कैबिनेट बैठक के बाद बोले नरोत्तम मिश्रा- मील का पत्थर साबित होगा बजट, सभी वर्ग के हितों का रखा गया ध्यान
भोपाल, मध्य प्रदेश। CM शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में विधानसभा भवन स्थित समिति कक्ष में कैबिनेट की बैठक राष्ट्रीय गीत "वंदे मातरम्" के गायन के साथ शुरु हुई। इस कैबिनेट बैठक में क्या-क्या अहम निर्णय लिए गए। इस बारे में प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने जानकारी साझा की। कैबिनेट में बजट पर मुहर लगी।
यह बजट मील का पत्थर साबित होगा :
गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया- कैबिनेट की बैठक में बजट को मंजूरी प्रदान की गई है। अमृत काल में आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश बनाने के लिए, आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की कल्पना को साकार करने के लिए यह बजट निश्चित रूप से सारगर्भित होगा। प्रदेश की जनता के जीवन स्तर में यह बजट निश्चित रूप से बदलाव लाएगा। बजट में सभी वर्ग के हितों का ध्यान रखा गया है। गांव, गरीब, किसान, महिलाओं के कल्याण का विशेष ध्यान रखा गया है। यह बजट मील का पत्थर साबित होगा।
तो वहीं, मध्यप्रदेश के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा- यह बजट उन्नत, आत्मनिर्भर, विकसित और समृद्धशाली मध्य प्रदेश का आधार बनने जा रहा है। इसके लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में एक आदर्श बजट प्रस्तुत होगा। इसके लिए सारी तैयारियां पूरी हो गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में विधानसभा समिति कक्ष क्रमांक एक में मंत्री परिषद की बैठक वंदे मातरम गान के साथ आरंभ हुई। इसमें बजट को औपचारिक मंजूरी दी गई।
बता दें कि, मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार का इस साल पेश होने वाला पेपरलेस बजट बहुत खास माना जा रहा है,यह बजट शिवराज सरकार के इस कार्यकाल का आखिरी बजट है, जिसे कुछ ही समय बाद आज बुधवार को मध्य प्रदेश विधानसभा में वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा पेश करेंगे। तो वहीं, इससे पहले शिवराज सरकार के मंत्रियों का दावा है कि, इस बार बजट में सभी वर्गों का ध्यान रखा जाएगा और यह बजट जन कल्याणकारी होगा।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।