MP News : खालिस्तानी पन्नू ने BJP नेता को दी जान से मारने की धमकी
सीहोर, मध्यप्रदेश। खालिस्तानी आतंकी पन्नू ने मध्यप्रदेश के एक भाजपा नेता को जान से मारने की धमकी दी है, इस धमकी की शिकायत भाजपा नेता ने एसपी से की हैं और कार्रवाई की मांग की है, सूचना मिलते ही पुलिस इस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। इससे पहले आतंकी पन्नू ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर जूता फेंकने का चैलेंज किया था। इसके लिए उसने 25 हजार डॉलर का इनाम देने की घोषणा भी की थी।
पूर्व अध्यक्ष जसपाल सिंह को क्यों मिली धमकी :
सीहोर जिला पंचायत व नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा को और PM मोदी को जान से मारने की धमकी दी है। दरअसल, खालिस्तानी पन्नू ने मुख्यमंत्री शिवराज को धमकी वाला वीडियो वायरल होने के बाद पूर्व अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा ने भी ऐलान कर दिया था कि, जो पन्नू का सिर काटकर लाकर देगा, उसे 10 करोड़ रुपए का इनाम मिलेगा।
इस ऐलान के बाद खालिस्तानी पन्नू ने उन्हें मंगलवार शाम करीब साढ़े 7 बजे फोन कर उन्हें और पीएम मोदी को मारने की धमकी दी। उन्होंने इसकी शिकायत एसपी से की है। अननोन नंबर की जांच कर कार्रवाई की मांग भी की जा रही है।
पन्नू भारत का वांटेड आतंकवादी :
गुरपतवंत सिंह पन्नू भारत का वांटेड आतंकवादी है। वह मूल रूप से पंजाब के खानकोट का रहने वाला है। उसने सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के नाम से खालिस्तानी आतंकी संगठन बनाया है। इसका वह स्वयं सरदार है। सिख फॉर जस्टिस (SFJ) का हेडक्वार्टर US में है। काफी समय पहले केंद्र सरकार इस संगठन को गैरकानूनी करार दे चुकी है। पन्नू भारत में नेताओं को धमकाने के साथ लाल किला पर तिरंगा लगाने जैसे कई घोषणाओं को लेकर विवादों में रह चुका है। इसके अलावा पन्नू विदेशों में भारत को तोड़कर अलग देश खालिस्तान बनाने के लिए रेफ्रेंडम भी करवाता रहता है। पंजाब में वह सरकारी इमारतों पर खालिस्तानी नारे लिखवाकर भी धमकी देता रहता है। उसके खिलाफ एनआईए में केस भी दर्ज है।
सिख समाज के समारोह में मिला खालिस्तानी समर्थक :
कुछ दिन पहले 18 दिसंबर को जबलपुर में सिख समाज के चल समारोह में रांझी के रहने वाला प्रभजोत सिंह ट्रैक्टर पर भिंडरावाले का फोटो लगाकर पहुंचा था। साथ ही, खालिस्तान समर्थक भिंडरावाले के गाने जुलूस में बजाए थे। इसके चलते पुलिस ने प्रभजोत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस ने प्रभजोत के खिलाफ धारा 153 (1) , 505 (1) के तहत मामला दर्ज किया था।
इसी गिरफ्तारी के मामले के चलते 24 दिसंबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया था। जिसमें जबलपुर में खालिस्तान के समर्थक प्रभजोत सिंह की गिरफ्तारी का विरोध किया था। इसे लेकर उसने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर जूता फेंकने की बात कही थी। एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने वीडियो की जांच केंद्रीय एजेंसियों के स्तर पर किए जाने की बात कही थी।
यह भी पढ़े :
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।