मध्यप्रदेश खेलों में भी बनेगा नंबर वन : शिवराज सिंह चौहान
मध्यप्रदेश खेलों में भी बनेगा नंबर वन : शिवराज सिंह चौहानRaj Express

मध्यप्रदेश खेलों में भी बनेगा नंबर वन : शिवराज सिंह चौहान

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों में मध्यप्रदेश लगातार आगे बढ़ रहा है। खेलो इंडिया यूथ गेम्स के आयोजन में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। बच्चों की प्रसन्नता खेलते समय अद्भुत होती है। खेल जिंदगी का अंग है।

भोपाल, मध्यप्रदेश। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में खेल के अनुरूप वातावरण बन रहा है। हर जिला, ब्लॉक और पंचायत स्तर पर खेल अधोसंरचना का विकास किया जा रहा है। प्रदेश में उत्कृष्ट खेल अधोसंरचना तो होगी ही, साथ ही खिलाड़ियों को खेल के लिये हर सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी और मध्यप्रदेश खेलों में भी नम्बर वन बनेगा।

श्री चौहान और केंद्रीय खेल और युवा मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर ने आज यहां रवीन्द्र भवन भोपाल में मध्यप्रदेश शिखर खेल अलंकरण समारोह में वर्ष 2020 की खेल प्रतिभाओं को सम्मानित किया। इस मौके पर मध्यप्रदेश में होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 के प्रतीक चिन्ह का अनावरण भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों में मध्यप्रदेश लगातार आगे बढ़ रहा है। खेलो इंडिया यूथ गेम्स के आयोजन में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। बच्चों की प्रसन्नता खेलते समय अद्भुत होती है। खेल जिंदगी का अंग है।

शिवराज सिंह, अनुराग ठाकुर एवं वीडी शर्मा
शिवराज सिंह, अनुराग ठाकुर एवं वीडी शर्माRaj Express

मुख्यमंत्री ने कहा कि ओलंपिक खेलों में पदक लाने वाले खिलाड़ियों को डीएसपी और डिप्टी कलेक्टर बनाया जाएगा। खेलो इण्डिया गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के लिये पाँच लाख रूपए प्रतिवर्ष दिए जाएंगे। मध्यप्रदेश के खिलाड़ी प्रतिस्पर्धा में डटकर मुकाबला कर मेडल लेकर आएं। उन्होंने कहा कि भोपाल के बरखेड़ा नाथू में अंतर्राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम निर्मित कर रहे हैं।

श्री चौहान और केंद्रीय मंत्री श्री ठाकुर ने वर्ष 2020 के राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को खेल अलंकरण पुरस्कारों से सम्मानित कर अवॉर्डियों की उपलब्धियों से समाहित स्मारिका का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने कन्या-पूजन कर समारोह का शुभारंभ किया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, किसान-कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री कमल पटेल, म.प्र. ओलंपिक संघ के अध्यक्ष रमेश मेंदोला, महासचिव मध्यप्रदेश बॉक्सिंग ओलंपिक संघ दिग्विजय सिंह तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित थे।

केन्द्रीय खेल मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि मध्यप्रदेश ने विगत दो दशकों में खेल के क्षेत्र में बहुत प्रगति की है। इसके लिये मुख्यमंत्री श्री चौहान बधाई के पात्र हैं। यहाँ उत्कृष्ट गुणवत्ता की खेल अधो-संरचना है।यहाँ का शूटिंग रेंज बहुत खूबसूरत है, 30 एकड़ में तैयार हॉर्स रेस सेंटर उम्दा है। जब किसी अन्य देश में हमारे खिलाड़ी पदक लेते हैं, तो हमारा राष्ट्र ध्वज फहराने के साथ ही राष्ट्रगान होता है। इससे देश का गौरव बढ़ता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश को पहली बार चेस ओलंपियाड के आयोजन का अवसर मिला है, जिसकी रिले टार्च उन्होंने लांच की।

श्री ठाकुर ने कहा कि देश को पहली बार थॉमस कप में वर्ष 2022 में गोल्ड मेडल मिला है। देश में एक हजार खेलो इण्डिया सेंटर खोले जा रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश का खेल बजट 4 करोड़ रूपये से 400 करोड़ रूपये तक कर दिया है।

स्वागत उद्बोधन में राज्य की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में प्रदेश खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। हमारे बच्चे सभी खेलों में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और अंतर्राष्ट्रीय स्तर से भी मेडल ला रहे हैं। खिलाड़ियों को प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ सुविधाएँ देने की कोशिश की जा रही है। खिलाड़ी अपना लक्ष्य हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन करें। खेलो इंडिया गेम्स 30 जनवरी को मध्यप्रदेश में शुरू होंगे। खेल मंत्री ने विक्रम और एकलव्य पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी है।

पुरस्कृत खिलाड़ियों में वर्ष 2020 का एकलव्य पुरस्कार सुषमा वर्मा को केनोइंग-क्याकिंग और तुषिता सिंह को सॉफ्ट टेनिस में दिया। स्पर्श खरे को बुशु खेल में एकलव्य पुरस्कार 2020 प्रदान किया गया। अर्जुन सिंह को घुड़सवारी खेल के लिए वर्ष 2020 का एकलव्य पुरस्कार दिया गया। सुनील डाबर को एथलेटिक्स में 2020 का एकलव्य पुरस्कार उनकी अनुपस्थिति में पिता जी को प्रदान किया गया। गोरांशी शर्मा (दिव्यांग) को बेडमिंटन में वर्ष 2020 का एकलव्य पुरस्कार दिया गया। राम मिलन यादव को सेलिंग में, अंकित शर्मा को फेंसिंग में, अनुराधा अहिरवार को तीरंदाजी में, पीति रजक को शूटिंग में, शशांक पटेल को ताइक्वांडो में, साधना सेंगर को हॉकी, ध्रुव राज कुर्रे को पावर लिफ्टिंग में एकलव्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

विश्वजीत सिंह कुशवाह को कैनो स्लॉल्म, सुनिधि चौहान को शूटिंग , निधि नन्हेर को कराटे, परिधि जोशी को घुड़सवारी, मंजू बावेरिया को बॉक्सिंग, एकता यादव को सेलिंग, विवेक सागर प्रसाद को हॉकी, हर्षवर्धन तोमर को बास्केटबॉल, पूजा मालवीय को मलखम्भ, प्राची यादव (दिव्यांग) केनोइन-कयाकिंग खेल के लिए विक्रम पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

वीरेन्द्र कुमार डवास को तैराकी/ पैरा एथेलेटिक्स में तिजपाल सिंह सलारिया को तीरंदाजी, डॉ. हबीब हसन को हॉकी में विश्वामित्र पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सुश्री वैष्णवी कहार को मलखम्भ खेल के लिए स्व. प्रभाष जोशी स्मृति खेल पुरस्कार दिया गया। अभय छजलानी को मध्यप्रदेश में खेलों के उत्थान के लिये लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार दिया गया।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com