प्रियंका गांधी वाड्रा व कमलनाथ समेत इन नेताओं पर FIR दर्ज, कांग्रेस ने कहा- एफआईआर से भ्रष्टाचार नहीं छिपते
हाइलाइट्स :
एमपी की सियासत में 50% कमीशन का मुद्दा उठा
कांग्रेस ने बीजेपी सरकार पर 50 फीसदी कमीशन लेने का लगाया आरोप
इस मामले में प्रियंका गांधी व कमलनाथ समेत इन नेताओं पर FIR दर्ज
MP Politics: एमपी की सियासत में 50% कमीशन का मुद्दा फिर उठा है। ऐसे में इस मामले पर ट्वीट कर कांग्रेस नेता फंस गए हैं। एमपी की राजधानी भोपाल व इंदौर में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ, पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश व अरुण यादव, कांग्रेस नेत्री शोभा ओझा पर एफआईआर दर्ज की है।
मिली जानकारी के मुताबिक, भाजपा विधि प्रकोष्ठ के संयोजक निमेष पाठक की शिकायत पर भोपाल व इंदौर में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी समेत इन नेताओं और पत्र जारी करने वाले ज्ञानेंद्र अवस्थी के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। भोपाल क्राइम ब्रांच ने आइपीसी की धारा 469, 500, 501 के तहत मामला दर्ज किया, इंदौर के थाने की पुलिस ने धारा 420 और 469 के तहत धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
यह है पूरा मामला
दरअसल, एमपी की बीजेपी सरकार पर 50 फीसदी कमीशन लेने का आरोप लगाया गया, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट कर लिखा था कि, मध्य प्रदेश में ठेकेदारों के संघ ने हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर शिकायत की है कि प्रदेश में 50% कमीशन देने पर ही भुगतान मिलता है। कर्नाटक में भ्रष्ट BJP सरकार 40% कमीशन की वसूली करती थी। मध्य प्रदेश में BJP भ्रष्टाचार का अपना ही रिकॉर्ड तोड़कर आगे निकल गई है। कर्नाटक की जनता ने 40% कमीशन वाली सरकार को बाहर किया, अब मध्य प्रदेश की जनता 50% कमीशन वाली भाजपा सरकार को सत्ता से हटाएगी। प्रियंका गांधी के ट्वीट ने एमपी का सियासी पारा चढ़ा दिया है।
जिसके बाद से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के ट्वीट को लेकर भाजपा ने कांग्रेस के नेताओं पर जमकर हमला बोल रहे है। इधर बीजेपी नेताओं के बयान पर कांग्रेस ने पलटवार किया और कहा- मध्यप्रदेश की जनता एवं ठेकेदार मध्यप्रदेश की 50% कमीशन वाली सरकार से त्रस्त आ चुकी है, खुलेआम लूट मची हुई है। लेकिन जनता अब इसके खिलाफ खड़ी है, 50% कमीशनखोर शिवराज सरकार जा रही है, मध्यप्रदेश में कांग्रेस आ रही है!
एफआईआर से भ्रष्टाचार नहीं छिपते
MP कांग्रेस
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।