अंतरराष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन : 15 देशों के 350 विद्वान, शोधार्थी का जमावाड़ा , राष्ट्रपति करेंगी उद्घाटन
भोपाल, मध्यप्रदेश। 15 देशों से 350 विद्वान, चिंतक, शोधार्थी और मंत्रियों का जमावाड़ा भोपाल में होगा। यह सभी सांची बौद्ध-भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय और इंडिया फाउंडेशन द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित 7वां अंतरराष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन में शामिल होगे। नए युग में मानववाद का सिद्धांत पर केंद्रित यह सम्मलेन 3 से 5 मार्च 2023 तक कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय सभागार में होगा। समारोह का उद्घाटन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा 3 मार्च को दोपहर 12 बजे किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में राज्यपाल मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर एवं सांची बौद्ध-भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. नीरजा गुप्ता शामिल होंगे।
धर्म-धम्म के वैश्विक विचारों को एक मंच प्रदान करने वाले इस सम्मेलन में 15 देशों से 350 से अधिक विद्वान शामिल हो रहे हैं। इस बार भूटान, मंगोलिया, श्रीलंका, इंडोनेशिया, थाइलैंड, वियतनाम, नेपाल, दक्षिण कोरिया, मॉरिशस, रूस, स्पेन, फ्रांस, अमेरिका और ब्रिटेन से सम्मेलन में सहभागिता होगी।
तीन दिन में 4 मुख्य सत्रों में 25 विद्वान बोलेंगे
तीन दिन में 4 मुख्य सत्रों में 25 विद्वान अपने -अपने विषय का निरुपण करेंगे। इसी दौरान 15 समानातंर सत्र भी होंगे जिनमें सम्मलेन की थीम नए युग में मानववाद का सिद्धांत पर केंद्रित 115 शोधपत्र पढ़े जाएंगे। इस बार के सम्मलेन में एक अनूठा मंत्री सत्र भी होगा जिसमें पांच देशों के मंत्री सांस्कृतिक सामंजस्य और विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे। इस सत्र में भूटान, श्रीलंका, इंडोनेशिया, नेपाल और भारत के मंत्री शामिल होंगे। अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन की सह-अध्यक्ष और सांची विवि की कुलपति डॉ. नीरजा गुप्ता ने बताया कि सम्मेलन भारत से प्रतिपादित मानवीय मूल्यों के वैश्विक असर को रेखांकित करता है। पश्चिम के देशों में भारतीय संस्कृति और दर्शन से प्रतिपादित सिद्धातों के प्रति बहुत जिज्ञासा है और सांची विवि इसी दिशा में शोध और अध्ययन पर केंद्रित है।
लोकगीतों की प्रस्तुति भी होगी
कार्यक्रम के दौरान होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मध्यप्रदेश की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर की प्रस्तुति की जाएगी। इस दौरान जनजातीय नृत्य का आयोजन होगा। देश विदेश में प्रसिद्धि पा चुके मध्य प्रदेश की धूलिया जनजाति के गुदुंग बाजा का भी प्रदर्शन इस दौरान होगा। मां नर्मदा को समर्पित लोकगीतों की प्रस्तुति भी इस दौरान की जाएगी।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।