की जन्म तिथि पर गौरव दिवस का आयोजन किया गया। नेहरू स्टेडियम के मुक्ताकाश परिसर में भव्य और विशाल रूप से आयोजित समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मौजूद थे। इंदौर गौरव महोत्सव के अंतर्गत इंदौर में सात दिन तक लगातार विभिन्न आयोजन किये गये। इन आयोजनों में अपार उत्साह और उल्लास का वातावरण था, जिससे इंदौर में पूरी तरह उत्सवी माहौल में था।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया कार्यक्रम को संबोधित :

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि इंदौर लोक माता अहिल्या देवी का शहर है। इस शहर की अपनी एक विशिष्ट पहचान है। यह शहर विकास और समृद्धि की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस शहर को हम जनसहयोग से विश्व के सबसे बेहतर शहरों में शामिल करेंगे। यह शहर जनभागीदारी का जीता जागता उदाहरण है। यह कला, संस्कृति एवं शिक्षा की नगरी है। स्वच्छता की दिशा में इस शहर ने विश्व में अपनी नई पहचान कायम की है। इंदौर ने जैसा गौरव दिवस मनाया है वह अदभुत है। इंदौर का अनुकरण अब पूरा प्रदेश करेगा। उन्होंने इंदौर के विकास और इसको नई पहचान दिलाने के लिये अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं की। मुख्यमंत्री चौहान ने इंदौर में देवी अहिल्या बाई का भव्य स्मारक बनाने की घोषणा की और कहा कि इस संबंध में बनाये जाने वाले ट्रस्ट की अध्यक्षता पूर्व लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन करेंगी। जल्द ही इस परिकल्पना को साकार रूप दिया जायेगा। उन्होंने स्वर कोकिला स्व. सुश्री लता मंगेशकर की स्मृति में इंदौर के राजेन्द्र नगर क्षेत्र में बन रहे ऑडिटोरियम और चिमनबाग स्थित शासकीय संगीत महाविद्यालय का नामकरण उनके नाम पर करने की भी घोषणा की। साथ ही उन्होंने कहा कि संगीत महाविद्यालय को विशाल स्वरूप दिया जायेगा। उन्होंने इंदौर शहर को भिक्षुक मुक्त शहर बनाने की घोषणा भी की और कहा कि यह शहर दानवीरों का शहर है, इस शहर में भिक्षावृत्ति की कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि इंदौर आईटी के क्षेत्र में तेजी से बड़ा हब बन रहा है। इस शहर में स्टार्टअप भी तेजी से विकसित हो रहे हैं। इंदौर में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। इन्हीं संभावनाओं को मूर्त रूप देने के लिये सुपर कॉरिडोर पर स्टार्टअप पार्क बनाया जायेगा। बीजासन से एबी रोड पर एकानॉमिक कॉरिडोर बन रहा है। इससे बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार मिलेगा। औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर से जुड़े इंदौर के देपालपुर के लिये औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जायेगा। कार्यक्रम के प्रांरभ में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने स्वागत उदबोधन दिया।

कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायिका श्रेया घोषाल तथा गीतकार मनोज मुंतशिर की प्रस्तुति हुई। साथ ही इंदौर का गौरव बढ़ाने वाली विभूतियों का सम्मान किया गया।

इंदौर गौरव दिवस के मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ श्री गणेश वंदना, मां अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन तथा कन्या पाद पूजन कर किया गया। कार्यक्रम में नर्मदा अष्टक, सुश्री रागिनी मक्खर व उनकी टीम द्वारा मां अहिल्याबाई होल्कर पर आधारित नृत्य की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर इंदौर गौरव गान का अनावरण भी हुआ।

इंदौर गौरव महोत्सव के अंतर्गत विगत 7 दिनों तक आयोजित गतिविधियों पर आधारित वीडियो का प्रदर्शन किया गया। इंदौर गौरव दिवस की थीम पर आधारित आकर्षक लेजर शो भी हुआ। मां अहिल्याबाई होल्कर की गौरव गाथा पर आधारित मनोज मुंतशिर की काव्यात्मक प्रस्तुति भी हुई। प्रख्यात गायिका श्रेया घोषाल ने अपने सुमधुर गीतों से समा बांध दिया।

मुख्यमंत्री और विजयवर्गीय ने भी गाया गाना :

श्रेया घोषाल जब प्रस्तुति देने आई तो उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी गाना गाने की गुजारिश की। मुख्यमंत्री ने भी उनकी उस मांग को माना और मंच से गाना प्रस्तुत किया। उनका साथ भाजपा के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने दिया।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com