MP में फिर कांग्रेस की सरकार बनेगी और किसान भाइयों का कर्ज माफ होगा: कमलनाथ
भोपाल, मध्यप्रदेश। कांग्रेस कई योजनाओं का ऐलान कर रही है, ऐसे में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ लगातार बयान देते हुए कह रहे है कि, मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही किसानों का कर्जा माफ होगा। आज फिर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने एक बार फिर सरकार आने पर किसानों की कर्जमाफी का ऐलान किया है।
कमल नाथ ने किया ट्वीट:
कमलनाथ ने ट्वीट कर लिखा है कि, मध्यप्रदेश में लगभग 34 लाख किसानों के डिफाल्टर हो जाने के समाचार सामने आ रहे हैं। जब कांग्रेस सत्ता में थी तो हमने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ कर दिया था और बाकी किसानों का कर्ज माफ करने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। किसान विरोधी शिवराज सरकार ने किसानों की कर्ज माफी बंद कर दी और किसानों को कर्ज के दलदल में धकेल दिया। मैं मध्यप्रदेश के किसान भाइयों को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि कुछ महीने बाद प्रदेश में फिर से कांग्रेस पार्टी की सरकार बनेगी और किसान भाइयों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा।
हम प्रदेश के किसानों के जीवन में खुशहाली लाएंगे और उन्हें कर्ज के चंगुल से मुक्ति दिलाएंगे। हम भाजपा की तरह जुमले नहीं उछालते, जो कहते हैं वह करके दिखाते हैं।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ
साल 2023 MP के लिहाज से चुनावी साल:
साल 2023 मध्यप्रदेश के लिहाज से चुनावी साल है। इसी साल मध्यप्रदेश समेत देश के 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। सभी राजनीतिक पार्टी चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। ऐसे में सत्ताधारी बीजेपी और विपक्षी दल कांग्रेस कोई मौका नहीं छोड़ना चाहती है। बीजेपी से शिवराज सिंह चौहान तो कांग्रेस की ओर से कमलनाथ ने मोर्चा संभाल लिया है। चुनाव को देखते हुए कमलनाथ ने कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है ऐसे में कमलनाथ लगातार कई योजनाओं की घोषणा कर रहे है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।