One Plant A Day: इंदौर में रेसीडेंसी कोठी गार्डन में सीएम शिवराज ने लगाया "रूद्राक्ष का पौधा"
इंदौर, मध्यप्रदेश। नर्मदा जयंती-19 फरवरी 2021 से एमपी के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान निरंतर प्रतिदिन पौधा लगाते आ रहे हैं। इसी कड़ी में आज मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सुबह इंदौर में रेसीडेंसी कोठी गार्डन में रूद्राक्ष का पौधा लगाया। इस मौके पर कलेक्टर इंदौर टी इलैया राजा और पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
सीएम शिवराज ने किया ट्वीट :
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर लिखा- पुष्पिताः फलवन्तश्च तर्पयन्तीह मानवान्। वृक्षदं पुत्रवत् वृक्षास्तारयन्ति परत्र च॥ आज इंदौर में हमारे प्रवासी भारतीय भाई-बहनों के साथ विशेष रूप से बनाए गए गार्डन में पौधरोपण किया। यह गार्डन PBD Indore की स्मृतियों को अक्षुण्ण बनाए रखेगा।
रूद्राक्ष के वृक्ष का महत्व बताते हुए CM ने कहा-
रुद्राक्ष आस्था का प्रतीक है और पवित्र वृक्ष माना जाता है। इसके फल की मालाएं भी धारण की जाती हैं। ऐसा जन विश्वास है कि रुद्राक्ष की उत्पत्ति भगवान शंकर के नेत्रों के जलबिंदु से हुई। रुद्राक्ष शिव का वरदान है, जो संसार के भौतिक दु:खों को दूर करने के लिए प्रभु शंकर ने प्रकट किया। रुद्राक्ष धारण करने से सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। रुद्राक्ष मंत्र-जाप के लिए भी पहने जाते हैं। इसके बीज मुख्य रूप से भारत और नेपाल में आभूषणों और माला के रूप में उपयोग किए जाते हैं।
रुद्राक्ष मुख्य रूप से हिमालय के प्रदेशों में पाए जाते हैं।
असम, मध्यप्रदेश, उत्तरांचल, अरूणांचल प्रदेश, बंगाल, हरिद्वार, गढ़वाल और देहरादून के जंगलों में भी पर्याप्त मात्रा में रुद्राक्ष पाए जाते हैं।
गंगोत्री और यमुनोत्री क्षेत्र में भी रुद्राक्ष मिलते हैं।
बता दें, सीएम शिवराज प्रतिदिन पौधारोपण के संकल्प को भी जारी रखे हुए हैं, वैसे तो सीएम ने एक साल के लिए संकल्प लिया था पर ओर यह अवधि मार्च महीने में ही पूरी हो गई थी, परंतु प्रकृति के प्रति समर्पण भाव से वे आज भी रोज पौधे लगा रहे हैं। उनके द्वारा पर्यावरण संरक्षण की गतिविधियों में जन भागीदारी को प्रोत्साहित करने और जनसामान्य को पौधरोपण की गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से प्रतिदिन पौधरोपण किया जा रहा हैं।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।