इंदौर में BJYM कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद के बाद बड़ी कार्रवाई, भाजयुमो के मंत्री शुभेंद्र गौड़ को हटाया
इंदौर, मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद के बाद पार्टी ने बड़ी कार्रवाई की है। इंदौर में भाजपा युवा मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार की मौजूदगी में हुई मारपीट के बाद युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री शुभेंद्र गौड़ और नयन सोनी को हटा दिया है। दोनों पर यह अनुशासनात्मक कार्रवाई इंदौर में सौगात मिश्रा पर हमला करने के मामले में की गई है।
बता दें कि, मध्य प्रदेश के इंदौर में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष वैभव पंवार के सामने भाजयुमो के शहर अध्यक्ष सौगात मिश्रा पर इन लोगों ने हमला करते हुए पिटाई कर दी थी। अब युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद के इस मामले में शुभेंद्र गौड़ और नयन सोनी पर अनुशासनहीनता की यह कार्रवाई की गई है।
ये है मामला:
आपको बता दें कि, भारतीय जनता युवा मोर्चा की बैठक के बाद बीते दिन शनिवार को मोर्चा के दो गुट आपस में भिड़ गए थे। शहर अध्यक्ष सौगात मिश्रा ने मोर्चा के प्रदेश मंत्री शुभेंद्र गौड़ के पिता को लेकर अनर्गल टिप्पणी कर दी थी। इससे नाराज गौड़ और उनके गुट के कार्यकर्ताओं ने मिश्रा की बुरी तरह पिटाई कर दी। इस दौरान वहां मौजूद मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार का कुर्ता भी फाड़ दिया। विवाद की खबर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा तक भी पहुंची है। गौड़ भाजपा विधायक मालिनी गौड़ के भतीजे हैं।
जारी किया गया कारण बताओ नोटिस:
वहीं, घटना के बाद, पार्टी के नेतृत्व ने सभी शामिल व्यक्तियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया। 24 घंटे के भीतर उनके आचरण के लिए स्पष्टीकरण मांगा था। इंदौर में विवाद के दौरान प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार की उपस्थिति में भाजयुमो के नगर अध्यक्ष सौगत मिश्रा के साथ शुभेंदु गौर के समर्थकों ने अभद्र व्यवहार किया था।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।