राजासाहेब दिग्विजय जी, अहंकार त्याग कर लोगों को अपनाना और सम्मान देना सीखें: सिंधिया
MP Politics : एमपी में चुनाव से पहले आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति अपने चरम पर बनी हुई है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों पार्टी के नेता एक-दूसरे तंज कस रहे है। अब ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) ने बयान देते हुए दिग्विजय सिंह (Digvijaya Singh) पर जमकर हमला बोला है।
सिंधिया का दिग्विजय सिंह पर हमला:
बता दें, अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ता से बदसलूकी करने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह अब कई जगह ट्रोल होते जा रहे हैं, इस मामले में अब केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बयान देते हुए कांग्रेस के नेता को खरी खोटी सुनाई है।
दिग्विजय सिंह को सिंधिया ने दी ये सीख :
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह को अहंकार त्यागने और कार्यकर्ताओं को सम्मान देने की सीख दी है।
सिंधिया ने आज अपने ट्वीट में कहा कि अपनी पार्टी के ही नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ षडयंत्रकारी तरीके से पेश आने व दुर्व्यवहार करने की दिग्विजय सिंह की पुरानी आदत रही है। उन्हें लगता है सभी उनके इशारे पर रिमोट की तरह काम करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने दिग्विजय सिंह को संबोधित करते हुए कहा कि ‘राजासाहब‘, अहंकार त्यागें, लोगों को अपनाना और सम्मान देना सीखें।
साथ ही उन्होंने एक वीडियो ट्वीट किया है, जिसमें सिंह किसी कार्यक्रम में मंच पर हैं। वे मंच पर चढ़ रहे एक पार्टी नेता से ये कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि वे मंच से उतर कर नीचे बैठ जाएं। कुछ ही देर में वे मंच से उतर रहे पार्टी के उस नेता पर गुस्सा करते हुए भी सुनाई दे रहे हैं। ये वीडियो दो दिन पहले प्रदेश के बुरहानपुर में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन का बताया जा रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस ने एकजुटता अभियान के दौरान बुरहानपुर में दिग्विजय सिंह पार्टी के एक मुस्लिम नेता पर भड़क गए थे, सिंह ने कार्यक्रम के दौरान उसे मंच से नीचे उतार दिया था।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।