मंत्रालय में बड़े प्रशासनिक फेरबदल की चर्चा
मंत्रालय में बड़े प्रशासनिक फेरबदल की चर्चा Rajexpress

MP News : चुनावी साल में तीन साल से अधिक समय से एक विभाग में पदस्थ प्रमुख सचिवों को बदलने की तैयारी

Major Administrative Reshuffle In The Ministry : प्रमुख सचिव आदिमजाति व अनुसूचित जाति कल्याण डा. पल्लवी जैन गोविल की विभाग के मंत्री मीना सिंह से लंबे समय से विवाद चल रहा है।

भोपाल, मध्यप्रदेश ( जगदीश द्विवेदी )। विधानसभा चुनाव के मद्देेनजर एक बार फिर मंत्रालय में बड़े प्रशासनिक फेरबदल की चर्चा शुरू हो गई है। मंत्रालय में आधा दर्जन से अधिक वरिष्ठ अधिकारी ऐसे हैं, जो एक विभाग में तीन साल से अधिक समय से जमें हुए हैे। इसमें कई अधिकारियों की मंत्रियों से पटरी नहीं बैठ रही है। मंत्रियों ने कई बार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलकर प्रमुख सचिव को बदलने का अनुरोध किया है। इस बीच केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य समर्थक एक मंत्री ने अपने प्रमुख सचिव से परेशान होकर सिंधिया को पत्र लिखकर प्रमुख सचिव को बदलने का अनुरोध किया है। सिंधिया ने वह पत्र मुख्यमंत्री सचिवालय को भेज दिया है। देखना है कि फेरबदल में प्रमुख सचिव का विभाग बदलता है या नहीं।

जानकारी के अनुसार अपर मुख्यसचिव स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा मोहम्मद सुलेमान तीन साल से अधिक समय से विभाग में है। सुलेमान को दो प्रमुख विभागों की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। चर्चा है कि उद्योग तथा मध्यम व लघु उद्योग विभाग में एसीएस स्तर के अधिकारी को पदस्थ किया जाएगा। प्रमुख सचिव वाणिज्यिक कर श्रीमती दीपाली रस्तोगी के पास महिला व बाल विकास विभाग का भी प्रभार है। लंबे अर्से बाद आबकारी विभाग की आय में कमी आई है। इसे देखते हुए प्रमुख सचिव वाणिज्यक कर को बदला जा सकता है। सूत्रों का कहना है कि प्रमुख सचिव उद्योग व औद्योगिक निवेश मनीष सिंह को वाणिज्यिक कर विभाग की कमान सौंपी जा सकती है।

श्रीमती रस्तोगी के पास प्रमुख सचिव महिला व बाल विकास का प्रभार रहने की उम्मीद है। आगामी विधानसभा चुनाव को दृष्टिगत विभाग की जिम्मेदारी काफी बढ़ गई है। लाडली बहना योजना का क्रियान्वयन महिला व बाल विकास विभाग द्वारा ही किया जाना है। प्रमुख सचिव आदिमजाति व अनुसूचित जाति कल्याण डा. पल्लवी जैन गोविल की विभाग के मंत्री मीना सिंह से लंबे समय से विवाद चल रहा है। सुश्री सिंह ने कई बार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से प्रमुख सचिव को बदलने का अनुरोध किया है।

प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा श्रीमती रश्मि अरूण शमी का विभाग में लंबा कार्यकाल हो चुका है। शमी का भी विभाग बदला जा सकता है। प्रमुख सचिव सामान्य प्रशासन श्रीमती दीप्ति गौड मुकर्जी का विभाग में कार्यकाल चार साल से अधिक हो गया है। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर श्रीमती मुकर्जी को अन्यत्र पदस्थ करने की चर्चा है। प्रमुख सचिव ऊर्जा संजय दुबे को भी दूसरे विभाग की जिम्मेदारी दी जा सकती है। आयुक्त नगर व ग्राम निवेश मुकेश गुप्ता ने मुख्यसचिव इकबाल सिंह बैंस से अन्यत्र पदस्थ करने का अनुरोध किया है। गुप्ता एक मात्र एेसे प्रमुख सचिव हैं, जिनके पास आयुक्त का भी प्रभार है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com